Shivaji Controversy : राज्यपाल को कहीं और भेजो, नाराज शिंदे गुट ने बीजेपी से कहा!

शिंदे गुट के शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने बयान दिया!

466

Shivaji Controversy : राज्यपाल को कहीं और भेजो, नाराज शिंदे गुट ने बीजेपी से कहा!

Mumbai : छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी की आपत्तिजनक टिप्पणी पर महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे गुट के शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने राज्य से बाहर भेजने की मांग की है। बुलढाणा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले गायकवाड़ ने दावा किया कि कोश्यारी ने मराठा साम्राज्य के संस्थापक के बारे में बयान देकर अतीत में भी विवाद खड़ा किया था।
संजय गायकवाड़ ने कहा कि राज्यपाल को यह समझना चाहिए कि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्श कभी पुराने नहीं पड़ते। उनकी तुलना दुनिया के किसी भी महान व्यक्ति से नहीं की जा सकती। केंद्र में भाजपा नेताओं से मेरा अनुरोध है कि एक ऐसा व्यक्ति जो राज्य के इतिहास को नहीं जानता है और यह कैसे काम करता है, इसे कहीं और भेजा जाए।
संजय गायकवाड़ एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ‘बाळासाहेबांची शिवसेना’ गुट के विधायक हैं। यह गुट महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ गठबंधन में सरकार चला रहा है। कोश्यारी ने शनिवार को कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज ‘पुराने दिनों’ के आदर्श थे।
राज्य में आदर्शों के बारे में बात करते हुए उन्होंने बाबासाहेब अंबेडकर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का जिक्र किया था। इसकी एनसीपी और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट ने आलोचना की थी। राज्यपाल ने औरंगाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता गडकरी और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार को डीलिट की डिग्री प्रदान करने के बाद यह टिप्पणी की थी.