Shivraj Likely to Get Big Responsibility : शिवराज सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिलना तय, पार्टी अध्यक्ष के आसार ज्यादा!

579

Shivraj Likely to Get Big Responsibility : शिवराज सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिलना तय, पार्टी अध्यक्ष के आसार ज्यादा!

आज रात को दिल्ली रवाना होंगे, शुक्रवार सुबह पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे!

New Delhi : लगातार 18 साल तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान को जो लोग पांचवी बार मुख्यमंत्री न बनाए जाने से उन्हें चुका हुआ नेता बता रहे थे। उन्हें नई हलचल से जानकारी मिली होगी कि उन्हें पार्टी या केंद्र सरकार में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्हें या तो पार्टी अध्यक्ष बनाया जा सकता है या नई मोदी केबिनेट में कोई महत्वपूर्ण विभाग मिलेगा। अभी ये कयास है कि उन्हें इन दोनों में से कौन सा पद दिया जाने वाला है। यह हलचल इसलिए हुई कि उन्हें दिल्ली बुलाया गया है और वे गुरुवार रात भोपाल से रवाना होंगे।

मध्य प्रदेश में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत दिलाने वाले शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया था। तभी से अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि उन्हें पार्टी कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने और एनडीए की सरकार बनना तय होने के बाद अब सरकार में नए चेहरों की खोज होने लगी।

चुनाव में मिली जीत पर मध्य प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है। अनुमान लगाए जाने लगे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी टीम में मध्य प्रदेश से जीतकर आए कुछ सांसदों को अहम भूमिका दे सकते हैं। इनमें विदिशा लोकसभा सीट से 8 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज करने वाले शिवराज सिंह चौहान का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान खुद नरेंद्र मोदी ये ऐलान कर चुके थे कि वो शिवराज को अपने साथ दिल्ली ले जाएंगे।

WhatsApp Image 2024 06 06 at 18.10.47

बताया जा रहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल इसी महीने पूरा हो रहा है। ऐसे में इन अटकलों का बाजार गर्माने लगा है कि क्या शिवराज सिंह चौहान को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी! दरअसल, जेपी नड्डा को 2020 में पार्टी अध्यक्ष बनाया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है। ऐसे में उनका कार्यकाल खत्म हो गया था। फिर लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाकर जून 2024 तक कर दिया गया। इस तरह जेपी नड्डा जून में अपना कार्यकाल पूरा कर लेंगे। ऐसे में जून के अंत तक बीजेपी को नया अध्यक्ष चुनना है।

दूसरी तरफ प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों में शिवराज सिंह चौहान ने 8 लाख 21 हजार 408 वोटों से निर्णायक जीत दर्ज की है। हालांकि, इंदौर से चुने गए भाजपा के शंकर लालवानी 11 लाख 75 हजार वोटों से जीते, लेकिन उनके सामने प्रतिद्वंदी न होने के कारण शिवराज की जीत को बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है।

अनुमान लगाया जा रहा है कि 2023 के विधानसभा चुनाव भारी बहुमत से जिताने के बाद कोई खास जिम्मेदारी न दिए जाने और अब लोकसभा में प्रचंड बहुमत से जीतकर आने के चलते उन्हें सम्मानित जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। प्रदेश में तो उन्हें केंद्रीय कृषि मंत्री बनाने तक की मांग उठने लगी। शुक्रवार को सुबह 9 बजे पुरानी संसद के सेन्ट्रल हॉल में भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक में शिवराज सिंह शामिल होंगे।

नए 29 सांसद और मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंचे

पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने आधी रात को मध्य प्रदेश से चुनाव जीतकर सांसद चुने गए सभी 29 सदस्यों और मुख्यमंत्री मोहन यादव को बुलाया है। आज दोपहर 12 बजे ये सभी दिल्ली के लिए रवाना भी हो गए। मुख्यमंत्री के अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा भी दिल्ली पहुंचे हैं।