Firing at Salman’s House : सलमान के घर के बाहर गोली चलाने वाले दोनों बदमाश भुज से पकड़ाए!

जानिए, गोली चलाने के बाद दोनों कैसे भागे और कैसे भुज पहुंचे!

628

Firing at Salman’s House : सलमान के घर के बाहर गोली चलाने वाले दोनों बदमाश भुज से पकड़ाए!

Mumbai : सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुंबई क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को बताया कि दोनों को गुजरात के भुज जिले से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों का नाम विक्की गुप्ता और सागर पाल है। विक्की और सुनील ने रविवार (14 अप्रैल) को सलमान खान के मुंबई के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की थी।

फायरिंग को अंजाम देने से पहले दोनों मुंबई से सटे पनवेल इलाके की एक सोसायटी में पिछले एक महीने से किराए पर रह रहे थे। इन दोनों ने सलमान के घर की रेकी की और फिर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। दोनों को क्राइम ब्रांच ने सोमवार रात भुज से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रहने वाले हैं। इन्हें आगे की कार्रवाई के लिए मंगलवार को भुज से मुंबई लाया जाएगा।

IMG 20240416 WA0027

 

सुबह 5 बजे हुई गोलीबारी

सलमान खान के ब्रांदा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक से आए दोनों हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की थी। इस घटना को रविवार सुबह 5 बजे अंजाम दिया गया। गोलीबारी के बाद दोनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि फायरिंग के वक्त सलमान खान घर में ही मौजूद थे। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

 

बाइक छोड़कर भाग गए

जांच के अधिकारियों को पता चला कि हमलावरों ने फायरिंग के बाद मोटरसाइकिल सलमान के घर से लगभग एक किलोमीटर दूर माउंट मैरी गिरजाघर के पास छोड़ दी थी। फिर हमलावर कुछ दूर तक पैदल चले और बांद्रा रेलवे स्टेशन के लिए एक ऑटोरिक्शा लिया। आरोपी बोरीवली की ओर जाने वाली एक ट्रेन में चढ़े लेकिन सांताक्रूज रेलवे स्टेशन पर उतर गए और वहां से बाहर निकल गए। इसके बाद वह मुंबई से फरार होकर गुजरात के भुज में जाकर छिप गए।

 

लॉरेंस के भाई ने ली जिम्मेदारी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने सलमान के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और वांटेड गैंगस्टर गोल्डी बरार कई बार सलमान खान को मारने की धमकी दे चुके हैं। बिश्नोई और बरार ने सलमान को मारने के लिए अपने शूटर मुंबई भेजे थे। लॉरेंस बिश्नोई का गिरोह कथित तौर पर 1998 के काले हिरण शिकार मामले की वजह से सलमान खान को धमकी देता रहा है।