Cabinet Names Decided Today : दिल्ली में आज तय होंगे मंत्रिमंडल के नाम, CM और पार्टी अध्यक्ष दिल्ली जाएंगे!

दिग्गज नेताओं की भूमिका पर भी चर्चा होगी!

1053

Cabinet Names Decided Today : दिल्ली में आज तय होंगे मंत्रिमंडल के नाम, CM और पार्टी अध्यक्ष दिल्ली जाएंगे!

Bhopal : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का मंत्रिमंडल रविवार को दिल्ली में तय होगा। आज मुख्यमंत्री, पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा दिल्ली जा रहे हैं, जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ उनकी बैठक तय है। जानकारी के मुताबिक अभी 18 से 20 नाम तय होंगे। एक फार्मूला यह भी है कि 3 बार मंत्री बने नेताओं को इस बार शामिल नहीं किया जाएगा। रविवार शाम दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बैठक होगी।

इस बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी शामिल हो सकते हैं। वे बनारस होकर दिल्ली पहुंचेंगे। मंत्रिमंडल में नए और पुराने दोनों चेहरे शामिल होने की संभावना है। रविवार शाम को मुख्यमंत्री मोहन यादव दिल्ली दौरे पर रहेंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद भी आलाकमान के साथ बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे। इसमें पार्टी के बड़े नेताओं की भूमिका को लेकर भी फैसला होगा।

करीब 18 मंत्रियों के नाम रविवार शाम को फाइनल होने की संभावना है। संघ पृष्ठभूमि वाले और कार्यकर्ता के रूप में काम करने वाले जुझारू चेहरों को मंत्रिमंडल में मौका दिया जा सकता है। इसके अलावा परफार्मेंस के आधार पर कुछ पुराने मंत्रियों को मौका मिल सकता है। सोमवार से विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है। इससे पहले मंत्रिमंडल की तैयारी चल रही है। लेकिन, मंत्रियों के नाम पर दिल्ली में ही मुहर लगेगी। इसमें जातियों के साथ ही क्षेत्र के प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता मिलने की संभावना है।

वरिष्ठ नेताओं की भूमिका

इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की भूमिका पर भी चर्चा होगी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, वरिष्ठ नेता और विधायक गोपाल भार्गव के नाम शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक शिवराज सिंह चौहान को दिल्ली बुलाया जा सकता है। वहीं कैलाश विजयवर्गीय को प्रदेश संगठन में बड़ी भूमिका देने की संभावना है। प्रहलाद पटेल प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल होते हैं या उनको कोई नई भूमिका दी जाएगी।

रविवार को होने वाली बैठक के बाद 20 दिसंबर से पहले कभी भी मोहन यादव मंत्रिमंडल का गठन कर लिया जाएगा। संभवतः यह पहला मौका है जब विधानसभा सत्र के चलते मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा रहा है।