लोकसभा चुनाव में विष्णु का महाविजय संकल्प…

संगठन को मोदी कसौटी पर खरा साबित करने की कवायद में विष्णु...

लोकसभा चुनाव में विष्णु का महाविजय संकल्प…

मध्यप्रदेश में कांग्रेस को अभी लोकसभा सीटों पर नामों की घोषणा का इंतजार है, तब भाजपा की लोकसभा की सभी सीटों पर जीत की रणनीति बनाने में जुट गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महिला दिवस पर गैस सिलेंडर पर 100 रुपए की कमी करना और सुधा मूर्ति को राज्यसभा भेजना देश में महाविजय की तरफ बढ़ाए कदम माने जा सकते हैं। तो कांग्रेस ने भी युवाओं को आकर्षित करने के लिए मेगा पैकेज की घोषणा कर दी है। और न्याय यात्रा की मध्यप्रदेश से विदाई पर यह संदेश भी दिया है कि कांग्रेस की प्राथमिकता जातिगत जनगणना कराना है। इस बीच 8 मार्च 2024 को ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने खजुराहो लोकसभा सीट पर अपने महाविजय अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेश में भाजपा की महाविजय का संकल्प लिया है। खजुराहो लोकसभा पर सबसे बड़ी जीत का इतिहास बनाने और हर बूथ को कांग्रेस मुक्त करने का दावा संगठन के मुखिया कर रहे हैं, तो महाविजय का संकल्प प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों की जीत का भी विष्णु दत्त शर्मा ने ले लिया है। ऐसे में बड़ी चुनौती प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को मिल रही है। सवाल भी सीधा ही है कि कांग्रेस की लोकसभा सीटों में जीतू की चुनावी रणनीति इजाफा करने में सफल होती है या फिर छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर भी विष्णु के महाविजय संकल्प की रणनीति कारगर साबित होती है। संगठनात्मक रणनीति में विष्णु दत्त शर्मा बार-बार यह साबित कर चुके हैं कि वर्तमान समय, काल और परिस्थिति में उनका पलड़ा भारी है। उनकी संगठन मुखिया के रूप में मध्यप्रदेश में सफल पारी जारी है। ऐसे में लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में उनके महाविजय के संकल्प की उपेक्षा कर पाना कांग्रेस के लिए आसान नहीं है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने 8 मार्च को खजुराहो पहुंचकर मतंगेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन एवं पूजन कर देश एंव प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। साथ ही लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरूआत भी की। विष्णु दत्त शर्मा ने मतंगेश्वर भगवान के दर्शन करके लोकसभा 2024 के चुनाव की शुरुआत भगवान से आशीर्वाद लेकर  की है। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य भगवान के दर्शन और मेरे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और लोकसभा प्रभारी महेंद्र जी की उपस्थिति में लोकसभा के चुनाव की यहां से तैयारी शुरू हुई है। और उन्होंने भगवान से आशीर्वाद मांगा है। जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। भगवान का आशीर्वाद है कि इस बार लोकसभा के चुनाव में मध्य प्रदेश के अंदर 29 की 29 सीट माननीय प्रधान मंत्री मोदीजी की झोली में 29 कमल के फूल मतंगेश्वर भगवान के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी को मिलेंगे। यह संकल्प हमारा है। उन्होंने आगे जोड़ा कि खजुराहो लोकसभा में मुझे जनता ने आशीर्वाद दिया है, पहले भी दिया और लगातार 5 वर्ष माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में  हमारी सरकार ने डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लगातार विकास के कामों की श्रृंखला शुरू कर नए मध्य प्रदेश को गढ़ने का काम शुरू किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार खजुराहो लोकसभा में हम सब मिलकर कार्यकर्ता और सभी जनता जनार्दन के आशीर्वाद से इतिहास बनाएंगे। हर बूथ पर भारतीय जनता पार्टी जीतेगी इसकी शुरूआत हो गई है। पन्ना-गुन्नौर विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने संकल्प दिलाया कि पन्ना का हर बूथ कांग्रेस मुक्त बूथ होगा। भगवान राम के अपमान का बदला आप लोग वोट से लीजिए। हर बूथ पर कांग्रेस के नेता भाजपा में शामिल होंगे। खजुराहो लोकसभा सीट से देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकॉर्ड बनाएंगे। मोदी जी के नेतृत्व में 2047 में भारत विश्व गुरू बनेगा। खजुराहो लोकसभा का हर बूथ मोदी बूथ बनेगा।
विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि देश में प्रदेश संगठन को सबसे अच्छा संगठन माना जाता है। खजुराहो लोकसभा का हर बूथ को मोदी बूथ बनाया जाएगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। हमें जिले से लेकर शक्ति केंद्र तक की रचना पर काम करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ’मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान’ मोदी जी ने प्रारंभ किया था। इस अभियान के कारण मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 48 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हुए हैं। अब हमें 10 प्रतिशत और वोट बढ़ाना है। पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त कर इतिहास बनाया है। इसी तरह अब लोकसभा चुनाव में भी जीत का इतिहास कायम करना है। इसकी शुरुआत भी उसी तरह से हुई है। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष गुन्नौर से कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष दुष्यंत सिंह बुन्देला, पन्ना के जिला महामंत्री रोहाणी प्रसाद उपाध्याय, राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष शनि राजा पवई खम्हरिया सहित करणी सेना के पदाधिकारी, कई जनपद सदस्य, सरपंचों और अल्पसंख्यकों ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यानि कि सब कुछ संगठनात्मक कुशलता और तय रणनीति के तहत हो रहा है।
तो दूसरी तरफ राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मप्र से राजस्थान रवाना हो गई है। मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद डोटासरा को राष्ट्रीय ध्वज सौंप कर न्याय यात्रा की पूरी गर्मजोशी के साथ विदाई की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च से 7 मार्च 2024 तक मध्यप्रदेश के मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राघोगढ़, उज्जैन, देवास, धार और रतलाम जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर रोड-शो, जनसभाएं आयोजित की गई। मध्यप्रदेश में न्याय यात्रा का समापन सैलाना में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और राजस्थान के कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा की उपस्थिति में सेवादल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज सौंप कर हुआ। इस यात्रा में जातिगत जनगणना पर खुलकर दावा किया गया कि यह कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता में है।
स्थिति साफ है कि मध्यप्रदेश लोकसभा में कांग्रेस के चेहरों का सभी को अभी इंतजार है, तो भाजपा 24 सीटों पर स्थिति साफ कर चुकी है और पांच सीटों पर चौंकाने वाले या महिला चेहरों की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है। ऐसे में विष्णु के महाविजय के संकल्प की तरफ सभी की निगाहें हैं…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।