Weather Update: MP में कल से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान

913
MP Weather

Weather Update: MP में कल से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान

भोपाल: मध्यप्रदेश में कल से फिर मौसम बिगड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम के बदले मिजाज के कारण कई स्थानों पर वर्षा की संभावना व्यक्त की जा रही है।

दरअसल बुधवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से एक बार फिर मौसम के मिजाज में परिवर्तन होने लगेगा। इसके चलते कई जिलों में बादल छाने के साथ वर्षा का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। उधर पिछले 24 घंटों के दौरान मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सतना में 4.9, मलाजखंड में 2.6, मंडला में 2.4 मिलीमीटर वर्षा हुर्इ। खजुराहो एवं जबलपुर में भी बूंदाबांदी हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ गया है। वर्तमान में पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो मराठवाड़ा, कर्नाटक से होकर जा रही है। ट्रफ लाइन से मिल रही नमी के कारण जबलपुर संभाग के जिलों में गरज–चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

बुधवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करने लगेगा। हवाओं के साथ नमी आने के कारण एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने लगेगा। इससे कई जिलों में बादल छा सकते हैं। साथ ही कहीं–कहीं वर्षा भी हो सकती है। मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही यह सोमवार के न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा था, लेकिन रविवार के अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था।