टीम वीडी ने साबित किया…मध्यप्रदेश भाजपा संगठन सर्वोत्तम हैं…

टीम वीडी ने साबित किया…मध्यप्रदेश भाजपा संगठन सर्वोत्तम हैं…

एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अधिकतम सदस्यता दिवस पर बूथों पर पहुंचकर हर वर्ग के लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाकर टीम वीडी ने इतिहास रच दिया है। प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाकर एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य पार कर लिया है।भाजपा में गौर करने वाली बात यही है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हों,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा हों या फिर बूथ अध्यक्ष ही सही…काम में जब सब जुटते हैं, तो एक कार्यकर्ता की हैसियत से। और कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ इस बात को कहते रहे हैं कि संगठन में भाजपा बेहतर है और इसी दिशा में कांग्रेस संगठन में अनुशासन और समर्पण लाने को वह हमेशा तत्पर भी रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरेला के महामाई मंडल, सेमरा के बूथ क्रमांक 138 व 134 में लोगों को सदस्यता दिलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गांधी नगर मंडल के वार्ड क्रमांक-2 बूथ क्र. 53 में लोगों को सदस्यता दिलाई। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने उत्तर विधानसभा के गुरूनानक मंडल के बूथ क्रमांक-46 पर लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पंचशील मंडल के बूथ क्रमांक 196 पर लोगों को सदस्यता दिलाई।पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी विधानसभा के शाहपुर मण्डल के बूथ क्र.-152 ग्राम पाठई में स्थानीय नागरिकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। लब्बोलुआब यही है कि भाजपा संगठन में कार्यकर्ता भाव प्रबल है, जो सत्ता की सीढी पर खड़े रहने का मूल मंत्र भी है। और इसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सिर्फ 24 दिन के अंदर प्रमाणिक एवं पारदर्शी तरीके से 1 करोड़ सदस्य बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया है। लोकतंत्र में किसी राजनीतिक दल के इतने कम समय में रिकॉर्ड बनाना अभूतपूर्व है। और इसके साथ ही टीम वीडी ने साबित कर दिया है कि विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भाजपा संगठन ने सर्वश्रेष्ठ काम करके दिखाया है।तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने यह कहकर कार्यकर्ताओं का दिल जीत लिया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश के सभी 64871 बूथों पर कम से कम 100 नए सदस्य बनाकर पं. दीनदयाल उपाध्याय जी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बडी पार्टी बनी और जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। पूरे प्रदेश के लोग भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर भ्रम फैलाकर नकारात्मक राजनीति कर रही है।

तो इसमें कोई संशय नहींं है कि भाजपा की कार्यशैली को प्रदेश की जनता अच्छी तरह से समझती है और यह संगठन की ताकत ही है कि भारतीय जनता पार्टी रिकार्ड सदस्य बनाने में हमेशा सफल रही है। यही वजह है कि मध्यप्रदेश में भाजपा का ग्राफ बड़ी तेजी से आगे बढ़ा रहा है। मध्यप्रदेश के हर बूथ पर अधिकतम सदस्यता दिवस के तहत वृहद रूप में आमजन को पार्टी से जोड़ा गया है। एक-एक कार्यकर्ता ने घर से निकलकर पार्टी विस्तार में अपना योगदान दिया है। इसीलिए सदस्यता अभियान में पार्टी एक नया इतिहास रच सकी है।

विष्णु दत्त शर्मा ने हिसाब-किताब दिया है कि संगठन पर्व के पहले चरण में प्रदेश में 1 करोड़ 81 हजार 437 सदस्य बने, जिसमें से 95 लाख ऑनलाइन फॉर्म भरे गए। संगठन पर्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर मंत्री, सांसद, विधायक और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने एक साथ मिलकर इतिहास कायम किया। यह बताता है कि मध्यप्रदेश में भाजपा का कार्यकर्ता कर्मठता और संगठन निष्ठा का आदर्श है। 28 सितंबर को सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक होगी, जो क्षेत्र पीछे रहे उन्हें भी अगले चरण में आगे लाने को लेकर योजना बनाई जाएगी। संगठन पर्व का दूसरा चरण 1 से 15 अक्टूबर तक चलेगा। 29 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सुनते हुए सदस्यता अभियान चलाकर सदस्य बनाए जाएंगे।

कुल मिलाकर टीम वीडी ने साबित कर दिया है कि मध्यप्रदेश का भाजपा संगठन कुशाभाऊ ठाकरे से लेकर विष्णु दत्त शर्मा तक सर्वश्रेष्ठ था और सर्वश्रेष्ठ है। और यही प्रमाण है कि आगे भी मध्य प्रदेश भाजपा संगठन के मामले में सर्वश्रेष्ठ बना रहेगा। यह भाजपा का अंदरूनी मामला है। पर जब दूसरे दलों की बात होगी, तो संगठन के मामले में फिलहाल भाजपा से बहुत कुछ सीखा जा सकता है। पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन अधिकतम सदस्यता दिवस के रूप में मनता है, तो प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का दिन भी नए सदस्य बनाने को समर्पित है। इसीलिए तो भाजपा और टीम वीडी साबित कर पा रहे हैं कि “संगठन में हम सर्वश्रेष्ठ हैं…।”

 

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।