तूफानी रोड शो के बाद बोले सी एम मोहन यादव- देश का बंटवारा कर कांग्रेस ने किया महापाप

                                                                       5 किलोमीटर लंबे रोड शो में हजारों नागरिकों ने पुष्‍प वर्षा की, जनसभा में बोले देश में आज जमकर कमल खिला है, पूरा देश मोदी जी के साथ है,विधायक डॉ सीतासरन शर्मा के मार्गदर्शन और नपा अध्‍यक्ष पंकज चौरे के नेतृत्‍व में हुआ जानदार रोड शो

2045

तूफानी रोड शो के बाद बोले सी एम मोहन यादव- देश का बंटवारा कर कांग्रेस ने किया महापाप

*संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की विशेष रपट*

इटारसी। मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इटारसी में भारतीय जनता पार्टी प्रत्‍याशी दर्शन सिंह चौधरी के पक्ष में एक बड़ा रोड शो कर फिर जयस्‍तंभ चौक पर रथ मंच से ही एक जनसभा को संबोधित किया। मुख्‍यमंत्री का हेलीकाप्‍टर केंद्रीय परीक्षण संस्‍थान (सीपीई) में उतरा। रोड शो सीपीई खेडापति मंदिर मुख्‍य मार्ग से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्‍न रास्‍तों से होकर 5 किलोमीटर का सफर करते हुए जयस्‍तंभ पहुंचा। रोड शो के दौरान करीब तीन दर्जन भर से अधिक जगह पर जोरदार स्वागत किया गया और फूलों से बिछ गईं सड़कें। घरों की खिड़कियों और गैलरी से लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। रोड शो में सीएम डा यादव के साथ परिवहन एवं स्‍कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, राज्‍य मंत्री नरेंद्र पटेल, विधायक नर्मदापुरम एवं पूर्व विधानसभा अध्‍यक्ष डॉ सीतासरन शर्मा, भाजपा प्रत्‍याशी दर्शन सिंह चौधरी, भाजपा जिला अध्‍यक्ष माधवदास अग्रवाल, सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, नगरपालिका अध्‍यक्ष पंकज चौरे, नगरपालिका अध्‍यक्ष नर्मदापुरम श्रीमती नीतू महेंद्र यादव सहित अन्‍य मौजूद थे। जिला महामंत्री मुकेशचंद्र मैना, लोकसभा चुनाव संयोजक संदेश पुरोहित, विधानसभा संयोजक विश्वनाथ सिंघल,राजो मालवीय, मप्र तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, भाजपा पिछडा वर्ग मोर्चा जिला अध्‍यक्ष जयकिशोर चौधरी सहित सभी प्रमुख स्थानीय भाजपा नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां सभा को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रथ रूपी वाहन से भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी के पक्ष में जनता से आर्शीवाद मांगते हुए युवाओं, महिलाओं एवं सर्व समाज की जनता से कहा कि समग्र विकास हेतु और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मतदान अवश्य करें। सभा को परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप, विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने भी संबोधित किया अंत में भाजपा प्रत्‍याशी दर्शन सिंह चौधरी ने जनता और मुख्‍यमंत्री का आभार जताया।

WhatsApp Image 2024 04 19 at 10.22.00 PM

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि रामनवमी पर जब भगवान सूर्य ने श्रीराम का सूर्य तिलक किया तो कांग्रेस के सीने पर सांप लोट गए। मुख्‍यमंत्री ने जय जय श्री राम, भारत माता के जयकारे से अपने भाषण की शुरुआत की। उन्‍होंने सभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा, जिस भारत देश को मुगल और अंग्रेज तोड़ नहीं पाए, वह महापाप कांग्रेस ने सत्‍ता में आने के लिए देश का बंटवारा कर किया है। सीएम डॉ यादव ने कहा कांग्रेस ने देशभक्‍तों को भरोसे में रखा।कहा कि देश को अंग्रेजों से लेंगे लेकिन दुर्भाग्‍य से कहना पड रहा है कि अंग्रेज बाद में गए देश का बंटवारा पहले ही कांग्रेस ने कर दिया। सीएम डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस ने कहा था जो जहां था वहीं रहना, जब इच्‍छा हो वापस आ जाना। हम तुम्‍हारा पलक पांवडे बिछाकर स्‍वागत करेंगे। लेकिन जो वापस आए उन्‍हें नागरिकता नहीं दी। अब हम नागरिकता दे रहे हैं तो इन्‍हें दिक्कत हो रही है। जो लोग धर्म के नाम पर वहां प्रताड़ित किए गए थे, उन्हें मोदी जी भारत की नागरिकता दे रहे है। इसका विरोध भी कांग्रेस पार्टी कर रही है। जो हिन्दुओं, सिक्खों और अन्य धर्म के लोगों के साथ अन्याय है। इसका जवाब आप सभी को मोदी जी को वोट देकर करना है। डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर निर्माण में अडंगे लगाए। उन्‍होंने कहा कि सरकार में दम होता है, सुप्रीम कोर्ट ने तो पहले भी फैसला किया था तीन तलाक खत्‍म करने का। लेकिन राजीव गांधी की सरकार ने उसे संसद में पलट दिया था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सु्प्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भगवान श्री राम का भव्‍य मंदिर निर्माण कराया। हमनें राम नवमी को देखा कि कैसे भगवान सूर्य नारायण ने श्रीराम का सूर्य तिलक किया। हमारा तो जीवन धन्‍य हो गया। पूरा देश आनंद में डूबा था लेकिन यह देखकर किसी की छाती पर सांप घूमा, किसी को कष्‍ट हुआ तो वह कांग्रेस है। वह हाय रे वोट, हाय रे वोट करती रही। लेकिन सारे वोट चले गए। डॉ यादव ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी की आंधी चल रही है, आंधी।

IMG 20240419 WA0108

उन्‍होंने जनता से कहा जो देश और देश की धडकन के साथ चलेगा, जो सनातन धर्म और संस्‍कृति की रक्षा करेगा, जो देश की सेनाओं की हिम्‍मत बढाएगा, जो किसान को सम्‍मान देगा, जो गरीब को पक्‍का मकान देगा, जो हर घर नल जल देगा, भारत को नम्‍बर वन करेगा। ऐसे नेता सिर्फ नरेंद्र मोदी है। उन्‍होंने आज देश भर में हुए पहले चरण के चुनाव पर कहा कि आज उन सभी क्षेत्रों में अर्थात 102 कमल खिले हैं, देश की जनता ने भरपूर समर्थन दिया है। उन्‍होंने कहा कि यह नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व वाला भारत है, पाकिस्‍तान को घर में घुसकर मारता है। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूरे देश में मोदी लहर चल रही है। मैं आज टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहों, सोहागपुर होकर इटारसी पहुंचा हूं। हर जगह मतदाताओं का रुझान भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिखा है। छिंदवाड़ा की क्या स्थिति रहेगी, यह सवाल टालते हुए डॉ. मोहन यादव आगे निकलकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने चले गये। मुख्यमंत्री ने कहा कि तूफान का मौसम है,जिसमें दम है, वही बचेगा और बाकी पत्ते की तरह उड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि केवल दस वर्ष का समय नरेन्द्र मोदी को मिला है और इन दस वर्ष में धारा 370 जैसी बीमारी को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि इटारसी में देश के चारों ओर से ट्रेन आती हैं और यहां खबरें आ रही है कि पूरे देश में मोदी लहर है और भाजपा तेजी से बढ़ रही है। सभा को प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने भी संबोधित किया। सभा में सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, नर्मदापुरम नगर पालिका अध्यक्ष नीतू महेन्द्र यादव सहित लोकसभा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी भी मौजूद रहे।

    *अर्जुन भोला, अमनकीत सिंह हुए भाजपा के*

मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान कांग्रेस के युवा नेता अर्जुन भोला और अमनकीत सिंघ भाटिया ने सीएम मोहन यादव का स्वागत किया। सीएम प्रचार रथ से नीचे आए और युवाओं के मंच पर पहुंचकर उनके गलों में भारतीय जनता पार्टी का गमछा डालकर पार्टी में शामिल किया। इस दौरान अन्य कांग्रेसी युवाओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

*कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी सी एम ने फूल फैके*               

जिस रूट पर मुख्यमंत्री का रोड शो था, वहां पहली लाइन में कांग्रेस का चुनाव कार्यालय भी है। जब मुख्यमंत्री का काफिला कांग्रेस के चुनाव कार्यालय के सामने से गुजर रहा था तो कुछ युवा कांग्रेसी बाहर आकर पार्टी का झंडा लहरा रहे थे, मुख्यमंत्री ने भी उनके ऊपर फूल फेंककर मुस्कुराते हुए उनका अभिवादन किया।

WhatsApp Image 2024 04 19 at 10.23.23 PM

*तीन दर्जन स्‍थानों पर हुआ भव्‍य स्‍वागत-*

मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव का भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा शहर के विभिन्‍न सामाजिक संगठनों, नागरिकों ने तीन दर्जन से अधिक स्‍थानों पर भव्‍य स्‍वागत किया। उनके ऊपर पुष्‍प वर्षा कर उनका स्‍वागत किया गया।

*पांच जेसीबी से पुष्‍प वर्षा कर किया स्‍वागत-* 

मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव का स्‍वागत करने के लिए विशेष रूप से 5 जेसीबी बुलाई गई थीं। जेसीबी पर कार्यकर्ताओं ने चढकर मुख्‍यमंत्री सहित सभी नेताओं पर पुष्‍प वर्षा की। जेसीबी के पंजे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव के 10 फीट हाईट के पोस्‍टर लगाए गए थे, जो कि आकर्षण का केंद्र रहे।

*रोड शो में ही भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता-* 

मुख्‍यमंत्री के रोड शो के दौरान युवा कांग्रेस नेता अर्जुन भोला, अमनकीत सिंह सहित एक दर्जन कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। सराफा बाजार में रोड शो के दौरान अर्जुन भोला ने सदस्‍यता ग्रहण की।

*नगरपालिका अध्‍यक्ष पंकज चौरे के माइक्रो मैनेजमेंट से सफल हुआ रोड शो-*

नगरपालिका अध्‍यक्ष पंकज चौरे के शानदार माइक्रो मैनेजमेंट, टीम वर्क से मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव का भाजपा प्रत्‍याशी दर्शन सिंह चौधरी के पक्ष में किया गया रोड शो बेहद सफल रहा। विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने रोड शो की जिम्‍मेदारी जब से नपाध्‍यक्ष श्री चौरे को दी, उन्‍होंने पूरी ताकत इसमें झोंक दी। 48 घंटे लगातार कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संपर्क कर, पूरी रणनीति बनाकर काम किया। इसी का नतीजा रहा कि शहर की जनता ने मुख्‍यमंत्री के स्‍वागत के लिए सडक पर फूल बिछा दिए, आसमान से पुष्‍प वर्षा की। हर वर्ग का व्‍यक्ति इस रोड शो में शामिल हुआ और भाजपा को आशीर्वाद दिया। *सोहागपुर में भी हुई जनसभा* इटारसी आने के पूर्व सी एम मोहन यादव ने सोहागपुर में भी एक जनसभा को संबोधित किया।