Earthquake in 2 State : सुबह-सुबह महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश की धरती कांपी!

भूकंप का केंद्र हिंगोली और पश्चिमी कामेंग रहा!

317

Earthquake in 2 State : सुबह-सुबह महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश की धरती कांपी!

New Delhi : आज सुबह महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश भूकंप के झटकों से हिल उठा। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया है कि महाराष्ट्र में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई है। पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल में आया भूकंप 3.7 की तीव्रता वाला था। सुबह-सुबह आए भूकंप की वजह से अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, महाराष्ट्र के हिंगोली में 10 किमी की गहराई पर भूकंप का केंद्र रहा। भूकंप के झटकों को सुबह 6.08 बजे महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.5 मापी गई। 4 से लेकर 4.9 की तीव्रता वाले भूकंप को हल्के भूकंप के तौर पर परिभाषित किया जाता है।महाराष्ट्र में आया भूकंप हल्की तीव्रता वाला रहा, लेकिन इसकी वजह से लोगों के मन में डर जरूर पैदा हुआ। कुछ लोग झटके महसूस करने के बाद घर से बाहर निकल आए।

 

भूकंप के झटकों से हिला अरुणाचल

भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का पहला झटका अरुणाचल प्रदेश में महसूस किया गया। देश के पूर्वोत्तर राज्य में कुछ घंटों के अंतराल पर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि सबसे पहला झटका गुरुवार तड़के 1.49 बजे रिकॉर्ड किया गया। राज्य के पश्चिमी कामेंग में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। इसका केंद्र 10 किमी की गहराई में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप के झटकों की तीव्रता 3.7 मापी गई।

दो घंटे बाद अरुणाचल प्रदेश एक बार फिर से भूकंप के झटकों से हिल उठा। सुबह 3.40 बजे राज्य में धरती के हिलने की जानकारी मिली। इस भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र पश्चिमी कामेंग में रहा। इस भूकंप के केंद्र की गहराई 5 किमी थी। रिक्टर स्केल पर 3 से 3.9 की तीव्रता के बीच रहने वाले भूकंप के झटकों को मामूली भूकंप के तौर पर जाना जाता है।