Jobat ByElection Drama: मेंदोला ने जमावट कर माँ-बेटे को तोडा!

743
Jobat ByElection Drama

Jobat ByElection Drama

झाबुआ से कमलेश नाहर की रिपोर्ट

Jhabua MP: जोबट विधानसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। पूर्व राज्यमंत्री और 3 बार की विधायक रह चुकी सुलोचना रावत व उनके बेटे विशाल रावत कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। जानकारी मिली कि जोबट से उपचुनाव की उनकी दावेदारी को दरकिनार करके कांग्रेस ने कांतिलाल भूरिया के बेटे डॉ विक्रांत भूरिया को टिकिट देना तय कर लिया है। इससे पहले पार्टी के जिला अध्यक्ष महेश पटेल का नाम आगे आया था। पर, कांग्रेस ने अभी किसी भी नाम की अधिकृत घोषणा नहीं की।

इस बात की जानकारी शनिवार दोपहर बाद लगते ही सुलोचना और विशाल रावत ने भाजपा संगठन से संपर्क तेज कर दिया था। इसमें भाजपा की तरफ से चुनाव प्रभारी और विधायक रमेश मेंदोला की प्रमुख भूमिका बताई जा रही है। विशाल की बातचीत CM शिवराज सिंह चौहान से करवाई गई, इसके बाद दोनों माँ-बेटे भोपाल पहुंच गए। रात में दोनों को CM, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने केसरिया दुपट्टा डालकर BJP की सदस्यता दिलवा दी।

मेंदोला की भूमिका
जानकारी अनुसार सुलोचना और विशाल के भाजपा में आने की सीढ़ी इंदौर विधायक रमेश मेंदोला बने। वे जोबट विधानसभा उपचुनाव प्रभारी है। मेंदोला निरंतर सुलोचना और विशाल से संपर्क में थे। मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने भी सुलोचना से चर्चा की थी। दरअसल, पिछले विधानसभा चुनाव में विशाल रावत पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़े थे। उन्होंने अपने दम पर करीब 32 हजार वोट हासिल किए। भाजपा को 1848 वोट से यह सीट खोना पड़ी थी। इस समीकरण को देखते हुए भाजपा रावत परिवार पर निगाहें गड़ाए हुए था। सुलोचना रावत का नाम पार्टी प्रत्याशियों की पैनल में आने की खबर के बाद जोबट कांग्रेस ने खुलकर उनका विरोध किया। इसमे शामिल नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें गद्दार तक कह दिया था। इससे आहत होकर माँ-बेटे ने पार्टी छोड़ने का मन बना ही लिया था।

भाजपा नेताओं को भोपाल बुलाया
सुलोचना और विशाल की भाजपा में आमद के साथ ही जोबट से सुलोचना की टिकट फाइनल मानी जा रही है। लेकिन, बताते हैं कि BJP ने ऐसा कोई वादा नहीं किया है। सुलोचना और विशाल के BJP में आने से पार्टी के दूसरे दावेदार निराश है। संभावित बगावत को टालने व एकजुट होकर चुनाव लड़कर जीतने के उद्देश्य से CM शिवराजसिंह चौहान ने आलीराजपुर जिले के सभी भाजपा नेताओं व पूर्व विधायकों को भोपाल तलब किया है। बताया जा रहा है कि CM और पार्टी अध्यक्ष इनसे चर्चा कर एकजुट होकर लड़कर पार्टी की जीत पक्की कराने का संकल्प दिलाएंगे।

Also Read : Lakheempur Issue ! राजनीति शुरू, वरुण गाँधी ने CM को पत्र लिखा, प्रियंका और अखिलेश को आने से रोका!