दुनिया की दो बड़ी शख्सियत सप्रे और शेक्सपियर…

दुनिया की दो बड़ी शख्सियत सप्रे और शेक्सपियर…

अप्रैल का महीना इन दिनों भारत में लोकतांत्रिक यज्ञ की आहुतियां देने में व्यस्त है। हालांकि यह तो सामान्यतः पांचसाला यज्ञ है। अभी भी पांच साल बाद ही आया है। पर इसी अप्रैल के महीने से जुड़ी हैं दुनिया की दो बड़ी शख्सियत। एक हैं भारत के पंडित माधवराव सप्रे तो दूसरे हैं इंग्लैंड के विलियम शेक्सपियर। दोनों ही लेखनी के धनी थे। दोनों के बारे में कुछ कुछ बातें कर मन को तरोताजा करते हैं।

पहले बात करते हैं पं. माधवराव सप्रे की। पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रभाषा हिन्दी के उन्नायक, प्रखर चिंतक, मनीषी संपादक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और सार्वजनिक कार्यों के लिये समर्पित कार्यकर्ताओं की श्रृंखला तैयार करने वाले प्रेरक-मार्गदर्शक थे। गुरु कर्मयोगी पं. माधवराव सप्रे का कृतित्व और अवदान कालजयी है। माधवराव सप्रे जी की कहानी ‘एक टोकरी भर मिट्टी’ को हिंदी की पहली कहानी होने का श्रेय प्राप्त है। माधवराव सप्रे का जन्म 19 जून 1871 में मध्य प्रदेश के दमोह ज़िले के पथरिया ग्राम में हुआ था। सन् 1900 में जब समूचे छत्तीसगढ़ में प्रिंटिंग प्रेस नहीं था तब इन्होंने बिलासपुर ज़िले के एक छोटे से गांव पेंड्रा से “छत्तीसगढ़ मित्र” नामक मासिक पत्रिका निकाली। हालांकि यह पत्रिका सिर्फ़ तीन साल ही चल पाई। सप्रे जी ने लोकमान्य तिलक के मराठी केसरी को यहां हिंद केसरी के रुप में छापना प्रारंभ किया, साथ ही हिंदी साहित्यकारों व लेखकों को एक सूत्र में पिरोने के लिए नागपुर से हिंदी ग्रंथमाला भी प्रकाशित की। इन्होंने कर्मवीर के प्रकाशन में भी महती भूमिका निभाई। सप्रे जी ने लेखन के साथ-साथ विख्यात संत समर्थ रामदास के मराठी दासबोध व महाभारत की मीमांसा, दत्त भार्गव, श्री राम चरित्र, एकनाथ चरित्र और आत्म विद्या जैसे मराठी ग्रंथों, पुस्तकों का हिंदी में अनुवाद भी बखूबी किया। 1924 में हिंदी साहित्य सम्मेलन के देहरादून अधिवेशन में सभापति रहे सप्रे जी ने 1921 में रायपुर में राष्ट्रीय विद्यालय की स्थापना की और साथ ही रायपुर में ही पहले कन्या विद्यालय जानकी देवी महिला पाठशाला की भी स्थापना की। यह दोनों विद्यालय आज भी चल रहे हैं। सप्रे जी का कथन था कि “मैं महाराष्ट्री हूं पर हिंदी के विषय में मु्झे उतना ही अभिमान है जितना कि किसी हिंदीभाषी को हो सकता है।” सप्रे जी ने छत्‍तीसगढ में वैचारिक सामाजिक क्रांति के अलख जगाने का काम पूरी प्रतिबद्धता से किया है।

कहानीकार, निबंधकार, समीक्षक, अनुवादक, संपादक सप्रे की मुख्य रचनाएँ स्वदेशी आंदोलन और बॉयकाट, यूरोप के इतिहास से सीखने योग्य बातें, हमारे सामाजिक ह्रास के कुछ कारणों का विचार, माधवराव सप्रे की कहानियाँ, हिंदी केसरी (पत्रिका), छत्तीसगढ़ मित्र (पत्रिका) आदि हैं। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित माधवराव सप्रे स्मृति समाचार पत्र संग्रहालय उनके सामाजिक योगदान को चरितार्थ कर रहा है। पत्र-पत्रिका प्रकाशन व संपादन की इच्‍छा सदैव इनके साथ रही इसी क्रम में मित्रों के अनुरोध एवं पत्रकारिता के जज्बे के कारण 1919- 1920 में पं. माधवराव सप्रे जी जबलपुर आ गए और ‘कर्मवीर’ नामक पत्रिका का प्रकाशन आरंभ किया जिसके संपादक पं. माखन लाल चतुर्वेदी जी बनाए गए। उन्‍होंने देहरादून में आयोजित 15 वें अखिल भारतीय साहित्‍य सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता भी की एवं अपनी प्रेरणा से जबलपुर में राष्‍ट्रीय हिन्‍दी मंदिर की स्‍थापना करवाई जिसके सहयोग से ‘छात्र सहोदर’, ‘तिलक’, हितकारिणी’, ‘श्री शारदा’ जैसे हिन्‍दी साहित्‍य के महत्‍वपूर्ण पत्रिकाओं का प्रकाशन संभव हुआ जिसका आज तक महत्‍व विद्यमान है। हिंदी के पहले कहानीकार पं. माधवराव सप्रे का निधन 23 अप्रैल,1926 को हो गया।

विलियम शेक्स्पीयर (23 अप्रैल 1564 – 23 अप्रैल 1616 ) अंग्रेज़ी के कवि, काव्यात्मकता के विद्वान नाटककार तथा अभिनेता थे। उनके नाटकों का लगभग सभी प्रमुख भाषाओं में अनुवाद हुआ है।शेक्स्पीयर में अत्यंत उच्च कोटि की सृजनात्मक प्रतिभा थी और साथ ही उन्हें कला के नियमों का सहज ज्ञान भी था। प्रकृति से उन्हें मानो वरदान मिला था अत: उन्होंने जो कुछ छू दिया वह सोना हो गया। उनकी रचनाएँ न केवल अंग्रेज जाति के लिए गौरव की वस्तु हैं वरन् विश्ववांमय की भी अमर विभूति हैं। शेक्स्पीयर की कल्पना जितनी प्रखर थी उतना ही गंभीर उनके जीवन का अनुभव भी था। अत: जहाँ एक ओर उनके नाटकों तथा उनकी कविताओं से आनंद की उपलब्धि होती है वहीं दूसरी ओर उनकी रचनाओं से हमको गंभीर जीवनदर्शन भी प्राप्त होता है। विश्वसाहित्य के इतिहास में शेक्स्पीयर के समकक्ष रखे जाने वाले विरले ही कवि मिलते हैं।

शेक्स्पीयर, जॉन शेक्स्पीयर, चमड़े के व्यापारी और मैरी आरडेन की तीसरी संतान थी, जो स्थानीय उत्तराधिकारिणी थी। शेक्सपियर की दो बड़ी बहनें, जोन और जुडिथ और तीन छोटे भाई, गिल्बर्ट, रिचर्ड और एडमंड थे। शेक्सपियर के जन्म से पहले, उनके पिता एक सफल व्यापारी बन गए और एक महापौर से मिलते-जुलते अधिकारी और बेलीफ के रूप में आधिकारिक पदों पर रहे। हालांकि, रिकॉर्ड से संकेत मिलता है कि जॉन की किस्मत 1570 के दशक के अंत में घट गई। विलियम शेक्सपियर, जॉन शेक्सपियर तथा मेरी आर्डेन के ज्येष्ठ पुत्र एवं तीसरी संतान थे। इनका जन्म स्ट्रैटफोर्ड आन एवन में हुआ। बाल्यकाल में उनकी शिक्षा स्थानीय फ्री ग्रामर स्कूल में हुई। पिता की बढ़ती हुई आर्थिक कठिनाइयों के कारण उन्हें पाठशाला छोड़कर छोटे मोटे धंधों में लग जाना पड़ा। जीविका के लिए उन्होंने लंदन जाने का निश्चय किया। इस निश्चय का एक दूसरा कारण भी था। कदाचित् चार्ल कोट के जमींदार सर टामस लूसी के उद्यान से हिरण की चोरी की ओर कानूनी कार्यवाही के भय से उन्हें अपना जन्म स्थान छोड़ना पड़ा। शुरू में उन्होंने एक रंगशाला में किसी छोटी नौकरी पर काम किया, किंतु कुछ दिनों के बाद वे लार्ड चेंबरलेन की कंपनी के सदस्य बन गए और लंदन की प्रमुख रंगशालाओं में समय समय पर अभिनय में भाग लेने लगे। ग्यारह वर्ष के उपरांत सन् 1596 में ये स्ट्रैटफोर्ड आन एवन लौटे और अब इन्होंने अपने परिवार की आर्थिक व्यवस्था सुदृढ़ बना दी। सन् 1597 में इन्होंने धीरे धीरे नवनिर्माण एवं विस्तार किया। इसी भवन में सन् 1610 के बाद वे अपना अधिकाधिक समय व्यतीत करने लगे और वहीं सन् 1616 में उनका देहांत हुआ।

लगभग 20 वर्षों के साहित्यिक जीवन में शेक्सपियर की सर्जनात्मक प्रतिभा निरंतर विकसित होती गई। सामान्य रूप से इस विकासक्रम में चार विभिन्न अवस्थाएँ दिखाई देती हैं। प्रारंभिक अवस्था 1595 में समाप्त हुई। इस काल की प्राय: सभी रचनाएँ प्रयोगात्मक है। शेक्सपियर अभी तक अपना मार्ग निश्चित नहीं कर पाए थे, अतएव विभिन्न प्रचलित रचनाप्रणालियों को क्रम से कार्यान्वित करके अपना रचनाविधान सुस्थिर कर रहे थे, प्राचीन सुखांत नाटकों की प्रहसनात्मक शैली में उन्होंने ‘दी कामेडी ऑव एरर्स’ और ‘दी टेमिंग ऑफ दी सू’ की रचना की। तदुपरांत ‘लव्स लेबर्स लॉस्ट’ में इन्होंने लिली के दरबारी सुखांत नाटकों की परिपाटी अपनाई। इसमें राजदरबार का वातावरण उपस्थित किया गया है जो चतुर पात्रों के रोचक वार्तालाप से परिपूर्ण है। ‘दी टू जेंटिलमेन ऑव वेरोना’ में ग्रीन के स्वच्छंदतावादी सुखांत नाटकों का अनुकरण किया गया है। दु:खांत नाटक भी अनुकरणात्मक हैं। ‘रिचर्ड तृतीय’ में मालों का तथा ‘टाइटस एंड्रानिकस’ में किड का अनुकरण किया गया है किंतु ‘रोमियो ऐंड जुलिएट’ में मौलिकता का अंश अपेक्षाकृत अधिक है। इसी काल में लिखी हुई दोनों प्रसिद्ध कविताएँ ‘दी रेप आव् लुक्रीस’ और ‘वीनस ऐंड एडोनिस’ पर तत्कालीन इटालियन प्रेमकाव्य की छाप है। विकासक्रम की दूसरी अवस्था सन् 1600 में समाप्त हुई। ‘ए मिड समर नाइट्स ड्रीम’ तथा ‘दी मर्चेंट आव वेनिस’ रोचक एवं लोकप्रिय सुखांत नाटक हैं किंतु इनसे भी अधिक महत्व रखनेवाले शेक्यपियर के सर्वोत्कृष्ट सुखांत नाटक ‘मच एडो एबाउट नथिंग’, ‘ऐज यू लाइक इट’ तथा ‘ट्वेल्वथ नाइट’ इसी काल में लिखे गए। इन नाटकों में कवि की कल्पना तथा उसके मन के आह्लाद का उत्तम प्रकाशन हुआ है। सर्वोत्तम ऐतिहासिक नाटक भी इसी समय लिखे गए। मार्लो से प्रभावित ‘रिचर्ड द्वितीय’ उसी श्रेणी की पूर्ववर्ती कृति ‘रिचर्ड तृतीय’ से रचनाविन्यास में कहीं अधिक सफल है। ‘हेनरी चतुर्थ’ के दोनों भाग और ‘हेनरी पंचम’ जो सुविख्यात ऐतिहासिक नाटक हैं, इसी काल की रचनाएँ हैं। शेक्सपियर के प्राय: सभी सॉनेट जो अपनी उत्कृष्ट अभिव्यक्ति के लिए अनुपम हैं, सन् 1595 ओर 1607 के बीच लिखे गए।तीसरी अवस्था, जिसका अंत लगभग 1607 में हुआ, शेक्सपियर के जीवन में विशेष महत्व रखती है। इन वर्षों में पारिवारिक विपत्ति एवं स्वास्थ्य की खराबी के कारण कवि का मन अवसन्न था। अत: इन दिनों की अधिकांश रचनाएँ दु:खांत हैं। विश्वप्रसिद्ध दु:खांत नाटक हैमलेट, ओथेलो, किंग लियर और मैकबेथ एवं रोमन दु:खांत नाटक जूलियस सीजर, ‘एंटोनी ऐंड क्लिओपाट्रा’ एवं ‘कोरिओलेनस’ इसी कालावधि में लिखे गए और अभिनीत हुए। ‘ट्रवायलस ऐंड क्रेसिडा’, ‘आल्स वेल दैट एंड्स वेल’ और ‘मेजर फार मेजर’ में सुख और दु:ख की संश्लिष्ट अभिव्यक्ति हुई है, तब भी दु:खद अंश का ही प्राधान्य है। विकास की अंतिम अवस्था में शेक्सपियर ने पेरिकिल्स, सिंवेलिन, ‘दी विंटर्स टेल’, ‘दी टेंपेस्ट’ प्रभृति नाटकों का सर्जन किया, जो सुखांत होने पर भी दु:खद संभावनाओं से भरे हैं एवं एक सांध्य वातावरण की सृष्टि करते हैं। इन सुखांत दु:खांत नाटकों को रोमांस अथवा शेक्सपियर के अंतिम नाटकों की संज्ञा दी जाती है।

दोनों शख्सियत महान हैं और इनका सृजन समाज और शिक्षा के लिए वरदान साबित हो रहा है। साहित्य की समृद्धि इनकी ऋणी है। आओ इन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अपने मन में बसाते हैं…।

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।