इस बार ‘मोदी गुलाल’ वाली होली खेलेगा मध्यप्रदेश…

इस बार ‘मोदी गुलाल’ वाली होली खेलेगा मध्यप्रदेश…

यह होली कुछ खास है। आम आदमी पार्टी के लिए भी खास है क्योंकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ईडी की कस्टडी में होली मनाएंगे। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य सभी बैंक खाते सीज होने का गम मनाएंगे। तो भाजपा के लिए भी यह होली खास है, क्योंकि इसके बाद आम चुनाव संपन्न होंगे। और चुनाव में और वैसे भी अब भाजपा का मतलब नरेंद्र मोदी ही है। भाजपा कार्यकर्ताओं को यह बखूबी पता है और उन्होंने इस बात को आत्मसात कर लिया है। इस होली मैं भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर मोदी गुलाल लगाएंगे और हर घर मोदी जी की राम-राम पहुंचाएंगे।
‘‘मोदी का परिवार‘‘ प्रदेश भर में होली मिलन आयोजन करेगा। भाजपा 25 मार्च को प्रदेश के सभी 64523 बूथों पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर बूथ समिति, पन्ना प्रमुखों व वरिष्ठ कार्यकताओं के साथ होली मिलन का कार्यक्रम करेंगे। पार्टी के सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को ‘‘मोदी गुलाल‘‘ लगाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से लोगों को होली की राम-राम कहेंगे। होली मिलन का यह अभियान प्रदेशभर में होली के अवसर पर चलाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा होली मिलन कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं। उनके मुताबिक बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले होली मिलन कार्यक्रम में ‘‘मोदी गुलाल‘‘ भी होगा और गुजिए भी होंगे। भाजपा एक परिवार है और हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परिवार हैं। बूथ पर बूथ समिति के साथ पन्ना प्रमुखों और वरिष्ठ कार्यकर्ता वरिष्ठजनों के साथ मिलकर होली मनाएंगे। लोग एक-दूसरे को मोदी गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देंगे। इसके बाद कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मोदी गुलाल लगाएंगे। जब घर-घर में सदस्यों के माथे पर मोदी गुलाल होगा, तो जीत का टीका मोदी के माथे पर लगाने का विचार भी सबके मन में आना तय है।
वहीं पार्टी की महिला कार्यकर्ता भी होली मिलन के तहत घर-घर संपर्क करेंगी और माताओं-बहनों को मोदी गुलाल लगाकर उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राम-राम कहेंगी। कार्यकर्ता समाज के वरिष्ठजनों, प्रबुद्धवर्ग, गणमान्य व्यक्तियों के साथ पार्टी के की वोटर्स के घर जाकर उन्हें होली की शुभकामनाएं देंगे। श्री शर्मा ने कहा कि हमारे सनातन में शोकाकुल परिवार से भी होली के दिन उनके घर जाकर मिलने और उनके दुःख में शामिल होने की प्रथा है। कार्यकर्ता शोकाकुल परिवारों के यहां भी जाकर उनके दुःख में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा यह अभियान प्रदेशभर में होली के दिन ही चलाया जाएगा। सामान्य तौर पर रंगपंचमी तक होली मिलन का कार्यक्रम चलता है। इसलिए होली के बाद भी स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ता इस मिलन को निभाते रहेंगे।
मतलब साफ है कि भाजपा कार्यकर्ता होली से रंगपंचमी तक और उसके बाद हर घर तक मोदी दस्तक देंगे। राम-राम कहकर यह याद दिलाएंगे कि इस बार अयोध्या में बाल स्वरूप में रामलला विराजमान हो गए हैं। और अब मतदाताओं को मोदी को तीसरी बार आशीर्वाद देकर प्रधानमंत्री बना देना चाहिए। वहीं रामलला का आशीर्वाद लेकर भाजपा के शिखर पुरुष नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर अधूरे और महत्वपूर्ण कार्य पूरे कर चैन की सांस लेने का मन बना चुके हैं। फिलहाल अभी तो ऐसा ही लगता है…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।