मोदी सरकार ने 17 चुनी सरकारें गिराई, 500 विधायकों, 200 सांसदों की हुई खरीद फरोख्त, जीतू पटवारी ने इटारसी में लगाए गंभीर आरोप

मोदी सरकार ने 17 चुनी सरकारें गिराई, 500 विधायकों, 200 सांसदों की हुई खरीद फरोख्त, जीतू पटवारी ने इटारसी में लगाए गंभीर आरोप

बोले जिन 141 लोगों पर ई डी या सीबीआई के छापे पड़े, उनमें से 131 को भाजपा में कर लिया भर्ती

अरुण यादव ने सुरेश पचौरी पर लगाए गंभीर आरोप विवेक तनखा बोले कांग्रेस को सत्ता में नहीं लाए तो देश में आ जायेगा नया संविधान देखें दो वीडियो, क्या, क्या बोले श्री पटवारी

संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट

इटारसी। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरएमएस चौराहे पर हुई कांग्रेस की एक बड़ी सभा में केंद्र शासित भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। रात करीब 8:25 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता झंडा लहराते हुए पटवारी को सभास्थल पर लाए। रास्ते में रेलवे स्टेशन तिराहे पर श्री पटवारी ने एक चाय की दुकान पर रुककर कांग्रेस प्रत्याशी संजय शर्मा,जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जैसवाल के साथ चाय पी,चाय वाले से बातचीत कर उसके हाल चाल पूछे और फिर उसकी चाय की तारीफ करते हुए सभा मंच की तरफ चल दिए। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को उनके आने का समय शाम 6:30 बजे बताया था।

WhatsApp Image 2024 04 23 at 13.41.31 2

इसके एक घंटे बाद रात 7.30 बजे सभा शुरू कर दी गई जिसे स्थानीय वक्ताओं के संबोधनों से प्रारंभ कर दिया गया। सभा में अपने भाषण में जीतू पटवारी ने मुख्य वक्ता के रूप में श्रोताओं से पूछा, केंद्र सरकार ने क्या किया? फिर वे खुद ही जवाब देते हुए बोले कि 17 चुनी हुई सरकारें गिरा दीं। 500 विधायकों और 200 सांसदों की खरीद फरोख्त कर ली। जिन पर ईडी व सीबीआई के छापे पड़े, उन 141 में से 131 बीजेपी में भर्ती कर लिए गए। पटवारी ने बिना नाम लिए भाजपा प्रत्याशी दर्शन चौधरी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि किसान नेता ने किसानों की भावना शिवराज को बेच दी और अब लोकसभा की टिकट ले ली। श्री पटवारी ने कहा कि देश में मंहगाई की मार है, बेरोजगारी बढ़ रही है, इन मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। वे बोले कि भाजपा हमेशा झूठ के बल पर चुनाव जीतती आई है। वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए योगदान दिया है। मैं मानता हूं कि जिस तरह का आगाज पहले चरण के मतदान में हुआ है, यह वक्त बदलने वाला है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने ऐसा देश बनाकर दिया जिसमें सभी जाति, धर्म के लोग एक साथ रहते हैं। बाद में मीडिया से अलग से चर्चा करते हुए श्री पटवारी ने महंगाई,बेरोजगारी पर भाजपा को घेरा।

उन्होंने पूछा कि मोदी जी क्या 1000 का पेट्रोल करना चाहते है। अच्छे दिन आएंगे, ये कैसे अच्छे दिन। टेक्स की मार ने जनता, व्यापारी सहित सभी वर्ग की कमर तोड़ दी हैं। एलक्ट्रोलर बांड के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा हैं। देश मे संविधान बचेगा या नही यह भी तय नही है फिर कैसे अच्छे दिन लाये मोदीजी ने। देश की अस्मत खतरे मे हैं। देश में महिलाएं सुरक्षित नही हैं। भाजपा ने देश में घृणा और नफरत का वातावरण पैदा किया है।

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, राज्यसभा सदस्य विवेक तनखा पूर्व मंत्री ओमकार मरकाम, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल, पूर्व नपा अध्यक्ष रवि जायसवाल, पूर्व पार्षद राजेंद्र मालवीय, पूर्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष माधवी मिश्रा, आम आदमी पार्टी के नेता राजेश गुप्ता ने भी सभा को संबोधित किया। मंच से कांग्रेस उम्मीदवार संजय शर्मा ने चेताया कि जिस भी बूथ पर हार-जीत होगी, सबकी चुनाव के बाद समीक्षा की जाएगी।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने हाल ही में भाजपा में शामिल हुए सुरेश पचोरी पर बिना उनका नाम लिए तीखे कटाक्ष किए। वे बोले कि पहले तो हमें होशंगाबाद आने में ही डर लगता था, यहां एक नेता का राज था उनसे परमीशन लेनी पड़ती थी। हालांकि वो टिकट कटाउ नेता खुद कभी कोई चुनाव नहीं जीत पाया।

राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा जब बोल रहे थे तब इटारसी के पार्षद व अन्य समर्थक एक-एक करके श्री पटवारी के पास बात करने आने लगे। इस पर तन्खा नाराज हो गए। तन्खा ने अपने भाषण में जनता से कहा कि यदि कांग्रेस नहीं लाओगे तो देश में नया संविधान आ जाएगा। उन्होंने कहा कि भय का बातावरण खत्म करना है तो कांग्रेस प्रत्याशी को जिताना होगा। नर्मदांचल महान जनों, संतों की जन्मभूमि है, इसी भूमि पर जन्मे नेक दिल संजय शर्मा कांग्रेस के प्रत्याशी हैं।

जनसभा में मंच पर पूर्व मंत्री विजय दुबे काकू भाई, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय गोठी, रमेश के साहू, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल, कांग्रेस यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी, महिला विंग अध्यक्ष नेहा चावरे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रवि जायसवाल, जिलाध्यक्ष मयंक चौरे, जिला संगठन महामंत्री मधुसूदन यादव, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के नेता लाली सलूजा, पूर्व पार्षद अजय शुक्ला, माधवी मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता स्पर्श चौधरी, वरिष्ठ पार्षद धर्मदास मिहानी, पूर्व मंडी अध्यक्ष रमेश बामने, वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंद्रगोपाल मलैया, वरिष्ठ पार्षद धर्मदास मिहानी, नगर अध्यक्ष कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ रवि अग्रवाल, नपा में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती सिद्दीकी आदि उपस्थित थे। स्वागत भाषण कांग्रेस मीडिया विभाग के जिला प्रवक्ता अनिल रैकवार ने दिया। संचालन नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष सोम दुबे ने और आभार प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडे गुड्डन ने किया।