Lapse in CM’s Security : CM की सुरक्षा में चूक, युवक पिस्टल लेकर ऑफिस तक पहुंचा!

घटना को गंभीर मानते हुए 8 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया!

380

Lapse in CM’s Security : CM की सुरक्षा में चूक, युवक पिस्टल लेकर ऑफिस तक पहुंचा!

Raipur : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। यह घटना 25 फरवरी रात की है, जब करीब साढ़े 9 बजे एक युवक पिस्टल के साथ मुख्यमंत्री के अस्थाई कैंप कार्यालय पहुना पहुंच गया। पिस्टल के साथ वह मुख्यमंत्री के ऑफिस के कुछ ही कदम की दूरी तक पहुंचा।इसे गंभीर चूक मानते हुए 8 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

जिन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया, वे मैन गेट और सुरक्षा घेरे के पहले और दूसरे सर्कल में तैनात बताए जाते हैं। व्यक्ति लाइसेंसी पिस्टल के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय के बेहद नजदीक पहुंच गया था। वीआईपी गाड़ी से आने की वजह से मुख्यमंत्री आवास के सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति की चेकिंग नहीं की। लेकिन मुख्यमंत्री कक्ष के बाहर जब उसकी जांच की गई तो उसके पास से एक पिस्टल मिला तो तुरंत रोक दिया गया। साथ ही उसके पास मौजूद पिस्‍टल को भी जब्त कर लिया गया।

यह व्यक्ति मुख्यमंत्री साय के निजी स्टाफ में मौजूद कर्मी के साथ गाड़ी में बैठकर पहुना के मेन गेट से अंदर पहुंचा। मुख्यमंत्री के निजी स्टाफ के साथ देखकर बाकी सुरक्षाकर्मियों ने भी कड़ी जांच नहीं की, जिस कारण पूरी घटना होना बताया जा रहा है।

सुरक्षा में लगे 8 पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगने के मामले में पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है। अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई कि मुख्यमंत्री के ऑफिस तक पिस्टल लेकर पहुंचने वाला व्यक्ति कौन है! खबरों के अनुसार वह कोई ठेकेदार बताया जा रहा है। दूसरी सूचना में उसे पार्टी से जुड़ा व्यक्ति भी बताया गया। व्यक्ति के साथ क्या कार्रवाई हुई, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सिर्फ सुरक्षा कर्मियों के निलंबन की जानकारी दी गई।