बुधनी के पास भीषण सड़क हादसे में 4 की मौत,14 हुए घायल,बाइक से टकराकर एक मोड़ पर पलटी बस

2379

बुधनी के पास भीषण सड़क हादसे में 4 की मौत,14 हुए घायल,बाइक से टकराकर एक मोड़ पर पलटी बस

*संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट*

बुधनी/नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के समीपस्थ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के पूर्व विधानसभा क्षेत्र बुधनी के ग्राम परसवाड़ा में आज शाम को एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों में दो महिलाएं हैं। 14 यात्री घायल हैं। इनमें से चार को नर्मदापुरम रेफर किया गया है। दुर्घटना शाहगंज के पास शाम करीब 6:30 बजे हुई है। बस भोपाल से बकतरा जा रही थी, तभी शाहगंज के ग्राम परसवाड़ा के पास एक मोड़ पर एक तेज रफ्तार बाइक से टकराकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की भी मौके पर मौत हो गई। बस पलटने के बाद दो महिलाएं इसके नीचे दब गई थी। उनकी भी मौत हो गई। बुधनी बीएमओ रामहित कुमार ने बताया कि दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई। है। चारों के शव पीएम के लिए भेज दिए गए हैं। दुर्घटना के बाद घायलों को पांच एंबुलेंस से बुधनी अस्पताल लाया गया। सात को ज्यादा चोट लगी थी। इनमें से चार को नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में से एक का हाथ टूट गया है। एक के चेहरे में चोट लगी है, सभी का उपचार जारी हैं। शाहगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची है। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को नर्मदापुरम रेफर किया गया है।

IMG 20240612 WA0122

बस में यात्रा कर रहे बिहार के मोतिहारी में रहने वाले भूपेंद्र कुमार साहनी ने बताया कि हम 9 यात्री भोपाल से बकतरा जा रहे थे। बस में करीब 35-40 लोग सवार थे। एक मोड़ पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार सामने से आ गया। वह आकर सीधा बस से टकरा गया। बाइक बस के पहिए के नीचे आ गई। बाइक सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। बाइक को टक्कर मारने के बाद बस भी इसी मोड़ पर पलट गई।

सभी यात्री बस के नीचे दब गए। बस सवार दो महिलाएं बस के नीचे दब गई थी। हम लोगों ने उन्हें निकाला। करीब 15 लोग घायल हुए हैं। हमारे साथ के तीन लोगों को ज्यादा चोट आई है। मेरे घुटने, पीठ व हाथ में चोट आई है। मेरे साथी पप्पू कुमार, मोना आलम भी घायल हुए हैं। उनके भी सीने पैर व हाथों में चोट आई है। हमारे छह साथियों को हल्की चोट आई है। हादसे के करीब 10-15 मिनट बाद पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। हमें बुधनी लाए। वहां से हमारे दो साथियों को नर्मदापुरम रेफर कर दिया है।