Bluetick Missing : MP कई मंत्रियों, दिग्विजय सिंह के ट्विटर एकाउंट से ब्लूटिक गायब!

CM ऑफिस का अकाउंट भी चपेट में आया, फीस नहीं भरने पर ये कार्रवाई की!

502

Bluetick Missing : MP कई मंत्रियों, दिग्विजय सिंह के ट्विटर एकाउंट से ब्लूटिक गायब!

Bhopal : यदि आपका ट्विटर एकाउंट पर ब्लूटिक चमक रहा हो, तो वो सम्मान की बात होती है। तकनीकी भाषा में उसे वेरिफाइड एकाउंट माना जाता है। लेकिन, आज सुबह से मध्यप्रदेश के कई नेताओं के एकाउंट से ब्लूटिक हट गया।बताया गया कि इन्होंने उसकी फीस जमा नहीं की थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ब्लूटिक तो बच गया, पर उनके ऑफिस एकाउंट का ब्लूटिक गायब हो गया। इसे करीब 16 लाख लोग फॉलो करते हैं।

ट्विटर की इस कार्रवाई से नेताओं में हड़कंप मच गया क्योंकि, शिवराज सरकार के कई मंत्रियों के साथ कांग्रेस के भी कई बड़े नेता इस कार्रवाई का शिकार हुए। दिग्विजय सिंह के ट्विटर हैंडल पर भी अब ब्लूटिक नहीं है। वेरीफाइड ट्विटर अकाउंट पर ब्लू टिक लगा होने से उस अकाउंट की विश्वसनीयता बढ़ जाती है।

ट्विटर ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि 20 अप्रैल के बाद ऐसे कई वेरीफाइड अकाउंट से ब्लू टिक हट जाएंगे, जिन्होंने ब्लूटिक के फीस की राशि जमा नहीं कराई है। ट्विटर ने वेरीफाइड अकाउंट के लिए मासिक शुल्क तय किया है। यह राशि अदा करने के बाद ही ब्लूटिक दिखाई देते हैं। ट्विटर की कार्रवाई से मध्य प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं को झटका लग गया है।

ट्विटर ने यह कार्रवाई ऐसे समय पर की, जब प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव की तैयारियों में सभी दलों के नेता लगे हुए हैं। जनता तक पहुंचने का वे कोई मौका हाथ से नहीं जाने दे रहे। ऐसे में ब्लूटिक का हटना सही नहीं कहा जा सकता।

इन नेताओं के ट्विटर हैंडल से हटा ब्लूटिक

शुक्रवार सुबह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा सहित बीजेपी और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के ट्विटर हैंडल से ब्लूटिक हट गए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का ब्लू टिक भी हटा दिया गया। दिग्विजय सिंह को ट्वीटर पर 13 लाख लोग फॉलो करते हैं।

ब्लूटिक पाने का तरीका

ट्विटर पर ब्लू टिक पाने के लिए ऑनलाइन रिक्वेस्ट भेजना होती है.इसके बाद सेटिंग में जाकर उसे भी चेंज किया जाता है। जो रिक्वेस्ट भेजी जाती है, उसमें वेबसाइट के साथ अन्य डिटेल भी भेजी जाती है। इसे ट्विटर की ओर से वेरीफाई किया जाता है। इसके बाद फीस भरने पर उसे ब्लूटिक मिलता है। ट्विटर द्वारा मनोरंजन न्यूज़ ऑर्गेनाइजर सहित कई श्रेणियां बनाई गई, जिसमें ब्लूटिक के लिए अप्लाई किया जाता है।