Women’s Names Put Forward on 5 Seats : भाजपा की बची 5 सीटों पर महिलाओं के नाम आगे आए!  

जानिए, किस सीट से किस महिला नेता का नाम आगे!

403

Women’s Names Put Forward on 5 Seats : भाजपा की बची 5 सीटों पर महिलाओं के नाम आगे आए!  

 

Bhopal : भाजपा ने मध्य प्रदेश की 29 में से 24 सीटों के नाम घोषित कर दिए। शेष बची पांच सीटों को लेकर कश्मकश जारी है। जो पांच सीटें बची हैं, वे हैं इंदौर, उज्जैन, धार, छिंदवाड़ा और बालाघाट। इसमें उज्जैन से किसी महिला को उम्मीदवार बनना लगभग तय है। यही स्थिति इंदौर की भी है, जहां से पार्टी किसी महिला को लोकसभा का टिकट पार्टी दे सकती है। लेकिन, शेष बची तीन सीटों पर भी जो नाम चल रहे हैं उनमें भी महिला उम्मीदवारों के नाम आगे हैं।

भाजपा ने 29 में से जो 24 सीट घोषित की, उनमें जिन चार महिलाओं को टिकट दिया वे हैं संध्या राय भिंड (अजा) से, लता वानखेड़े सागर से, हिमाद्री सिंह शहडोल (अजजा) से और अनीता नागर सिंह चौहान रतलाम-झाबुआ (अजजा) सीट से। इनमें दो वर्तमान में सांसद हैं। इनमें एक भिंड से संध्या राय और दूसरी शहडोल से हिमाद्री सिंह हैं।

 

इंदौर से संभावित महिला उम्मीदवार  

इंदौर संसदीय सीट से इस बार केंद्रीय नेतृत्व ने किसी महिला उम्मीदवार को उतारने का मन बनाया है। अभी तक महिला उम्मीदवार को लेकर डॉ दिव्या गुप्ता और कविता पाटीदार के नाम तो प्रमुख रूप से सामने आए हैं। डॉ दिव्या गुप्ता की संभावना ज्यादा है, क्योंकि कविता पाटीदार अभी राज्यसभा में है। उधर, मौजूदा सांसद शंकर लालवानी ने अभी भी उम्मीद नहीं छोड़ी है और वे लगातार बड़े नेताओं के संपर्क में बने हुए हैं। इसके अलावा संभावित महिला उम्मीदवारों में पूर्व पार्षद अर्चना चितले, हिंदू संगठन से जुड़ी माला सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक मालिनी गौड़ और अंजू माखीजा के नाम भी लिए जा रहे हैं। इस आधार पर कयास लगाए जा रहे हैं कि इंदौर से किसी महिला उम्मीदवार के नाम पर फैसला लिया जा सकता है।

 

उज्जैन में मुख्यमंत्री की पसंद चलेगी    

उज्जैन-आलोट लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को लेकर बड़ा बदलाव कर सकती है। अभी तक पुरुष दावेदारों के नाम चल रहे थे। अब इसमें परिवर्तन कर महिला को टिकट दिए जाने की चर्चा है। इसके चलते भाजपा नेता डॉ प्रभुलाल जाटवा की बहू रीना जाटवा का नाम प्रमुखता से आया था। अब इसी के साथ पूर्व महापौर मीना जोनवाल, विवि में कार्यसमिति सदस्य रही ममता बैंडवाल, वर्तमान सांसद अनिल फिरोजिया की बहन रेखा रत्नाकर का नाम भी लोकसभा उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है।

 

धार में भाजपा के पास महिला उम्मीदवार नहीं 

आदिवासी बहुल सीट धार से भी किसी महिला को लोकसभा को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। इसमें सबसे आगे नाम रंजना बघेल का लिया जा रहा है, जो मनावर से पहले विधायक रह चुकी है और शिवराज सिंह के मंत्रिमंडल में भी थी। लेकिन, वे 2018 का विधानसभा चुनाव हार गई थी और पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। रंजना बघेल ने विधानसभा चुनाव के समय टिकट न दिए जाने पर विद्रोह की स्थिति भी पैदा की थी। उन्हें गृह मंत्री अमित शाह ने समझाया, तब उनका विद्रोह ठंडा हुआ था। इस स्थिति में धार में ऐसी कोई महिला नेता नहीं है जिसे टिकट दिया जाए। यहां से सावित्री ठाकुर पहले सांसद रह चुकी हैं, लेकिन फिलहाल उनका नाम कहीं चर्चा में नहीं है।

 

छिंदवाड़ा से एक ही नाम आगे 

भाजपा ने कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में एक ही नाम पर विचार होगा। पूर्व विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व विधायक मनमोहन शाह भट्टी की बेटी मोनिका भट्टी को भाजपा छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। विधानसभा चुनाव में मोनिका बट्टी को अमरवाड़ा सीट से टिकट दिया गया था, लेकिन वे हार गई थी। पार्टी उन्हें छिंदवाड़ा लोकसभा से एक और मौका दे सकती है।

 

बालाघाट से मौसम बिसेन की चर्चा 

इसी तरह बालाघाट लोकसभा सीट से गौरीशंकर बिसेन की बेटी मौसम विषय का नाम भी लिया जा रहा है विधानसभा में बालाघाट से सबसे पहले मौसम बेसिन को ही पार्टी ने टिकट दिया था लेकिन उनकी सेहत खराब होने से वह फॉर्म नहीं भर सकी थी इसलिए पार्टी समझौता उन्हें लोकसभा चुनाव में मौका दे सकती है।