लड़का-लड़की के भागने के विवाद में दिवाली पर आदिवासियों में खूनी होली, चार की मौत

967

राणापुर से कमलेश नाहर की रिपोर्ट

आलीराजपुर: जिले में आदिवासी समाज में लड़का लड़की आपस में पसंद करके घर से चले जाते हैं तब उनके विवाह को सामाजिक मान्यता देने के लिए समाज की पंचायत बैठक होती है। उसमें पंच दोनों पक्षों में सुलह करवाने का प्रयास करते हैं। जब दोनों पक्ष एकमत नहीं हो पाते तो संघर्ष की स्थिति बन जाती है। ऐसे ही एक मामले में दीवाली पर खूनी होली खेली गई। दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में 4 लोगों की हत्या हो गई। वारदात आलीराजपुर जिले के चांदपुर थाने के बोकाड़िया गोराद फलिया गांव की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़का-लड़की के भागने के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। खूनी संघर्ष में दोनों ओर के दो-दो लोगों की जान गई है। इस हत्याकांड में लाठी-फालिए (धारदार हथियार) से हमले किए गए।

जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक मनोजकुमार सिंह रात में टीम के साथ बोकड़िया पहुंचे। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक गांव के ही गुजला का बेटा माधो करीब डेढ़ साल पहले राधू की बेटी लीला को लेकर चला गया था। दोनों के नाबालिग होने के कारण परिवार वालों ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी। दोनों ही पक्ष रिश्तेदार हैं, इसलिए उन्होंने मामले को तूल देना सही नहीं समझा। दोनों परिवारों में पंचायत स्तर पर आपसी समझौता कराने की कोशिश चल रही थी।

लड़की लीला घर से जाते समय अपनी मां की किलो चांदी ले गई थी। रुपयों का लेन-देन और चांदी वापस देने की बात पर गुरुवार शाम दोनों परिवार के बीच विवाद हो गया। मामले को सुलझाने के लिए दिवाली की शाम को पंचायत बुलाई गई। इसी दौरान दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे।

दोनों पक्षों से 2-2 लोगों की गई जान

लड़के पक्ष की ओर से माधो की भाभी शारदा बाई ने लड़की पक्ष के राधू, नानबु, हबू, भिकला के खिलाफ केस दर्ज कराया है। हमले में माधो के दो चचेरे भाई 25 साल के स्माल और 22 साल के सुखदेव पुत्र भुदर सिंह निंगवाल की मौत हुई है।

लड़की के चाचा और दादा की भी हत्या हुई वहीं, पुलिस ने लड़की पक्ष की ओर से लड़की के पिता राधू पुत्र भल सिंह (40) की रिपोर्ट पर गुजला, इडला, जगलिया और गुसायदा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हमले में लीला के दादा भलसिंह पुत्र गुलिया (50) नई बोकड़िया और लीला के चाचा नानबु पुत्र भलसिंह (38) की मौत हो गई है। मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी मिली है।

देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, मनोज कुमार सिंह (अलीराजपुर के एसपी)-