MP Loksabha BJP’s List: 13 सांसदों को फिर मौका, 4 महिलाओं को भी टिकट,आधे नए चेहरे

शिवराज को टिकट देकर मोहन की राह आसान की!

MP Loksabha BJP’s List: 13 सांसदों को फिर मौका, 4 महिलाओं को भी टिकट,आधे नए चेहरे

* दिनेश निगम ‘त्यागी’ का विशेष राजनीतिक विश्लेषण

जैसी संभावना थी, वही हुआ। लोकसभा चुनावों की घोषणा हुई नहीं और भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने पहली बार में ही प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 24 के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सूची में आधे नए चेहरे हैं तो विधानसभा चुनाव हारे 5 नेता भी टिकट पाने में सफल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदिशा से टिकट देकर केंद्र की राजनीति में भेजा जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की राह में कोई रुकावट न रहे। भोपाल से उनके समर्थक पूर्व महापौर आलोक शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है। सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का टिकट काट दिया गया है। महात्मा गांधी को लेकर की गई एक टिप्पणी के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे नाराज थे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। केपी सिंह यादव ने पिछले चुनाव में सिंधिया को हराया था, उनका टिकट काटा गया है। केपी का सिंधिया के साथ छत्तीस का आंकड़ा चल रहा था। खजुराहो से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को फिर टिकट मिला है। टिकट वितरण में शिवराज सिंह के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का भी ख्याल रखते हुए मुरैना और ग्वालियर में उनकी पसंद के लोगों को टिकट दिए गए हैं। मुरैना में शिवमंगल सिंह तोमर और ग्वालियर से भगत सिंह कुशवाहा को टिकट मिला है। मुरैना नरेंद्र तोमर की सीट थी जबकि ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर का टिकट काट दिया गया है।
0 ये हैं भाजपा के 50 फीसदी नए चेहरे
भाजपा द्वारा घोषित सूची में 13 मौजूदा सांसद शमिल हैं तो लगभग 50 फीसदी नए चेहरों को मौका मिला है। इनमें मुरैना से शिवमंगल सिंह तोमर, ग्वालियर से भगत सिंह कुशवाहा, गुना से ज्योतिरािदत्य सिंधिया, सागर से लता वानखेड़े, दमोह से राहुल लोधी, सीधी से डॉ राजेश मिश्रा, जबलपुर से आशीष दुबे, होशंगाबाद से दर्शन सिंह चौधरी, विदिशा से शिवराज सिंह चौहान, भोपाल से आलोक शर्मा तथा रतलाम से अनिता नागर सिंह चौहान शामिल हैं।
0 ये पुराने चेहरे नहीं दिखेंगे मैदान में
भाजपा द्वारा जारी सूची के बाद लगभग आधे पुराने चेहरे इस बार मैदान में नहीं होंगे। इनमें मुरैना से नरेंद्र सिंह तोमर, ग्वालियर से विवेक शेजवलकर, गुना से केपी सिंह यादव, सागर से राजकुमार सिंह, दमोह से प्रहलाद पटेल, सीधी से रीति पाठक, जबलपुर से राकेश सिंह, होशंगाबाद से उदय प्रताप सिंह, विदिशा से रमाकांत भार्गव, भोपाल से प्रज्ञा ठाकुर और रतलाम से गुमान सिंह डामोर शामिल हैं। इनमें से नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, रीति पाठक, उदय प्रताप सिंह और राकेश सिंह विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं।

*0 सिर्फ 4 महिलाओं को मिल सका टिकट*
भाजपा सूत्र बता रहे थे कि पार्टी इस लोकसभा चुनाव में 33 फीसदी महिलाओं को टिकट देगी। 7-9 महिलाओं को टिकट देने की बात कही जा रही थी लेकिन सिर्फ 4 को मौका मिल सका। ये हैं भिंड से संध्या राय, सागर से लता वानखेड़े, शहडाेल से हिमाद्री सिंह और रतलाम से अनिता नागर सिंह चौहान।

*0 चुनाव हारे नेताओं की भी खुली लाटरी*
भाजपा द्वारा जारी सूची में 5 ऐसे चेहरे हैं जो विधानसभा का चुनाव हार चुके हैं। भाजपा की सूची में उनके नाम भी लाटरी खुल गई है। इनमें दो सांसद गणेश सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते भी शामिल हैं। इन दोनों को विधानसभा चुनाव लड़ाया गया था लेकिन वे जीत नहीं सके। उनके टिकट कटने की संभावना व्यक्त की जा रही थी, लेकिन ये बाजी मार ले गए। इनके अलावा राहुल लोधी को दमोह उप चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा था। आलोक शर्मा और भारत सिंह कुशवाहा भी विधानसभा का चुनाव हार चुके हैं। इन पांचों को लोकसभा का टिकट मिल गया है।

*0 इन 13 सांसदों को फिर मिला मौका*
भाजपा ने जिन 13 सांसदों पर फिर भरोसा किया है, उनमें दुर्गादास उइके बैतूल, संध्या राय भिंड, वीरेंद्र खटीक टीकमगढ़, वीडी शर्मा खजुराहो, गणेश सिंह सतना, जनार्दन मिश्रा रीवा, हिमाद्री सिंह शहडोल, फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला, रोडमल नागर राजगढ़, महेंद्र सिंह सोलंकी देवास, सुधीर गुप्ता मंदसौर, गजेंद्र पटेल खरगोन और ज्ञानेश्वर पाटिल खंडवा शामिल हैं।