Caught The Murderer : प्रभात फेरी में युवक की हत्या करने वाले पकड़ाए!

फेरी में धक्का लगने की बात पर विवाद के बाद चाकूबाजी घटना हुई!

1116

Caught The Murderer : प्रभात फेरी में युवक की हत्या करने वाले पकड़ाए!

Indore : गुरुवार को रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी में धक्का लगने की बात पर बदमाशों ने भाजयुमो नेता की जघन्य हत्या कर दी टी। घटना के बाद प्रभातफेरी में भगदड़ मच गई। तत्काल पुलिस ने मोर्चा संभाला और मशक्कत के बाद मात्र 8 घंटे में वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पकड़ लिया। बताया गया कि तीनों पुलिस से बचने के लिए बाहर भागने वाले थे।

घटना अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के महावर नगर के पास की है। एडिशनल डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि रणजीत हनुमान समिति द्वारा परंपरागत रूप से गुरुवार सुबह 5 बजे प्रभात फेरी निकाली जा रही थी। प्रभातफेरी विभिन्न मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान तरफ बढ़ रही थी। तभी एचपी गैस एजेंसी के समीप दो पक्षों में आपस में टकराने की बात पर धक्का मुक्की व विवाद हुआ। इस पर शुभम पिता नरेन्द्र रघुवंशी निवासी गोमा की फेल को किसी अज्ञात युवक ने गले पर चाकू मार दिया था। शुभम भी अपने छह-सात दोस्तों के साथ कार्यक्रम में पहुंचा था। मामले में पुलिस ने आरोपी यश पिता जितेन्द्र गोधा, कपिल पिता परसराम यादव तथा युवराज पिता चंदर यादव तीनों निवासी भागीरथपुरा को गिरफ्तार कर लिया है।

पीछे चल रहा था शुभम

शुभम के साथ आए युवकों ने बताया कि वे सभी आगे चल रहे थे। सबसे पीछे शुभम था। उसके चीखने की आवाज सुनकर देखा तो वह घायल अवस्था में पड़ा था। इसी दौरान कुछ बदमाश भागते हुए दिखाई दिए। घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कुछ समझ नहीं पाई

प्रभातफेरी में लाखों की संख्या में भक्त थे। सुरक्षा की दृष्टि से आगे और पीछे कई जवान चल रहे थे। घटना के दौरान भगदड़ होने से पुलिस भीड़ नियंत्रण कर रही थी, लेकिन पुलिस को हत्या होने की जानकारी नहीं थी। पुलिस कुछ समझ पाती, इसके पहले भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश मौके से भाग निकले थे।

वीडियो वायरल होते ही सक्रिय

घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की धरपकड़ के लिए 10 टीम गठित की थी। वायरल वीडियो में आए फुटेज के आधार पर कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया था। वहीं, टीम ने घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने शहर से बाहर भागने वाले थे।

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन दिया 

घटना के बाद प्रभात फेरी में व्यवस्था संभाल रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की कि नशे के खिलाफ अभियान तेज किया जाएग। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग की जाए। बदमाशों के मकानों को ध्वस्त किया जाए। ज्ञापन के बाद पुलिस कमिश्नर ने आश्वस्त किया कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।