हथियार तस्कर के मकान पर चला बुलडोजर, मचा हड़कंप, आरोपी के अंतर्राज्यीय गिरोह से तार जुड़ने के पुलिस को मिले सबूत

 हथियार तस्कर के मकान पर चला बुलडोजर, मचा हड़कंप, आरोपी के अंतर्राज्यीय गिरोह से तार जुड़ने के पुलिस को मिले सबूत

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट 

खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के गोगांवा थाने के सिगनुर में आज अवैध हथियार तस्कर बंटी सिकलीगर के शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा किये मकान पर एंटी माफिया अभियान के तहत प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। पहली बार अवैध हथियार का निर्माण कर तस्करी करने वाले अन्तरराज्यी तस्कर के मकान गिराने की कार्यवाही हुई है।
कलेक्टर शिवराजसिंह वर्मा के निर्देश पर प्रशासन की इस कार्यवाही से हड़कंप मच गया है। अवैध हथियार निर्माता तस्कर के अंतर्राज्यीय गिरोह से तार जुड़े मिलने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही की है।

दरअसल एसपी धर्मवीर सिंह की अगुवाई में 17 मई को बंटी सिकलीगर के निशानदेही पर मेटल डिटेक्टर के जरिये सिगनुर गांव में अवैध 10 पिस्टल जमीन से खोदकर पुलिस ने निकाले थे। पहली बार प्रशासन ने बंटी सिकलीगर और अवैध हथियार बनाने वालों को सबक सिखाने को लेकर की मकान तोड़ने की बड़ी कार्यवाही की है। बंटी सिकलीगर के अन्तरराज्यी गिरोह से तार जुड़े हैं।

खरगोन एसडीएम ओमनारायण सिंह बडकुल और भीकनगांव एसडीओपी संजू चौहान की अगुवाई में आज एंटी माफिया अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही की गई है। भारी पुलिस की मौजूदगी में गोगांवा थाने के सिगनुर में प्रशासन की टीम ने मकान तोड़ने की कार्यवाही की है। गौरतलब है कि खरगोन जिले के गोगांवा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के गढ़ सिगनुर गांव माना जाता है। पूरे देश में यहाँ से अवैध हथियार सप्लाय किये जाते है।

देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, खरगोन एसडीएम ओमनारायण सिंह बडकुल-

मौके पर मौजूद एसडीएम ओमनारायाण सिंह बडकुल ने मीडिया को बताया कि एंटी माफिया अभियान के तहत बंटी सिकलीगर के मकान तोड़ने की कार्यवाही की गई। अवैध हथियार की तस्करी को लेकर एसपी महोदय की अगुवाई में छापामार दबिश के दौरान 10 पिस्टल जप्त किये गये थे। अवैध काम करने वालों के खिलाफ मुहिम के तहत मकान तोड़कर सबस सिखाने और एक संदेश देने को लेकर कलेक्टर महोदय के निर्देश पर कार्यवाही हुई है। अवैध हथियार के तस्कर ने अवैध कब्जा कर मकान में अवैध हथियार बनाता था।

रविवार को गोगांवा पुलिस ने एक अन्तर्राज्यी गिरोह का पर्दाफाश कर पश्चिम बंगाल, राजस्थान, उत्तरप्रदेश सहित तीन राज्यों के 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 अवैध देशी पिस्टल जप्त किये थे। पकड़े गये आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। आरोपियों के पास से महाराष्ट्र की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बने 65 जिंदा कारतूस भी पुलिस ने जप्त किये थे। इसके बाद पुलिस की दबिश और कार्यवाही लगातार जारी है। आज की बंटी सिकलीगर के मकान तोड़ने की कार्यवाही को भी इस कार्यवाही से जोड़कर देखा जा रहा है।

देखिए कार्यवाही का वीडियो-

दो दिन पहले एसपी धर्मवीर सिंह की अगुवाई में पुलिस ने सिगनुर में जिले के 8 थाने करीब 70 पुलिसकर्मियों ने बड़ी  दबिश दी। इस दौरान 10 अवैध देशी पिस्टल सहित बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बनाने के उपकरण भी पुलिस ने जप्त किये। पहली बार बीडीएस की टीम ने मेटल डिटेक्टर के जरिये अवैध हथियार का भंडाफोड़ किया। इस दौरान पुलिस ने जमीन खोदकर देशी अवैध पिस्टल जप्त किये। अवैध हथियार की तस्करी में पकड़े गये आरोपी बंटी सिकलीकर की निशानदेही पर पुलिस ने ये बड़ी कार्यवाही की है। मेटल डिटेक्टर के जरिये जमीन के अन्दर से अवैध हथियार निकाले गये।

आरोपियों की रिमांड में पूछताछ और पुलिस विवेचना के दौरान करीब 50 किलोमीटर दूर सिगनुर के दूरस्थ पहाड़ी  इलाके और जंगल में खुद एसपी धर्मवीर सिंह की अगुवाई में दबिश हुई थी। फिलहाल पुलिस को आरोपी बंटी सिकलीगर की माँ, भाई और रिश्तेदारों की भी तलाश है। सभी लोग फरार चल रहे हैं। माँ के बैंक अकाउन्ट में बाहर से पैसा भी आया है। पश्चिम बंगाल से लिंक का भी पता लगाया जा रहा है। बैंक अकाउंट सहित पैसे के लेन देन के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पूछताछ और जाँच में और भी खुलासे हो सकते हैं।