लोकसभा चुनाव से पहले आयाराम गयाराम का सिलसिला है जारी… भाजपा और कांग्रेस की तीसरी सूचियां जारी

209

लोकसभा चुनाव से पहले आयाराम गयाराम का सिलसिला है जारी… भाजपा और कांग्रेस की तीसरी सूचियां जारी

 

गोपेन्द्र नाथ भट्ट की विशेष रिपोर्ट 

 

कांग्रेस और भाजपा ने गुरुवार को अपनी तीसरी सूचियां जारी की। भाजपा ने अपनी तीसरी सूची में तमिलनाडु के 9 उम्मीदवार घोषित किए है। वहीं कांग्रेस ने भी 57 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की है जिसमें पांच उम्मीदवार राजस्थान के भी शामिल हैं। कांग्रेस ने राजस्थान में जयपुर शहर की लोकसभा सीट पर सुनील शर्मा, श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ सीट पर कुलदीप इंदौरा ,झालावाड़ बांरा सीट पर उर्मिला जैन भाया,बाडमेर जैसलमेर के लिए रालोपा से कांग्रेस में शामिल हुए उम्मेदा राम बेनीवाल और पाली लोकसभा सीट पर संगीता बेनीवाल का नाम घोषित किया है। 19 अप्रेल को होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए अभी भी चार सीटों जयपुर ग्रामीण, नागौर,दौसा, करौली धौलपुर के लिए उम्मीदवारों की घोषणा बाकी हैं।

 

गुरुवार को देश और राजस्थान की राजनीति में कुछ और बड़ी घटनाएं घटित हुई। एक ओर जहां दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से ईडी की पूछताछ से मचा हंगामा तथा कांग्रेस द्वारा उनके बैंक खाते सीज करने के आरोप के साथ सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की एआईसीसी में हुई प्रेस वार्ता चर्चा का विषय रहा। वहीं दूसरी ओर राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र के एक बड़े गुर्जर भाजपा नेता और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने अरुण सिंह को हटा कर राजस्थान के लिए विनय सहस्त्रबुद्धे को नया प्रदेश प्रभारी बना दिया।

 

जयपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित एक बड़ी प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में प्रहलाद गुंजल को पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। हालांकि इस मौके पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और गहलोत के खास पूर्व मंत्री शांति कुमार धारीवाल की गैर हाजरी चर्चा का विषय रही

 

बताया जाता है कि प्रहलाद गुंजल पिछले कुछ समय से भाजपा से नाराज चल रहे थे। उन्हें भाजपा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का विरोधी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का समर्थक माना जाता था। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद अब उन्हें कोटा बूंदी लोकसभा सीट पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस का टिकट दिया जाना तय माना जा रहा है।

 

इस मौके पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी के राज में ईडी और सीबीआई जैसी सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि गुंजल जैसे नेता पार्टी छोड़ कर आएंगे तो देश में एक अलग प्रकार का संदेश जाएगा। पीसीसी अध्यक्ष डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी में चापलूसों की जरूरत है। हमने सबसे चर्चा कर आम सहमति से निर्णय लिया गया है। पार्टी हाई कमान को प्रस्ताव भेज कर तथा उनसे अनुमति लेकर प्रहलाद गुंजल जैसे जानदार और शानदार किसान नेता को पार्टी में शामिल किया गया है।

 

इस मौके पर प्रहलाद गुंजल भी अपना दर्द नही छुपा पाए । उन्होंने कहा कि मैं भाजपा का 40 साल पुराना कार्यकर्ता रहा। एक साधारण कार्यकर्ता से संघर्ष करते हुए दो बार विधायक भी बना, लेकिन आज भाजपा अपने सिद्धांतों से भटक गई है। गुंजल ने कहा कि सत्ता के दम पर आम आदमी की आवाज दबा देना गलत है।

 

लोकसभा आम चुनाव से पहले विभिन्न दलों के नेताओं का एक दूसरे की पार्टी में शामिल होने का सिलसला अभी रुक नही रहा है और ज्यो ज्यो चुनाव की टिकटों का ऐलान हो रहा है असंतुष्ट नेता अपना दल छोड़ कर दूसरे दल में शामिल हो रहे है। हालांकि राजस्थान में कांग्रेस छोड़ भाजपा में मिलने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक है और पिछले दिनों कांग्रेस के कई बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी निष्ठा बदली है। विशेष कर दिग्गज आदिवासी नेता महेंद्रजीत सिंह मालविया का नाम इसमें सबसे ऊपर है लेकिन कांग्रेस भी भाजपा के कुछ बड़े नेताओं को मिला कर हिसाब चूकता करने का प्रयास में जुटी हुई है। पिछले दिनों भाजपा के चुरु के सांसद राहुल कसवां ने अपनी टिकट कटने तथा प्रतिपक्ष के पूर्व नेता राजेंद्र राठौड़ से अदावत के चलते भाजपा छोड़ कांग्रेस ज्वॉइन की तथा कांग्रेस ने भी हाथों हाथ उन्हे चुरू से ही कांग्रेस प्रत्याशी घोषित कर दिया जहां उनका मुकाबला भाजपा द्वारा घोषित उम्मीदवार पेरा ओलम्पियन देवेंद्र झाझरियां से होगा।

 

इधर प्रहलाद गुंजल जब जयपुर में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर रहे थे। वही दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी कोटा के दौरे पर रहें। दोनों नेता लोकसभा चुनाव से पहले पूरे राजस्थान का दौरा करने में जुटे हुए है तथा लोकसभा क्षेत्र वार क्लस्टर बैठकों में जाकर लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के पक्ष में वातावरण बनाने और राज्य में भाजपा की लगातार तीसरी विजय तथा हैट्रिक बनाने हेतु राजस्थान में मिशन 25 के लक्ष्य को साधने का प्रयास कर रहे है। मुख्यमंत्री शर्मा ने गुरुवार को कोटा में कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार ने राजस्थान में 3 माह में ही 45 फीसदी वादे पूरे कर दिए हैं। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस की ऐसी दयनीय हालात है कि कोई बड़ा नेता लोकसभा चुनाव लडने के लिए तैयार नही हो रहा।वहां बड़े-बड़े नेता खुद के टिकट उड़वाने की जुगत लगा रहे हैं।

 

लोकसभा चुनाव के मध्य भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने 3 राज्यों के लिए अपने नए प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्तियां की है। भाजपा ने राजस्थान के लिए जहां मध्य प्रदेश के विनय सहस्त्रबुद्धे को प्रभारी बनाया है, वहीं पश्चिम दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा और वर्तमान में राजस्थान में सक्रिय राष्ट्रीय मंत्री विजया रहाटकर को सह प्रभारी बनाया है। हरियाणा के लिए राजस्थान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनियां को प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर को सह प्रभारी नियुक्त किया है। इसी प्रकार आंध्र प्रदेश के लिए अब तक राजस्थान का प्रभार देख रहें राष्ट्रीय महासचिव सांसद अरुण सिंह को प्रभारी और यूपी के पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है।

 

लोकसभा का चुनाव अब लगभग कुछ ही दिन दूर है। सात चरणों में होने वाले इस आम चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार को नामांकन भरने का दूसरा दिन था। राजस्थान में 27 नामांकन पत्र भी दाखिल हुए है। विभिन्न राजनीतिक दल अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की सूचियां जारी कर रहें है लेकिन अभी तक पहले चरण में होने वाले चुनाव के लिए अपने सभी प्रत्याक्षियों के नामों की घोषणा नही कर पाए है।

भाजपा और कांग्रेस ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की लेकिन भाजपा की सूची में घोषित सभी 9 उम्मीदवार तमिलनाडु के हैं। भाजपा की सूची में राजस्थान सहित उत्तर भारत के एक भी उम्मीदवार का नाम नही है। तीसरी सूची को मिला कर भाजपा देश भर में अब तक 276 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। भाजपा की सूची में तमिलनाडु के कोयंबटूर से के अन्नामलाई को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है,वहीं चेन्नई साउथ से तमिलिसाई सुंदरराजन , चेन्नई सेंट्रल से विनोज पी सेल्वम , वेल्लोर से ए सी षणमुगम , कृष्णागिरी सीट से सी नरसिम्हन और कन्याकुमारी से पी राधाकृष्णन को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है।उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में लोकसभा की कुल 39 सीटें हैं, इनमें से भाजपा ने चुनाव पूर्व एलायंस के अंतर्गत 10 सीटे पीएमके को दी हैं।

 

लोकसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी की है।इसमें अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की 57 सीटों पर उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है । कांग्रेस ने राजस्थान में जयपुर शहर की लोकसभा सीट पर सुनील शर्मा, श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ सीट पर कुलदीप इंदौरा ,झालावाड़ बांरा सीट पर उर्मिला जैन भाया,बाडमेर जैसलमेर के लिए रालोपा से कांग्रेस में शामिल हुए उम्मेदा राम बेनीवाल और पाली लोकसभा सीट पर संगीता बेनीवाल का नाम घोषित किया है। पहले चरण की सीटों में अभी भी चार सीटों जयपुर ग्रामीण, नागौर,दौसा, करौली धौलपुर के लिए उम्मीदवारों की घोषणा बाकी हैं।

 

 

भाजपा की गुरुवार को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक अब टल गई है। इस प्रकार राजस्थान की सूची भी शनिवार तक टल गई लगता है। भाजपा की राजस्थान के उम्मीदवारों की सूची जारी होने के कारण कांग्रेस की शेष सूचियां भी अटक गई है। लगता है दोनों प्रमुख पार्टियां एक दूसरे के उम्मीदवार का इंतजार कर रही है ताकि वे जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों को साध कर चुनावी रणनीति के लिए आगे बढ़ सकें।

 

अब यह देखना बहुत दिलचस्प रहेगा कि होली के रंग बिरंगे रंगों के मध्य किन नेताओं की होली बहुरंगी रहेंगी और किन नेताओं की होली सुखी रहेंगी?

————