Mandsaur News – नगरपालिका में भाजपा की रमादेवी अध्यक्ष, नम्रता उपाध्यक्ष निर्वाचित कांग्रेस में लगी सेंध, हुई क्रॉस वोटिंग

मंदसौर से डॉ. घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। प्रदेश की सबसे बड़ी और 127 वर्ष की स्थापित मंदसौर नगरपालिका परिषद में पुनः भाजपा ने कब्ज़ा जमाया।
चालीस वार्डो में भाजपा के 29 पार्षद जीत कर आये। जबकि कांग्रेस को 8 वार्डो में सफलता मिली। तीन निर्दलीय विजयी हुए।

नगरपालिका का प्रथम सम्मिलन बुधवार को आहूत हुआ। जिसमें अध्यक्ष पद पर श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर 34 पार्षदों के मत प्राप्त कर विजयी हुई। कांग्रेस की श्रीमती पिंकी कमलेश सोनी को मात्र 6 पार्षदों ने समर्थन दिया।

इसी प्रकार नगरपालिका उपाध्यक्ष पद निर्वाचन में भाजपा की श्रीमती नम्रता प्रितेश चावला विजयी हुई। उन्हें 33 मत मिले जबकि कांग्रेस से चुनाव लड़े तरुण नरेंद्र शर्मा को केवल 7 मतों से संतोष करना पड़ा।

माना जा रहा है कि तीन निर्दलीय वार्ड पार्षदों ने अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए भाजपा को अपने मत दिये। जबकि कांग्रेस के निर्वाचित 8 पार्षदों ने भी क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को वोटिंग की।

WhatsApp Image 2022 08 10 at 3.23.59 PM

मंदसौर नगरपालिका में नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर अब तक के इतिहास की चौथी महिला अध्यक्ष होंगी। पिछले चार दशकों से नगरपालिका में भाजपा का बहुमत रहा है अब पुनः पांच वर्षों के लिए सत्ता मिली है।

श्रीमती रमादेवी गुर्जर इसके पूर्व मंदसौर जनपद पंचायत की अध्यक्ष रही और कृषि उपज मंडी मंदसौर अध्यक्ष का दायित्व भी निर्वहन किया है। आपके पति श्री बंशीलाल गुर्जर वर्तमान में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, वे इसके पहले भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी रहे हैं।

WhatsApp Image 2022 08 10 at 3.27.33 PM

नई उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता चावला राजनीतिक और सार्वजनिक क्षेत्र में नई हैं। धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। आपके पति श्री प्रितेश चावला जिले की रेडक्रॉस सोसायटी के चैयरमैन हैं। ससुर पूर्व गृहमंत्री श्री कैलाश चावला प्रदेश राजनीति में जाना पहचाना चेहरा हैं।

यह भी विशेषता है कि सन 1985 में श्री कैलाश चावला मंदसौर नगरपालिका के अध्यक्ष रहे हैं।

नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस को बुरी हार देखना पड़ी। 40 वार्डो में मात्र 8 पार्षद जीते। अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में पार्टी ने प्रत्याशी उतारे परन्तु उन्हें कांग्रेस पार्षदों ने भी मत नहीं दिया । यह संगठनात्मक कमजोरी बताता है। वहीं भाजपा ने पकड़ बनाये रखी और निर्दलियों समेत कांग्रेस पार्षदों के मत भी अपने पक्ष में किये।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री गौतमसिंह ने अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को विधिवत प्रमाण पत्र सौंपे।

नगरपालिका मंदसौर की अपील समिति के दो सदस्यों का निर्वाचन निर्विरोध हुआ । इसमें श्रीमती शान्ति दिनेश फरक्या एवं श्री दीपक गाजवा चुने गए।

नगरपालिका के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अपील समिति सदस्य सभी पहली बार पार्षद निर्वाचित हुए हैं।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर ने मीडिया से संक्षिप्त चर्चा में नगर विकास के हर कार्य को प्राथमिकता और मुख्यमंत्री जी की समस्त कल्याण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर बल दिया।

श्रीमती गुर्जर एवं उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता चावला ने पार्टी संगठन और सभी पार्षदों के प्रति आभार जताया और कहा नगर हित मे सब मिलकर काम करेंगे।

निर्वाचन के बाद जुलूस स्वागत सम्मान हुआ। कलेक्टोरेट में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का बड़ा जमावड़ा रहा।