Congress MLA Will Join BJP Today : कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत आज बीजेपी में शामिल होंगे!

मुरैना के लोकसभा उम्मीदवार का विरोध किया, पर कांग्रेस ने उनकी बात नहीं सुनी!

503

Congress MLA Will Join BJP Today : कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत आज बीजेपी में शामिल होंगे!

Bhopal : विजयपुर के कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत बीजेपी का दामन थाम रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार का विरोध किया था। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कर रही कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के पहले खुद को संभालने की कोशिश नहीं की। पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और मौजूदा विधायकों के बीजेपी में जाने से कांग्रेस की ताकत कमजोर हो रही है। एक और विधायक के बीजेपी जॉइन करने के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस के पास 64 विधायक रहे जाएंगे।

मुरैना के विजयपुर के विधायक रामनिवास रावत के भाजपा में जाने के बाद कांग्रेस के पास केवल 64 विधायक रह जाएंगे। लोकसभा चुनाव के पहले चल रही दल बदल से कांग्रेस को काफी फर्क पड़ता दिखाई दे रहा है। आज मंगलवार को विधायक रामनिवास रावत मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं के साथ विजयपुर में ही आम सभा के दौरान बीजेपी की सदस्यता लेंगे।

विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस के 66 विधायक जीतकर आए थे। जबकि, एक सीट पर निर्दलीय विधायक ने अपना परचम लहरा दिया था। इसके अलावा बाकी शेष सभी सीट भारतीय जनता पार्टी के खाते में गई। लोकसभा चुनाव के पहले छिंदवाड़ा के अमरवाडा के विधायक कमलेश प्रताप शाह ने कांग्रेस से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इस तरह कांग्रेस विधायकों की संख्या 65 रह गई।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आशीष अग्रवाल के मुताबिक कांग्रेस की नीति और जनता के बीच खो रहे विश्वास के चलते विचारवान नेता कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि देश से कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो रहा है। जबकि, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश नायक के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक षड्यंत्र के जरिए कांग्रेस नेताओं को अपने खेमे में शामिल कर रही है। इसका लोकसभा चुनाव पर फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में कांग्रेस मुक्त का दावा करने वाली भाजपा कांग्रेस युक्त हो गई।