लखीमपुर हिंसा में पत्रकार रमन की मौत नहीं, ‘हत्या’ है..!

628

यूपी के लखीमपुर खीरी के पास तिकुनिया गांव में किसान आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में चार किसानों का मं‍त्री पुत्र की कार द्वारा बेहरमी से रौंदा जाना, किसान और भाजपाइयों में हुए हिंसक संघर्ष में तीन भाजपा कार्यकर्ताअों का मारा जाना, इस बेहद क्रूर और दहला देने घटनाक्रम पर होने वाली चुनावी लाभ की राजनीति, कुछ भाजपा मंत्रियों के किसानो को लेकर निष्ठुर बयान तथा सत्तारूढ़ योगी सरकार द्वारा किसान नेता राकेशसिंह टिकैत से ताबड़तोड़ समझौता कर मुआवजे का मरहम लगाने के बीच एक ऐसे शख्स ने भी जान गंवाई, जिसका सियासत से कुछ लेना देना नहीं था। वो पत्रकार के रूप में सिर्फ अपना फर्ज निभाने घटनास्थल पर गया था।

रमन कश्यप नामक 33 वर्षीय यह युवा कोई सेलेब्रिटी प‍त्रकार  भी नहीं था कि जिसे मौत के बाद घडि़याली आंसुअों की श्रद्धांजलियां मिलतीं और  जिसे खरोंच लगने की भी अंतरराष्ट्रीय चर्चा होती। रमन एक क्षेत्रीय टी वी चैनल के लिए घटना का ‘लाइव’ कवरेज करने अपने पत्रकार साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा था। लेकिन ‘सच दिखाने’ की यह ‍िजद ही मानो उसकी जान की दुश्मन बन गई। दरिंदो ने घटना का सच सामने न आए, इसलिए उसे अपनी जीप से रौंद दिया। क्योंकि रमन शायद घटना का वीडियो बना रहा था, जिसे चैनल को भेज सके।

इसी ‘जुर्म’ ने रमन की साहसी और कर्तव्यनिष्ठ पत्रकारिता को वहीं समाधि दे दी गई। जो हुआ, वो इस देश में निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए बहुत बड़ी चेतावनी है। खासकर तब ‍िक जब कई  राष्ट्रीय टीवी चैनल भजन मंडली की तरह किसानों को गरियाने और उन्हें ‘गुंडा’ साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे थे। लेकिन हकीकत में वहां जो कुछ हुआ, उसकी पोल दूसरे ही ‍िदन मृतकों की पोस्ट मार्टम रिपोर्ट ने खोल दी।

हमे यह समझाने की पूरी कोशिश की गई कि लोगों को मारने वाले गुंडा तत्व थे, किसान नहीं। हो सकता है, कुछ लोग ऐसे हों। लेकिन ऐसे गुंडा तत्व कहां नहीं हैं? पंरतु यह सच छुपाने की पूरी कोशिश की गई कि लोग मरने मारने पर उतारू किस कारण से हुए? क्या अपने साथियो को रौंदे जाने के बाद उनसे शांति के कबूतर उड़ाने की अपेक्षा थी? और एक पत्रकार की किस्मत में यह ‘प्रतिशोध’ भी नहीं था।

यूं कवरेज के दौरान पत्रकारों की जान को जोखिम होना नई बात नहीं है। खासकर युद्ध, हिंसक घटनाअोंऔर आपदाअों की रिपोर्टिंग में यह खतरा सदा मौजूद रहता है।  लेकिन पत्रकार इसकी चिंता नहीं करते। अमूमन निर्भीक पत्रकार लोगों तक सही सूचनाएं पहुंचाने के अपने जुनून में ये खतरे उठाते हैं और यदा कदा अपने प्राण भी गंवाते रहे हैं। शस्त्र के रूप में उनके पास एक अदद कैमरा, मोबाइल फोन या कलम ही होती है।

बावजूद इसके लोगों को सच से वाकिफ कराने की जिद ही उनसे यह काम करा लेती है। हालांकि कड़ी इसमें व्यावसायिक प्रतिस्पर्द्धा के चलते इसमें भी हेराफेरी होने लगी है।

हममे से बहुतों को पता नहीं होगा कि रमन कश्यप कौन थे, किसलिए उन्होंने अपनी जान दावं पर लगाई? जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक रमन क्षे‍त्रीय चैनल साधना प्लस के लिए काम करते थे। टीवी चैनल दूर दराज के इलाकों में आम तौर पर अस्थायी स्ट्रिंगरों की नियुक्तियां करते हैं, जिन्हें स्टोरी कवरेज के आधार पर कुछ पैसा दिया जाता है। रमन को भी जब तिकोनिया गांव में किसानों के विरोध प्रदर्शन की सूचना मिली तो वो भी कवरेज के लिए घटना स्थल पर पहुंचे।

इस कवरेज के बदले में उन्हें पांच सौ रूपए‍ मिलते। रमन का घर निघासन गांव में है। पत्रकारिता के साथ रमन एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का काम भी करते थे ताकि घर का खर्च चल सके। वो अपने पिता के तीन बेटो में से एक थे। रमन अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और बेटे को छोड़ गए हैं।

सवाल यह है कि रमन न तो आंदोलनकारी किसान थे, न भाजपा कार्यकर्ता थे और न ही मंत्री के स्टाफ में थे। ऐसे में उनको किसने, कैसे और क्यों मारा? पत्रकार के नाते उनकी किससे दुश्मनी थी या हो सकती है? और अगर इस देश में पत्रकारों भी मारने की कु-संस्कृति शुरू हो चुकी है तो नारद मुनि के इस मुल्क का ‘मालिक’ कहलाना भगवान भी  शायद ही पसंद करे। रमन की मौत कैसे हुई, वो महज हादसा था या सुविचारित हत्या, इसको लेकर अलग-अलग बातें हैं।

एक  डिजीटल साइट ‘गांव कनेक्शन’ के मुताबिक गांव तिकुनिया में यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का दौरा था। तिकुनिया केन्द्रीय मंत्री और इस पूरे मामले में संदेही अजय कुमार मिश्रा टेनी का गांव है। कृषि कानूनो का विरोध कर रहे किसान इस दौरे का भी विरोध कर रहे थे।

घटनास्थल पर मौजूद रमन के दोस्त और स्थानीय पत्रकार  जसप्रीत सिंह के मुताबिक जैसे ही मंत्री पुत्र आशीष मिश्रा की थार गाड़ी किसानों  को कुचलते गुजरने लगी तो उसने घटना का कवरेज कर रहे रमन को भी जोरदार टक्कर मारी। जिससे रमन 20-25 फीट दूर फिकाए। उनके सिर में गंभीर चोट लगी। जिससे रमन की वहीं मौत हो गई। कुछ लोगों के अनुसार रमन को गोली भी मारी गई, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई।

जब लखीमपुर हिंसा में पत्रकार की मौत की खबर आई तो सहसा किसी को विश्वास नहीं हुआ। लेकिन जल्द ही स्थिति साफ हो गई और पत्रकार जगत स्तब्ध रह गया। देश में संपादकों की सबसे बड़ी संस्था ‘एडिटर्स गिल्ड आॅफ इंडिया’ ने पत्रकार रमन कश्यप की मौत की जांच कोर्ट की विशेष टीम से कराने की मांग की है। गिल्ड ने कहा कि रमन की मौत को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं। उनकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, यह सामने आना चाहिए। लखनऊ जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने भी मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ से रमन कश्यप की मौत की जांच तथा उनके परिवार को 1 करोड़ रू. की आर्थिक मदद, पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

किसी ने नहीं सोचा था कि जो पत्रकार घटना के लिए कवरेज के लिए गया था, वो खुद ही इस तरह बुरी खबर बनकर एक लाश के रूप में लौटेगा। विडंबना तो यह है कि रमन की मौत की खबर भी परिजनो को मुर्दाघर से मिली। उनका घर भी अस्पताल के मुर्दाघर के रास्ते में ही पड़ता है। रमन की लाश घर के सामने से गुजर गई और घरवालों को पता भी नहीं चला। वो रमन को घटनास्थल पर ही ढूंढ रहे थे।

जबकि पुलिस का दावा है कि वो घायल रमन को पहले अस्पताल ले गई, जहां डाॅक्टरो ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्रकार की मौत के मामले में कोई संतोषजनक जवाब नही दे पा रही यूपी सरकार फिलहाल रमन के परिवार को दूसरे पीडि़तों की तरह 45 लाख रू. का मुआवजा चेक भिजवा दिया है।

दुदैव से रमन कश्यप देश के चौथे ऐसे पत्रकार हैं, जिन्होंने 2021 में कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपनी जान गंवाई है। देश में लगातार उन्मादी, हिंसक और असहिष्णु होती राजनीति तथा समाज ने पत्रकारिता को और जोखिम भरा बना दिया है। इसका अर्थ यह नहीं कि इस क्षेत्र में सब चंगा ही है,काली भेड़ें यहां भी हैं।

लेकिन हालात चुनौती भरे उनके लिए ज्यादा हैं ‍जो अभी भी अपने प्रोफेशन के बुनियादी उसूलो को जिंदा रखने और नहीं बिकने  में भरोसा कायम रखे हुए हैं। पत्रकार रमन की मौत भी वास्तव में एक ‘हत्या’ है। जांबाजी की। निर्भीकता और तूफान में खड़े रह सकने की जिद की।

Author profile
AJAY BOKIL
अजय बोकिल

जन्म तिथि : 17/07/1958, इंदौर

शिक्षा : एमएस्सी (वनस्पतिशास्त्र), एम.ए. (हिंदी साहित्य)

पता : ई 18/ 45 बंगले,  नार्थ टी टी नगर भोपाल

अनुभव :

पत्रकारिता का 33 वर्ष का अनुभव। शुरूआत प्रभात किरण’ इंदौर में सह संपादक से। इसके बाद नईदुनिया/नवदुनिया में सह संपादक से एसोसिएट संपादक तक। फिर संपादक प्रदेश टुडे पत्रिका। सम्प्रति : वरिष्ठ संपादक ‘सुबह सवेरे।‘

लेखन : 

लोकप्रिय स्तम्भ लेखन, यथा हस्तक्षेप ( सा. राज्य  की नईदुनिया) बतोलेबाज व टेस्ट काॅर्नर ( नवदुनिया) राइट क्लिक सुबह सवेरे।

शोध कार्य : 

पं. माखनलाल  चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विवि में श्री अरविंद पीठ पर शोध अध्येता के  रूप में कार्य। शोध ग्रंथ ‘श्री अरविंद की संचार अवधारणा’ प्रकाशित।

प्रकाशन : 

कहानी संग्रह ‘पास पडोस’ प्रकाशित। कई रिपोर्ताज व आलेख प्रकाशित। मातृ भाषा मराठी में भी लेखन। दूरदर्शन आकाशवाणी तथा विधानसभा के लिए समीक्षा लेखन।

पुरस्कार : 

स्व: जगदीश प्रसाद चतुर्वेदी उत्कृष्ट युवा पुरस्कार, मप्र मराठी साहित्य संघ द्वारा जीवन गौरव पुरस्कार, मप्र मराठी अकादमी द्वारा मराठी प्रतिभा सम्मान व कई और सम्मान।

विदेश यात्रा : 

समकाालीन हिंदी साहित्य सम्मेलन कोलंबो (श्रीलंका)  में सहभागिता। नेपाल व भूटान का भ्रमण।