पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व0 सुभाष यादव की प्रतिमा का उनके जन्मदिवस पर होगा अनावरण

कांग्रेस के दिग्गज नेता करेगें राज्य स्तरीय किसान और सहकारी सम्मेलन को संबोधित

पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व0 सुभाष यादव की प्रतिमा का उनके जन्मदिवस पर होगा अनावरण

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

खरगोन: म0प्र0 के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व0 सुभाष यादव की प्रतिमा का उनके जन्मदिवस 01 अप्रैल को सुबह 09.30 बजे सहकारी शक्कर कारखाना सरवरदेवला में अनावरण होगा। इस अवसर पर राज्य स्तरीय किसान और सहकारी सम्मेलन को कांग्रेस पार्टी के अनेक दिग्गज नेता संबोधित करेंगे।

स्व0 सुभाष यादव के ज्येष्ठ सुपूत्र पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री अरूण यादव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 01 अप्रैल को जवाहरलाल नेहरू सहकारी शक्कर कारखाना सरवरदेवला में स्व0 पिताश्री का जन्मदिन मनाया जायेगा। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण होगा। साथ ही राज्य स्तरीय किसान और सहकारी सम्मेलन में प्रदेश भर से कांग्रेस और सहकारी कार्यकर्ता यहां आकर अपने प्रिय नेता को श्रृद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्री यादव ने आगे बताया कि कमलनाथ और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता हेलीपेड से सीधे इंजीनियरिंग कॉलेज जेआयटी बोरावां पहुंचेंगे। यहां पर वे पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्व.सुभाष यादवजीे के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे।

अरूण यादव ने बताया कि स्व0 सुभाष यादव की प्रतिमा के अनावरण और किसान एवं सहकारी सम्मेलन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी जे.पी.अग्रवाल, म0प्र0 विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ0 गोविंद सिंह, राज्यसभा सदस्य द्वय विवेक तन्खा, राजमणि पटेल, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष द्वय सुरेश पचौरी और कांतिलाल भुरिया तथा पूर्व मंत्री अजय सिंह संबोधित करेंगे। इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू सहकारी सूतमिल और सहकारी शक्कर कारखाने की अध्यक्ष श्रीमती दमयन्ती यादव, कसरावद के विधायक सचिन यादव और अरूण यादव की मेजबानी में आयोजित इस एतिहासिक आयोजन में कांग्रेस और सहकारी क्षेत्र के अनेक पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

स्व0 सुभाष यादव के छोटे सुपुत्र विधायक सचिन यादव ने अपने निर्वाचन क्षेत्र कसरावद और निमाड-मालवा वासी किसानों और सहकारी कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि वे इस प्रतिष्ठा प्रसंग पर उपस्थित होकर अपने जनप्रिय नेता स्व0 सुभाष यादव को पूष्पाजलि अर्पित करें। उन्होने बताया कि स्व0 सुभाष यादव की निमाड अंचल में यह पहली प्रतिमा सरवरदेवला गॉव में सहकारी शक्कर कारखाने में स्थापित की जा रही है। इस अवसर पर हजारों की संख्या में किसान और सहकारी कार्यकर्ता सरवरदेवला में एकत्रित होंगे।