फिल्म समीक्षा : हमारे 12 – सभी भटके हुए और अतार्किक

फिल्म समीक्षा : हमारे 12 – सभी भटके हुए और अतार्किक

हमारे बारह फिल्म का एक पोस्टर है जो फिल्म का मजमून बता देता है। दाढ़ी-टोपी-शेरवानी वाले अन्नू कपूर के पीछे दो बुर्काधारी गर्भवती महिलाएं और कुछ अन्य स्त्रियां खड़ी हैं, जिनके हाथ बंधे हुए हैं और होंठ धागे से सिले हैं। लंबे विवादों में रही ‘हमारे बारह’ को आखिर सिनेमाघरों तक पहुंचने की इजाज़त कोर्ट से मिल गई। कोर्ट के आदेश से फिल्म के कुछ दृश्य  हटाए गए और डिस्क्लैमलर लगाना पड़ा। कोर्ट के ही आदेश से जो संवाद हटाए नहीं गए उन्हें म्यूट करना पड़ा।  अगर फिल्म में मुस्लिम समाज को टारगेट नहीं बनाया जाता तो शायद यह गंभीर फिल्म होती।  निर्माता का महिला सशक्तिकरण और जनसंख्या नियंत्रण जैसे मुद्दों का दावा सही होता। गर्भपात पर महिला के अधिकार पर विमर्श होता।

‘देश का विकास सरकार की जिम्मेदारी है और परिवार का विकास पुरुष की जिम्मेदारी’ – यह मानना है लखनऊ के नवाब साहब का।  वे सरकारी व्यवस्था को तो ज़रूरी मानते हैं लेकिन सरकारी नियम-कायदों को नहीं। उन्हें बच्चों से बहुत प्यार है, पर प्रवृत्ति अड़ियल है और बच्चों को मनचाही पढ़ाई नहीं करने देते।  ग्यारह बच्चे हैं, बारहवां आने की राह में है। आधे दर्जन बच्चों की खेप के बाद पहली बेगम की मौत बच्चा जनते समय हो गई।  दूसरी बेगम आधी उम्र  की है और चार के बाद पांचवीं उम्मीद में मरणासन्न है।  यह गर्भ उनकी पत्नी के लिए जानलेवा है, बच्चे को जन्म देने के बाद उनके बचने की कोई उम्मीद नहीं है। नवाब साहब को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। नहीं मान रहे। कहते हैं इस्लाम में गर्भपात पाप है।  पिता की मनमानी से तंग आकर नवाब साहब की बेटी अल्फिया अपनी छोटी मां की जान बचाने के लिए कोर्ट जाने का फैसला करती है।  

मनोज जोशी ने इसमें वकील साहब को भूमिका की है।  वे भी मुस्लिम हैं और उनके दो बच्चे हैं। बेटी मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही है। भले और प्रगतिशील हैं। लेकिन उनके चरित्र पर फिल्म नहीं है। अपवाद यानी नवाब साहब  पर है। फ़िल्मका र ने मान लिया है कि केवल मुसलमानों के ही दर्जन भर बच्चे होते हैं। लालू यादव के 9 और शोभा डे के 6 बच्चे हैं, शायद उन्हें पता नहीं होगा। 

 

अन्नू कपूर अपने आप में ओवर एक्टिंग की दुकान हैं और पूरी  फिल्म में पकाते  हैं।  बात-बात में घर पर भी अल्ला हू अकबर बोलते हैं। ऐसा कौन बोलता है भाई?

मैंने यह फिल्म देखकर रुपये और वक्त बर्बाद किया। आप भी करना चाहें तो कौन रोक सकता है? अल्ला हू अकबर !

अझेलनीय फिल्म है।

Author profile
thumb 14 180 180 0 0 crop
डॉ. प्रकाश हिन्दुस्तानी

डॉ. प्रकाश हिन्दुस्तानी जाने-माने पत्रकार और ब्लॉगर हैं। वे हिन्दी में सोशल मीडिया के पहले और महत्वपूर्ण विश्लेषक हैं। जब लोग सोशल मीडिया से परिचित भी नहीं थे, तब से वे इस क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। पत्रकार के रूप में वे 30 से अधिक वर्ष तक नईदुनिया, धर्मयुग, नवभारत टाइम्स, दैनिक भास्कर आदि पत्र-पत्रिकाओं में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वे हिन्दी के पहले वेब पोर्टल के संस्थापक संपादक भी हैं। टीवी चैनल पर भी उन्हें कार्य का अनुभव हैं। कह सकते है कि वे एक ऐसे पत्रकार है, जिन्हें प्रिंट, टेलीविजन और वेब मीडिया में कार्य करने का अनुभव हैं। हिन्दी को इंटरनेट पर स्थापित करने में उनकी प्रमुख भूमिका रही हैं। वे जाने-माने ब्लॉगर भी हैं और एबीपी न्यूज चैनल द्वारा उन्हें देश के टॉप-10 ब्लॉगर्स में शामिल कर सम्मानित किया जा चुका हैं। इसके अलावा वे एक ब्लॉगर के रूप में देश के अलावा भूटान और श्रीलंका में भी सम्मानित हो चुके हैं। अमेरिका के रटगर्स विश्वविद्यालय में उन्होंने हिन्दी इंटरनेट पत्रकारिता पर अपना शोध पत्र भी पढ़ा था। हिन्दी इंटरनेट पत्रकारिता पर पीएच-डी करने वाले वे पहले शोधार्थी हैं। अपनी निजी वेबसाइट्स शुरू करने वाले भी वे भारत के पहले पत्रकार हैं, जिनकी वेबसाइट 1999 में शुरू हो चुकी थी। पहले यह वेबसाइट अंग्रेजी में थी और अब हिन्दी में है।

डॉ. प्रकाश हिन्दुस्तानी ने नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने पर एक किताब भी लिखी, जो केवल चार दिन में लिखी गई और दो दिन में मुद्रित हुई। इस किताब का विमोचन श्री नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के एक दिन पहले 25 मई 2014 को इंदौर प्रेस क्लब में हुआ था। इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पर ही डॉ. अमित नागपाल के साथ मिलकर अंग्रेजी में एक किताब पर्सनल ब्रांडिंग, स्टोरी टेलिंग एंड बियांड भी लिखी है, जो केवल छह माह में ही अमेजॉन द्वारा बेस्ट सेलर घोषित की जा चुकी है। अब इस किताब का दूसरा संस्करण भी आ चुका है।