प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान,।6 दिन में 1.22 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त

37

प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान,।6 दिन में 1.22 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त

भोपाल:प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। प्रदेश में 1 अप्रैल से चलाए जा रहे अभियान के दौरान 6 दिनों में विभिन्न जिलों से करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इस अभियान में न केवल तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है, बल्कि उनके आर्थिक नेटवर्क को भी तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पिछले दिनों रतलाम जिले में इस अभियान के तहत सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां थाना कालूखेड़ा क्षेत्र में संचालित अवैध ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तस्कर और विदेशी मुद्रा हेरफेर करने वालों की संपत्ति जब्ती अधिनियम के तहत लगभग 16 करोड़ 16 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए। यह कार्रवाई प्रदेश में पहली बार इस स्तर पर आर्थिक तंत्र को निशाना बनाने के रूप में देखी जा रही है।

नीमच जिले में भी पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में करीब 62 लाख रुपये मूल्य की 500 ग्राम एमडीएमए, 2 किलो 140 ग्राम अफीम और 67 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। इन मामलों में चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस चौकी नयागांव, थाना जीरन और सिंगोली की संयुक्त कार्रवाई में वाहन चेकिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

आगर मालवा में कोतवाली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 148 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी कीमत वाहन और अन्य सामग्री सहित करीब 25 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शिवपुरी जिले में थाना करैरा पुलिस ने 52 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख 40 हजार रुपये है, के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं थाना अमोला पुलिस ने 15 ग्राम स्मैक (करीब 3 लाख रुपये) जब्त कर एक अन्य आरोपी को पकड़ा है।

उज्जैन जिले में भाटपचलाना थाना पुलिस ने 1 किलो 84 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक अन्य कार्रवाई में एमडीएमए ड्रग्स बनाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया, जिसमें भारी मात्रा में केमिकल और नगदी सहित करीब 8 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं बड़नगर थाना पुलिस ने 36.58 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में रतलाम से मादक पदार्थ लाकर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि मादक पदार्थो के विरुद्ध कार्रवाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और अवैध संपत्तियों पर भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।