भाजपा ने प्रदेश का किया सत्यानाश,विकास नहीं सरकारी यात्रा निकाली बोले कमलनाथ

4127

भाजपा ने प्रदेश का किया सत्यानाश,विकास नहीं सरकारी यात्रा निकाली बोले कमलनाथ

संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

बनखेड़ी,नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के जिन 53 हजार किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस सरकार ने की थी उसे पुनः इस बार प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर हम अवश्य प्राथमिकता से पूरी करेंगे। जिसे भाजपा सरकार ने रोक रखा है। अन्य कांग्रेस शासित राज्यों की तरह 500 रूपए में गैस सिलेंडर देंगे। माताओं, बहनों को 1500 रूपए मासिक की सहयोग निधि भी दी जाएगी। उक्त उदगार आज बनखेड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने एक जनसभा में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पिपरिया विधानसभा क्षेत्र में गुंडाराज चल रहा है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है।

WhatsApp Image 2023 04 05 at 5.01.14 PM

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र में मेरे क्षेत्र से सटा हुआ है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही हम आपकी बहुप्रतीक्षित मांग झिरपा बनखेड़ी सड़क का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराएंगे पर इसके लिए इस बार आप सबको इस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी को जनादेश देकर जिताना होगा। आज अपने भाषण से कमलनाथ ने कांग्रेस में जान फूंकने की भरपूर कोशिश की। ज्ञात रहे कि पिपरिया विधानसभा की सीमा में 25 वर्षों से कांग्रेस का विधायक नहीं जीत पाया है। इसके पहले छिंदवाड़ा में जब पिपरिया के कार्यकर्ता मिलने पहुंचे थे तब भी कमल नाथ ने यह दुख व्यक्त किया था। तब मीडिया में प्रसारित एक वीडियो में कमलनाथ यह कहते दिखाई दे रहे थे कि मुझे बुरा लगता है कि जब शीर्ष नेतृत्व पूछता है कि पिपरिया क्यों हारते है। उन्होंने उक्त वीडियो में हार का कारण आपसी गुटबाजी को माना था। लेकिन आज के कमलनाथ के दौरे को इस बार नजर आ रही भाजपा के अंदर की फूट का पूरा लाभ उठाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।

भाजपा जिसे विकास बता रही है,कमलनाथ ने आज उन्हीं मुद्दों को कांग्रेस के लिए टारगेट करने की कोशिश अपने भाषण में की। सभा के पूर्व उन्होंने एक पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया व मीडिया के सवालों के जवाब भी दिए। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने पहले वहां उपस्थित पत्रकारों का धन्यवाद किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि, “आज मुझे बहुत खुशी हो रही है,पड़ोस के क्षेत्र में आकर, हमारा यह क्षेत्र छिंदवाड़ा से जुड़ा हुआ है और पिपरिया से भी बहुत पुराना संबंध रहा है। मुझे यहां आकर बड़ी खुशी होती है।” उन्होंने इस दौरान कहा कि, “अठारह साल शिवराज सिंह जी की सरकार की तस्वीर आज पूरे प्रदेश के सामने है। किसानों का सत्यानाश, हमारे युवाओं का सत्यानाश, हमारे प्रदेश का सत्यानाश, हमारे पोषण का सत्यानाश, कानून व्यवस्था का सत्यानाश, शिक्षा एवं स्वास्थ्य का सत्यानाश, नर्मदा जल का सत्यानाश, गौवंश का सत्यानाश। ये तस्वीर पूरे प्रदेश की सबके सामने है।

आज हर वर्ग परेशान है, किसान भटक रहा है न्याय के लिए, खाद के लिए। हमारे नौजवान बेरोजगार घूम रहें हैं। आज हमारे छोटे व्यापारी परेशान हैं, आर्थिक गतिविधि चौपट हो रही है। ये आज के प्रदेश की तस्वीर है और शिवराज सिंह जी क्या कर रहे हैं। ताज्जुब करता हूं कि, इतनी हिम्मत पड़ी कि, वे विकास यात्रा निकाल रहे। 160 क्षेत्रों में विकास यात्रा का विरोध हुआ, ये शासकीय यात्रा थी, शासकीय तंत्र का उपयोग किया गया।” उन्होंने कहा कि, आज भारतीय जनता पार्टी के पास केवल पुलिस, पैसा और प्रशासन बचा है। नगर निकाय चुनाव में, जनता पंचायती चुनाव में जिस प्रकार पुलिस, पैसा और प्रशासन का उपयोग किया गया, इनके साथ अगर जनमत होता, तो इसकी आवश्यकता नहीं पड़ती। ये स्थिति आज पूरे प्रदेश में है। छह महीने में चुनाव है और मुझे पूरा विश्वास मध्यप्रदेश के मतदाताओं पर है कि, वो मध्य प्रदेश को सुरक्षित रखेंगे। शिवराज जी की कलाकारी को अब सब लोग पहचान रहें हैं।

आज के मतदाता को ज्ञान देने की जरूरत नहीं है।आज का मतदाता आपको ज्ञान देने के लिए तैयार हैं।”उन्होंने आगे कहा कि, “ये नर्मदापुरम ऐसा जिला है, जहां हमने 53 हजार किसानों का कर्जा माफ किया। हमारे कार्यकाल में जो हुआ मुझे किसी का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए, जनता हमारे कार्यकाल की गवाह है।” एक सवाल कि शिवराज सिंह आपको राजनीतिक रूप से उखाड़ फेंकने की बात कर रहें हैं,कमलनाथ ने कहा कि मैं उनके जैसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करता। कांग्रेस के प्रदेश में सत्ता में आते ही हम बेरोजगारी को,अपराधियों को उखाड़ फेंकेंगे,यही कहना चाहता हूं। ज्ञात रहे कि इस बार भाजपा विधायक ठाकुरदास नागवंशी का तीन पंचवर्षीय का पार्टी के भीतर ही विरोध उनके लिए परेशानी भरा हो सकता है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल से जब पूछा गया कि क्या आप भाजपा कि फूट से पिपरिया विधानसभा जीतना चाहते हैं तो उन्होंने जवाब दिया कि कांग्रेस की फूट से भाजपा जीतती है, लेकिन इस बार हम संगठित हैं। पिपरिया विधानसभा क्षेत्र में 15 वर्षों से भाजपा का कब्जा है।

पर अब भाजपा स्थानीय निकायों के चुनाव के बाद बिखरी नजर आ रहीं है। पिपरिया और बनखेड़ी के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता ही खुलकर हर कभी विरोध करते दिख रहे हैं। भाजपा जिसे विकास बता रही है कांग्रेस उसे घटिया निर्माण बताकर जनता के सामने आई है। पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी घटिया निर्माण पर आवाज उठा चुके हैं। अवैध उत्खनन, शासकीय उचित मूल्यों की दुकानों में होने वाली अनियमितता पर शिकायतें होना आदि के कुछ मामले सामने आए। लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं होने से आम जनता में विरोध के साथ पार्टी में भी विरोध है। जनता को लुभाने के लिए ये मुद्दे कारगर हो सकते हैं। कमलनाथ की सभा से यह भी कहा जा रहा है संभवतः इस बार प्रत्याशी बनखेड़ी का होगा। 25 वर्षो से झिरपा रोड की मांग पर भाजपा ने कभी ध्यान नहीं दिया। दूधी नदी के डैम के लिए भी भाजपा लगभग दस वर्षों से घोषणा,घोषणा खेल रही है। ज्ञात रहे कि इससे पूर्व नरसिंहपुर की सभा में भी कमलनाथ पांच सौ रुपये में गैस सिलेंडर और महिलाओं को 1500 रुपये देने घोषणा पहले ही कर चुके हैं।

 

कमलनाथ ने आज कहा कि सत्ता में आने पर वे बनखेड़ी-पिपरिया विधानसभा क्षेत्र में छिंदवाड़ा मॉडल लागू करेंगे। युवाओं को कमीशनखोरी, ठेकेदारी की जगह स्थाई रोजगार के अवसर देंगे। अतिथि शिक्षकों और आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करना प्राथमिकता से होगा। बनखेड़ी के झंडा चौक पर अपनी पहली चुनावी आम सभा में उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की सुविधा देंगे। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह उन्हें गाड़ने की बात करते हैं। उनकी भाषा पर पर कोई कटाक्ष नहीं करूंगा। मैं प्रदेश में बेरोजगारी को गाड़ने के प्रयास जरूर करूंगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार माफिया राज को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। शिवराज 18 माह का हिसाब मांगते हैं पहले वे 15 साल का हिसाब दें। 18 माह में कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, कन्या विवाह की राशि बढ़ाई और भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन चलाने का काम किया है। पीसीसी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने करोड़ों का कर्ज लेकर ठेकेदारी और कमीशनखोरी पर लगाया। संविदा कर्मचारी, अतिथि शिक्षक के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने इन संगठनों के ज्ञापन पर कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही बेहतर निर्णय लिए जाएंगे। कमलनाथ ने झिरपा बनखेड़ी रोड सहित विधानसभा क्षेत्र में आवश्यक बुनियादी काम सरकार बनने पर कराए जाने की बात कही।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने जनसभा में कहा कि कमलनाथ जी का प्रदेश की सबसे भ्रष्ट विधानसभा में स्वागत है। पटेल ने कहा इस विधानसभा में एक कलेक्टर एसपी का केंद्र होशंगाबाद में है दूसरा केंद्र बनखेड़ी में है। विधानसभा चुनाव प्रभारी तेंदूखेड़ा विधायक संजय शर्मा ने कहा कि रेत माफिया की दहशत और भ्रष्टाचार चरम पर है। इस पर अंकुश लगाने का काम कमलनाथ सरकार करेगी। पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने कहा कमलनाथ का गांधी परिवार से दशकों से करीबी रिश्ता रहा वह काम में विश्वास रखने और आम जनता के हितों के लिए काम करने को प्राथमिकता देते हैं। सभा को विधायक देवेंद्र पटेल, सुनीता पटेल, लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक सुरेश राय, अर्जुन पलिया, पूर्व नप अध्यक्ष सीमा कटकवार, विभा पटेल, संजय मसानी सहित अनेक नेताओं ने भी संबोधित किया।