बागेश्वर धाम में 151 जोड़ों के होंगे विवाह, चयनित हुई कन्याएं, महाराज की कथा 14 से

529

बागेश्वर धाम में 151 जोड़ों के होंगे विवाह, चयनित हुई कन्याएं, महाराज की कथा 14 से

 

छतरपुर। करोड़ों लोगों की आस्था के केन्द्र सिद्ध संतों की तपोस्थली बागेश्वर धाम में यूं तो वर्ष भर धार्मिक अनुष्ठान एवं महोत्सव आयोजित होते रहते हैं लेकिन महाशिवरात्रि के पर्व पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर महाराज गरीब एवं बेसहारा कन्याओं के विवाह करते हैं। पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी 8 मार्च महाशिवरात्रि को 151 गरीब कन्याओं के विवाह का महामहोत्सव आयोजित किया जा रहा है। आयोजन की श्रंखला में 14 फरवरी से 20 फरवरी तक महाराज के मुखारविंद से कथा रसपान करने का भक्तों को अवसर मिलेगा। वहीं जाने-माने राष्ट्रीय कवि एवं कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास अपने-अपने राम थीम पर 27 से 29 फरवरी तक कथा करेंगे।

 

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर महाराज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि 14 से 20 फरवरी तक धाम में कथा होगी। 27 से 29 फरवरी तक डॉ. कुमार विश्वास की कथा शाम 4 से 7 बजे तक होगी। महाराज ने बताया कि 1 मार्च से 7 मार्च तक प्रख्यात कथा वाचक इन्द्रेश जी महाराज की श्रीमद्भागवत कथा आयोजित होने जा रही है। देश विदेश से जुड़े बागेश्वर धाम बगिया के पुष्प इन धार्मिक आयोजनों और विवाह महामहोत्सव के साक्षी बनेंगे। 8 मार्च महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर 151 गरीब बेसहारा कन्याओं को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ परिणय सूत्र में बांधा जाएगा। महाराज ने मीडिया के माध्यम से धर्म प्रेमियों, समाजसेवियों से आग्रह किया है कि वे धाम में होने वाले इन धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर पुण्यलाभ अर्जित करें।