Animal Exchange : 5 बाघ, 5 शेर, 8 घड़ियाल और लोमड़ी का जोड़ा जामनगर रवाना! 

'सेंट्रल जू अथॉरिटी' के निर्धारित मापदंडों के आधार पर यह कदम उठाया गया!

406

Animal Exchange : 5 बाघ, 5 शेर, 8 घड़ियाल और लोमड़ी का जोड़ा जामनगर रवाना! 

Indore : एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय से पांच शेर, पांच टाइगर, आठ घड़ियाल और एक जोड़ी लोमड़ी जामनगर रवाना की गई। इन्हें ग्रीन जूलाजिकल गार्डन जामनगर की 25 सदस्यीय टीम तीन विशेष एनिमल एंबुलेंस से लेकर रवाना हुई। इनके साथ वेटरनरी डाक्टरों का विशेष दल भी था।

इसके साथ ही नए दुर्लभ प्रजातियों के पक्षी, बंदर और एनाकोंडा सहित कई प्रजातियों के सांपों के आने का रास्ता भी खुल गया। आने वाले दिनों में चिड़ियाघर में 60 प्रजातियों के 150 पक्षी, बंदर और सांप देख सकेंगे। जामनगर को बाघ, शेर और घड़ियाल देने के बाद भी स्थानीय चिड़ियाघर में 9 टाइगर, 5 शेर और 30 घड़ियाल मौजूद हैं।

चिड़ियाघर प्रभारी उत्तम यादव के मुताबिक, यह कदम सेंट्रल जू अथॉरिटी के तय मापदंडों के आधार पर उठाया गया है। यहां बाघ और शेरों की संख्या अधिक होने से इनकी ब्रीडिंग की संभावना और अधिक बढ़ गई। इसके चलते सीजेए ने शेर और बाघों को अन्य चिड़ियाघरों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे। हमने एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत इन्हें जामनगर को दे दिया।

IMG 20230118 WA0008

इनके बदले में अब हमें विदेशी प्रजातियों के कई पक्षियों के अलावा चार प्रजाति के बंदर और एनाकोंडा सहित कई प्रजातियों के सांप भी मिलेंगे। इनके रखरखाव की व्यवस्था शुरू कर दी है। करीब 15 दिन बाद इनके आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया के अनुसार वन्य प्राणी के आदान-प्रदान से आने वाले समय में दर्शक और अधिक पक्षी और जानवरों को देख सकेंगे।

चार शावकों को जन्म

जहां एक ओर शेरों और बाघों को जामनगर भेजने की तैयारी की जा रही थी वहीं सफेद बाघिन रागिनी ने अपने सेल में चार शावकों को जन्म दिया। इसके बाद वहां कर्मचारियों की आवाजाही बंद कर दी गई। अब टाइगरों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इन शावकों को जन्म से चिड़ियाघर के कर्मचारियों में उल्लास छा गया है। शावकों के रंग की जानकारी अभी एक दो दिन में मिल पाएगी। इससे पहले भी रागिनी ने तीन शावकों को जन्म दिया था।