Party Changed : 12Congress worker भाजपा में आए या धोखे से लाए गए

742

Party Changed : 12Congress worker भाजपा में आए या धोखे से लाए गए

(बड़वानी से सचिन राठौड़ की रिपोर्ट)

बड़वानी। यहां कांग्रेस के 12 कार्यकर्ताओं (Congress workers)को धोखे से भाजपा में शामिल करवाने पर राजनीति गरमा गई। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा का एक कार्यकर्ता झूठ बोलकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंत्री के पास ले गया और धोखे से उन्हें भाजपा में शामिल करवा दिया।

भाजपा मंडल अध्यक्ष का कहना है कि किसी भी कांग्रेसी कार्यकर्ता को जबरन शामिल नहीं कराया गया, सब अपनी मर्जी से आए थे। कांग्रेस डरा धमकाकर उन्हें वापस पार्टी में शामिल करवा रही है।

प्रदेश के पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल की उपस्थिति में 12 कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद यहां राजनीतिक भूचाल आ गया। कांग्रेस के नेता और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजन मंडलोई ने मीडिया के सामने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को मंत्री के पास काम का बोल कर ले गया और वहां जबरदस्ती गमछा डालकर उन्हें भाजपा कार्यकर्ता बना दिया।

भाजपा में कथित रूप से शामिल हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का भी कहना है कि उन्हें धोखे से ले जाया गया और गमछे पहना दिए। वहीं इस पूरे मामले पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा गोले ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता को डरा धमका कर वापस शामिल कर रही है। सभी कार्यकर्ता अपनी मर्जी से भाजपा में शामिल हुए थे और खुशी से शामिल हुए।

दोनों ही पार्टी के अपने अलग-अलग दावे हैं। लेकिन, जब किसी पार्टी का कार्यकर्ता किसी अन्य पार्टी में शामिल होता है तो राजनीति जरूर गरमाती है और इस बार भी ऐसा ही कुछ देखने को मिल रहा है।