एनपी प्रजापति को कांग्रेस ने हटाया स्टार प्रचारक की सूची से, विवेक तन्खा को जोड़ा, भाजपा ने कसा तंज

583

भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एनपी प्रजापति को उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची से एक दिन में ही एआईसीसी ने हटा दिया। उनकी जगह पर विवेक तन्खा को स्टार प्रचारकों की सूची में जोड़ा गया है। तन्खा और प्रजापति दोनों ही महाकौशल से आते हैं, तन्खा राज्यसभा के सदस्य भी हैं।

खंडवा लोकसभा सहित रैगांव, पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए एआईसीसी के महासचिव केसी वेनुगोपाल ने आठ अक्टूबर को कांग्रेस के 20 नेताओं के नाम शामिल कर स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। इस सूची में 18वें क्रम पर एनपी प्रजापति का नाम था, लेकिन इसमें राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा का नाम नहीं था। तन्खा से जुड़े नेताओं ने इस पर एआईसीसी को अपनी आपत्ति जताई। दरअसल विवेक तन्खा को जी 23 टीम का हिस्सा भी माना जाता है। एआईसीसी ने अगले दिन यानि 9 अक्टूबर को स्टार प्रचारकों की सूची में फेरबदल कर दिया और एनपी प्रजापति का नाम हटाकर उनकी जगह पर विवेक तन्खा को इस सूची में शामिल किया गया।

स्टार प्रचारक की सूची इलेक्शन की व्यवस्था है। मुझे पता होता की एनपी प्रजापति के नाम की जगह मेरा नाम शामिल किया जा रहा है तो मैं पूरे विनम्रतापूर्वक मना कर देता। प्रचार हम सब मिलकर करेंगे।
विवेक तन्खा, राज्यसभा सदस्य

भाजपा ने कसा तंज

स्टार प्रचारकों की दोनों सूची प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अदालत में दलित धनाढ्य वकील से केस हार गए। दलितों का ऐसे सम्मान करती है कांग्रेस, एनपी प्रजापति कोई मामूली आदमी नहीं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हैं।