Show Cause Notice : महाकाल के नंदी हॉल में जबरन घुसने वाले भाजयुमो कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस!

आज 18 कार्यकर्ताओं को अपना पक्ष बताने के लिए भोपाल बुलाया

841

Show Cause Notice : महाकाल के नंदी हॉल में जबरन घुसने वाले भाजयुमो कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस!

Bhopal : भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यालय मंत्री उमाशंकर राजपूत ने उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर के नंदी हॉल में जबरन घुसने वाले 18 भाजयुमो पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जारी किए गए नोटिस में कहा गया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के उज्जैन प्रवास के दौरान महाकाल मंदिर परिसर के नंदीहाल में घुसने का प्रयास युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने किया। वहां पर उनकी सुरक्षाकर्मियों से झड़प भी हुई। इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया एवं मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुआ है। इस घटनाक्रम में उज्जैन नगर में उज्जैन ग्रामीण से जो कार्यकर्ता शामिल थे, वे सभी आज 12 अगस्त को भोपाल प्रदेश कार्यालय में उपस्थित होकर घटनाक्रम के बारे में स्पष्ट रूप से अपना पक्ष बताएं। यह घटनाक्रम घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। अतः क्यों न आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। आपको प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार के निर्देश पर कारण बताओ नोटिस दिया जाता है।

जिन कार्यकर्ताओं को नोटिस दिया गया वे हैं देवेंद्र वाघेला उर्फ ‘बाबू’ कार्यकारिणी सदस्य, अभय शर्मा जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा उज्जैन नगर, नरेंद्र सिंह जलवा जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा उज्जैन ग्रामीण, गोवर्धन सिंह डोडिया पूर्व सरपंच अंबोदिया और भवानी देवड़ा मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा नागदा हैं।

इसके अलावा ऋषि बाली, राहुल बैस, कमल सालानी, शिल्पी शर्मा, प्रिंस लोदवाल, सौरव यादव, विनोद मालवीय, ऋषभ मालवीय, सौरभ भूषण, लक्की गुर्जर, तनय अग्रवाल, अमर यादव और कार्यकारिणी सदस्य शुभम डब्बेवाला को नोटिस जारी किया गया है।

क्या हुआ था नंदी हॉल में

उज्जैन में बुधवार को भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने महाकाल मंदिर पहुंचकर हंगामा किया था। इसके बाद उन्होंने नंदी हाल में प्रवेश को लेकर महाकाल मंदिर के सुरक्षाकर्मियों से अभद्रता और बेरिकेट गिराकर नंदी हाल में जबरन प्रवेश किया। इस पूरे मामले का वीडियो वायरल होने के बाद देर शाम को महाकाल मंदिर समिति की और से भारतीय जनता युवा मोर्चा के दो कार्यकर्ता और अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

श्री महाकालेश्वर मंदिर की व्यवस्थाएं तार-तार करने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा के 2 कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 353 और 147 में महाकाल थाने में FIR दर्ज की गई। महाकाल थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया की महाकाल मंदिर समिति की और से सुबह हुई घटना को लेकर एक शिकायती आवेदन आया था। इसके बाद फुटेज के आधार पर वीरेंद्र और राघवेंद्र नामक युवक सहित अन्य अज्ञात कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

IMG 20220812 WA0011

बुधवार को सुबह भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या उज्जैन पहुंचे थे। सुबह करीब 10:30 बजे महाकाल दर्शन के लिए जब मंदिर पहुंचे तो कुछ स्थानीय कार्यकर्ता चांदी गेट से उतरकर गर्भगृह में पहुंच गए। इस दौरान एक दर्जन कार्यकर्ता रेम्प से उतरकर नंदी हाल में घुसने का प्रयास करने लगे। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों और पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। वहां लगे बेरिकेटस गिराकर कार्यकर्ता नंदी हाल में घुस गए थे।

दो पर ही एफआईआर

महाकाल मंदिर में एक दर्जन भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ने जिस तरह की घटना को अंजाम दिया था उसका वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि शहर के कौन-कौन से पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने मंदिर की मर्यादा तोड़कर नंदी हाल में प्रवेश किया। इसके बाद भी मंदिर समिति की और से सिर्फ 2 ही लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई।