आज देश-दुनिया की निगाहें दिल्ली की तरफ…

झूठ बोले कौआ काटे! जातिगत जनगणना का सवाल, मोदी का भौकाल

आज देश-दुनिया की निगाहें दिल्ली की तरफ…

आज यानि 9 जून 2024 को पूरी दुनिया और भारत देश की निगाहें दिल्ली की तरफ रहेंगी। यहां राष्ट्रपति भवन में शाम सवा सात बजे नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगी। भारत के पड़ोसी देशों के मुखिया इसके साक्षी बनेंगे। तो पूरा देश प्रत्यक्ष या परोक्ष तौर पर इन खास पलों में सहभागी बनेगा। मोदी के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ लेंगे। मध्यप्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का नाम मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर चर्चा में है। यदि यह तीनों चेहरे मोदी मंत्रिमंडल में जगह पाते हैं तो शिवराज और विष्णु दत्त शर्मा पहली बार केंद्रीय मंत्री बनने का सौभाग्य प्राप्त करेंगे। वहीं मोदी अपनी मां के निधन के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर भावुक रहेंगे तो ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मां के निधन से दुखी मन से मंत्री पद की शपथ लेंगे। बाकी मंत्रिमंडल का फार्मूला तैयार है। नीतिश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के दल के उन चेहरों पर सबकी निगाहें होंगीं, जो एनडीए सरकार में मंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के नेताओं को न्योता दिया गया है। बांग्लादेश की शेख हसीना के अलावा भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ शामिल होंगे। इससे भी खास बात यह है किड मोदी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट पर काम करने वाले श्रमिकों, सफाई कर्मियों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को भी विशेष अतिथि के रूप में न्योता भेजा गया है। इसके अलावा विकसित भारत के एंबेसडर के रूप में वंदे भारत और मेट्रो ट्रेनों पर काम करने वाले रेलवे कर्मचारियों और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को निमंत्रण भेजा गया है।

 

आज दिल्ली हाई अलर्ट पर है। राष्ट्रपति भवन ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। दिल्ली पुलिस और एनएसजी के कमांडो समारोह स्थल और महत्वपूर्ण क्षेत्रों के आसपास तैनात रहेंगे। राष्ट्रीय राजधानी को अगले कुछ दिनों के लिए नो-फ्लाय जोन घोषित कर दिया है। इसका मतलब है कि ड्रोन, पैराग्लाइडर, रिमोट से चलाने वाले हवाई जहाज और गुब्बारों जैसे हवाई जहाजों को उड़ाने पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली में पूरे देश से भाजपा विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं। दिल्ली राष्ट्रीय भाजपा कार्यालय में बैठकों का दौर लगातार जारी है। और सभी का ध्यान इसी तरफ है कि कौन-कौन चेहरे मोदी-3 सरकार में मंत्री बन पाएंगे। विपक्ष बेचैन है और खास तौर से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। शपथ ग्रहण से पहले ममता बनर्जी ने बड़ा दावा किया है कि ये सरकार ज्यादा दिन नहीं चलेगी। ”कुछ ही दिनों में कई बीजेपी के नेता पार्टी छोड़ सकते हैं। कई बीजेपी के नेता बहुत परेशान और नाखुश हैं। ये सरकार अधिक दिन नहीं चलेगी।” हालांकि फिलहाल तो विपक्ष में सबसे ज्यादा नाखुश ममता बनर्जी ही नजर आ रही हैं।

मोदी-3 कार्यकाल का एक प्रमुख पहलू यह भी है कि दस साल बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर विपक्ष का चेहरा नजर आएगा। और राहुल गांधी इस पद पर आसीन हो मोदी के सामने सदन में भी अपनी खास भूमिका में नजर आ सकते हैं। सोनिया गांधी को शनिवार को सर्वसम्मति से कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष चुन लिया गया। मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसदीय दल के अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी के नाम का प्रस्ताव रखा. गौरव गोगोई, के सुधाकरन और तारिक अनवर ने इसका समर्थन किया।

तो आज देश-दुनिया की निगाहें दिल्ली की तरफ हैं। मध्यप्रदेश, देश और दुनिया में इसका जश्न मनाया जाएगा और मोदी के अस कार्यकाल पर सबकी निगाहें रहें

गी…।

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।