Robber Bride : शादी के बाद ससुराल से जेवर और 30 हजार लेकर दुल्हन फरार!

दुल्हन के परिवार को भी असलियत नहीं पता, आशंका है कि प्रेमी के साथ भागी!

482

Robber Bride : शादी के बाद ससुराल से जेवर और 30 हजार लेकर दुल्हन फरार!

Chitrakoot : शादी के बाद मायके से विदा होकर ससुराल पहुंची नई दुल्हन मौका पाकर सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार नकद लेकर फरार हो गई। इससे दूल्हे पक्ष में हड़कंप मच गया। मामला रैपुरा थाना क्षेत्र के कपूरी गांव का है, जहां अशोक नाम के युवक की शादी मऊ तहसील के शिकरी गांव की रहने वाली निशा से हुई थी।

शादी 18 अप्रैल को हुई। दूल्हा अशोक कुमार रीति-रिवाज के साथ बड़े ही धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ बरात लेकर दुल्हन निशा के घर पहुंचा। पूरे नेगचार के साथ शादी संपन्न हुई और अगले दिन बारात विदा होकर दुल्हन को लेकर वापस 3 बजे घर लौट आई। दूल्हे पक्ष के लोग आगे के नेगचार करने में जुटे थे, तभी रात 8 बजे दुल्हन ने मौका पाकर जेवरात और 30 हजार की नकद लेकर घर के पिछले दरवाजे से फरार हो गई। जब लड़के पक्ष के परिजन दुल्हन को कमरे में उसे लेने पहुंचे तो दुल्हन गायब थी। उन्होंने बक्से को देखा तो जेवरात और नकदी भी गायब मिली।

दूल्हे और उसके परिजनों ने दुल्हन को खूब ढूंढा लेकिन उसका कही सुराग नहीं लगा। दूल्हे ने लुटेरी दुल्हन के खिलाफ थाने में शिकायत कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करना शुरू कर दी है। दुल्हन के माता-पिता को पुलिस ने बुलाकर पूछताछ करना शुरू की। पीड़ित दूल्हे का कहना है कि उसकी दुल्हन ने क्यों ऐसा किया, उसे नहीं पता। लेकिन, समझा जा रहा है कि दुल्हन उसके प्रेमी के साथ फरार हुई है।

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी का कहना है कि दूल्हे पक्ष की तरफ से दुल्हन के जेवरात और नकदी लेकर फरार होने की सूचना मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। आशंका है कि दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हुई होगी। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया जाएगा।