BJP’s Weak Performance in UP : 47 मौजूदा सांसदों में 26 हारे, हारने वालों में 7 केंद्रीय मंत्री भी!

भाजपा को UP में झटके के बाद CM योगी ने कहा 'जनता का मोदी पर अगाध भरोसा!

697

BJP’s Weak Performance in UP : 47 मौजूदा सांसदों में 26 हारे, हारने वालों में 7 केंद्रीय मंत्री भी!

Lucknow : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र में एनडीए की तीसरी बार सरकार बनने पर जनता का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा ‘भारत की जनता-जनार्दन ने लगातार तीसरी बार एनडीए को स्पष्ट बहुमत प्रदान किया है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति नेतृत्व और निर्णयों पर देश की जनता के विश्वास की मुहर है।’ जबकि, उत्तर प्रदेश में 26 मौजूदा सांसदों के साथ 7 केंद्रीय मंत्री भी अपनी सीट नहीं बचा सके।

उत्तर प्रदेश में भाजपा के कमजोर प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी की पहली प्रतिक्रिया इस रूप में सामने आई। उन्होंने लिखा कि अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में एनडीए को पूर्ण बहुमत का जनादेश प्राप्त हुआ। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति, नेतृत्व और निर्णयों पर देश की जनता के विश्वास की मुहर है। सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई। परिवार भाव के साथ जुटे भाजपा-एनडीए गठबंधन के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों का धन्यवाद एवं जनता-जनार्दन का आभार। भारत माता की जय।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की 80 संसदीय सीटों के चुनाव में भाजपा को चौंका दिया। गठबंधन ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए 80 में से 43 सीटें जीत ली। जबकि, भाजपा को 33 सीटें ही मिली। भाजपा की सहयोगी रालोद ने 2 व अपना दल ने एक सीट जीती। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) को भी एक सीट मिली है।

साल 2014 की तरह इस बार बसपा का खाता भी नहीं खुला। जबकि, 2019 के चुनाव में बसपा ने 10 सीटें जीती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से लगातार तीसरी बार जीते। लेकिन, इस बार जीत का अंतर सिर्फ डेढ़ लाख रहा। जबकि, राहुल गांधी ने रायबरेली और अखिलेश यादव ने कन्नौज से जीत हासिल की।

47 मौजूदा सांसदों में 26 हारे

भाजपा ने अपने 47 सांसदों को फिर से टिकट दिया था, इनमें से 26 चुनाव हार गए हैं। प्रदेश में मतगणना की शुरुआत होने के दो घंटे के भीतर ही यह स्पष्ट हो गया था कि सपा-कांग्रेस गठबंधन भाजपा को कड़ी टक्कर देने जा रहा है, वही हुआ भी। कुछ ही देर में रुझानों से तस्वीर स्पष्ट होनी शुरू हो गई और कई उलटफेर देखने को मिले।

सात केंद्रीय मंत्री चुनाव हारे

मोदी सरकार के मंत्रियों में महिला एवं बाल विकास एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री स्मृति इरानी, गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी, भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उद्यम मंत्री महेन्द्र नाथ पांडेय, एमएसएमई राज्यमंत्री भानु प्रताप वर्मा, आवास एवं शहरी राज्यमंत्री कौशल किशोर, फतेहपुर से ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व पशुपालन डेयरी व मत्स्य पालन राज्यमंत्री डॉ संजीव कुमार बालियान अपने प्रतिद्वंद्वियों से चुनाव हार गए। भाजपा की इस हार को गंभीरता से इसलिए लिया जा रहा है क्योंकि पार्टी स्पष्ट बहुमत नहीं पा सकी। सहयोगी पार्टियों के गठबंधन से वह केंद्र में सरकार बनाएगी।