भारत ने जीत के साथ की हॉकी विश्व कप की शुरुआत, स्पेन को 2-0 से हराया

485

भारत ने जीत के साथ की हॉकी विश्व कप की शुरुआत, स्पेन को 2-0 से हराया

राउरकेला: ओडिशा में चल रहे हॉकी विश्व कप में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की । उसने स्पेन को पहले मैच में 2-0 से हरा दिया। भारत के लिए मैच में अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने गोल किया। भारत का दूसरा मैच में अब 15 जनवरी (रविवार) को मजबूत इंग्लैंड के खिलाफ होगा। इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में वेल्स को 5-0 से हराया ।

पूल डी में टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही दूसरा पायदान हासिल कर लिया। इंग्लैंड ने इससे पहले वेल्स को 5-0 से हराया था। वह बेहतर गोल अंतर के कारण पहले स्थान पर है। टीम इंडिया के लिए अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने दो बेहतरीन गोल किए। अमित रोहिदास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

भारत ने मैच में शुरुआत धीमी की थी। शुरुआती पांच मिनटों तक स्पेन ने टीम इंडिया को काफी छकाया, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा भारत ने मैच में पकड़ बनानी शुरू कर दी। इसका फायदा 11वें मिनट में टीम इंडिया को मिली। भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन उस पर गोल नहीं आ सका। अगले ही मिनट में दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर अमित रोहिदास ने शानदार गोल कर टीम इंडिया को 1-0 से आगे कर दिया।

भारत ने 26वें मिनट में दूसरा गोल किया। हार्दिक सिंह ने चार खिलाड़ियों को छकाते हुए जबरदस्त गोल किया। उनका यह गोल लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इस विश्व कप में भारत का यह पहला फील्ड गोल है। हार्दिक स्पेन के सर्कल में गेंद को लेकर आगे बढ़ रहे थे। वह गोलपोस्ट के करीब खड़े ललित उपाध्याय को गेंद देना चाहते थे, लेकिन स्पेन के डिफेंडर से लगकर गेंद गोलपोस्ट में चली गई। हार्दिक ने टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारत ने कोई गोल नहीं किया।

दो पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर सका भारत
भारत ने 37वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। कप्तान और पेनल्टी कॉर्नर स्पेशलिस्ट हरमनप्रीत सिंह मैदान पर नहीं थे। ऐसे में अन्य खिलाड़ियों के ऊपर गेंद को गोलपोस्ट में डालने की चुनौती थी। भारतीय टीम मैच में मिले चौथे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सकी। भारत ने 43वें मिनट में भी एक पेनल्टी कॉर्नर बर्बाद किया। इस तरह टीम इंडिया ने अब तक पांच में से चार पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं किया।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह पेनल्टी स्ट्रोक चूके
मैच के तीसरे क्वार्टर में भारत को गोल करने का सुनहरा मौका मिला। 32वें मिनट में स्पेन के खिलाड़ियों की गलती की वजह से टीम इंडिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। इस पर सबको गोल की उम्मीद थी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह स्ट्रोक लेने आए, लेकिन वह स्पेन के गोलकीपर को नहीं भेद सके। गेंद गोललाइन को पार नहीं कर सकी और टीम इंडिया को खाते में तीसरा गोल नहीं जुड़ा।