Accusation of Atrocities on Tribals : मुख्यमंत्री ब्रांडिंग में लगे, प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार का आरोप!

नेता प्रतिपक्ष ने कहा 'किसी भरोसेमंद नेता को दे देना चाहिए गृह विभाग!

413

Accusation of Atrocities on Tribals : मुख्यमंत्री ब्रांडिंग में लगे, प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार का आरोप!

Bhopal : नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कानून व्यवस्था को लेकर सीएम मोहन यादव को घेरा है। सीधी में आदिवासी छात्राओं के साथ हुए रेप के बाद प्रदेश में सियासत तेज है। विपक्ष सरकार पर हमलावर है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में दलित-आदिवासी वर्ग पर अत्याचार नहीं रुक रहे। जबकि, मुख्यमंत्री अपनी ब्रांडिंग में लगे हैं। दो चीजें एक साथ नहीं चल सकती है, ऐसे में मुख्यमंत्री को गृह मंत्रालय अपने किसी भरोसेमंद को दे देना चाहिए।

उमंग सिंघार ने कहा कि ये जितनी भी बातें हैं ये मध्य प्रदेश और आदिवासी सुरक्षा से संबंधित हैं। चाहे दलित की सुरक्षा हो या आदिवासी वर्ग की। या सीधी में आदिवासी बच्चियों के साथ हुई घटना हो। नर्मदापुरम में रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है। खुद भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ने सीहोर कलेक्टर, माइनिंग अधिकारी को चूड़ियां भेंट की हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सीएम अपनी ब्रांडिंग में लगे हैं। वे लालू यादव और अखिलेश यादव से बड़े नेता बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री यूपी, बिहार घूमकर ब्रांडिंग कर लें या प्रदेश की कानून व्यवस्था को देख लें। दोनों चीजें एक साथ नहीं हो सकती। मेरी मुख्यमंत्री को सलाह है कि गृह विभाग अपने विश्वसनीय को दे देना चाहिए। जिससे प्रदेश में व्यवस्थाएं कानूनी रूप से ठीक रहें। लेकिन, मुझे लगता है कि मुख्यमंत्री जी सब चीजें अपने हाथ में ही रखना चाहते हैं। कानून का डंडा भी रखना चाहते हैं, ब्रांडिंग भी करना चाहते हैं। दोनों चीजें एक साथ कैसे होगी।