शिवराज करते गुमराह,कमलनाथ जो कहते हैं वो करते,बोले मानक अग्रवाल

कांग्रेस सरकार बनने पर इटारसी नपा में भ्रष्टाचार करने वालों को भेजेंगे सलाखों के पीछे, देखें एक्सक्लूसिव वीडियो,क्या बोले मानक अग्रवाल

3017

शिवराज करते गुमराह,कमलनाथ जो कहते हैं वो करते,बोले मानक अग्रवाल

संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की खास रपट

 

इटारसी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रायः अपनी घोषणाओं द्वारा जनता को गुमराह ही करते हैं। ऐसे कई उदाहरण सबके सामने हैं। प्रदेश भर में ब्यूरोक्रेसी का ही राज चल रहा है। अफसर गण, मुख्यमंत्री ,मंत्रियों की सुन ही नहीं रहे,अपनी मनमानी कर रहे हैं।

ऐसे में सरकार की घोषणाओं पर अमल ही नहीं हो रहा है और यदि कुछ हो भी रहा है तो आधा,अधूरा,जिसमें आम जनता बुरी तरह पिस रही है। जबकि कमलनाथ के 15 माह के शासन में उनके कुशल नेतृत्व में,जो वे कहते थे, उस पर स्वयं निगरानी करते हुए ब्यूरोक्रेसी से अमल भी करवाते थे। यह बात आज ईश्वर रेस्टोरेंट के सभागार में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल ने एक प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि महंगाई इतनी अधिक बढ़ गई है कि आम जनता बुरी तरह त्रस्त है। शिवराज जी ने चुनाव जीतने,इतनी सारी व ऐसी ऐसी घोषणाएं कर दी हैं कि भारी कर्ज में दबी प्रदेश सरकार के लिए उन पर अमल करना ही मुश्किल है क्योंकि ऐसा करने से प्रदेश भर में सभी विकास कार्य ही ठप्प हो जाएंगे। प्रशासन का स्थापना व्यय निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। तब उनसे पूछा गया कि फिर कमलनाथ की लोक लुभावन घोषणाएं कैसे पूरी होंगी तो वे बोले कि कमलनाथ में सरकार चलाने की अद्वितीय योग्यता है,जिसे उन्होंने केंद्र सरकार में कई सालों तक मंत्री रहते हुए,कई बड़ी योजनाएं देश भर में सफलता पूर्वक चलाकर,15 माह तक प्रदेश में सरकार चला,किसानों का कर्ज माफ कर,बिजली बिल में भारी छूट देकर साबित भी किया है।

WhatsApp Image 2023 08 20 at 4.12.17 PM

कांग्रेस के द्वारा शिवराज सरकार पर 50 प्रतिशत कमीशन खाने का गंभीर आरोप लगाने के संबंध में किए गए एक सवाल के साथ जब एक पत्रकार द्वारा उनसे इटारसी नगरपालिका में हाल ही में हुए एक बड़े भ्रष्टाचार में 100 प्रतिशत कमीशन खाने के मामले में विधायक की शिकायत पर जांच शुरू होने की जानकारी दी गई तो उन्होंने कहा कि ऐसा करके विधायक जी ने अच्छी पहल की है। जब उनसे पूर्व भाजपा शासित परिषद के कार्यकाल में सब्जी मंडी की दुकानों में किए गए करोड़ों के महा घोटाले मामले में जिला स्तर तक कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल किया गया तो वे बोले कि पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर ने इसका पुरजोर विरोध किया।

प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर तुरंत इस भ्रष्टाचार की जांच कर सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पूर्व के वर्षों से लेकर अब तक हुए अन्य सभी तरह के भ्रष्टाचार,अनियमितताओं के आरोपियों को सजा दिलवाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस एक जुट होकर जिले की चारों सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। जिसे भी पार्टी टिकिट देगी सभी एकजुट होकर उसे जिताएंगे। पार्टी यदि मुझे नर्मदापुरम से लड़ने के लिए आदेश करेगी तो मेरी पूरी तैयारी है। प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस सचिव शिवाकांत गुड्डन पांडे,अजय शुक्ला,बाबू चौधरी,ओम सेन,मुकेश गांधी,इरशाद अहमद सिद्दीकी मुन्ना भाई, श्री दीवान,वीरेंद्र अग्रवाल,आदि कांग्रेस नेता प्रमुख रूप से उपस्थित थे।