1978 बैच के IPS ने वर्ल्ड पुलिस और फायर गेम्स में रजत जीत कर भारत का मान बढ़ाया

878

1978 बैच के IPS ने वर्ल्ड पुलिस और फायर गेम्स में रजत जीत कर भारत का मान बढ़ाया

 

Bhopal. 1978 बैच के आईपीएस अफसर डॉक्टर कश्मीर सिंह (अब रिटायर्ड) ने 71 वर्ष की आयु में नीदरलैंड में कमाल कर दिखाया है। नीदरलैंड में चल रहे वर्ल्ड पुलिस और फायर गेम्स में उन्होंने रजत पदक जीता है। उन्होंने यह पदक गोल्फ इवेंट में जीता है।कश्मीर सिंह ने 71 साल की उम्र में रजत पदक अपने नाम कर के सबको चौंका दिया है।
मेरठ और तत्कालीन इलाहाबाद (अब प्रयागराज) के एसएसपी रहे डॉ कश्मीर सिंह 2008 में गृह मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी भी रह चुके हैं। जून 2011 में वे ADG, CISF के पद से रिटायर हुए थे। वे अभी नोएडा में एक सिक्योरिटी कंसलटेंट कंपनी के प्रमुख हैं।

नीदरलैंड के रोटरडम शहर में 22 से 31 जुलाई तक चलने वाले वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में इस बार भारत के 30 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह सभी सरकारी पैसे पर नहीं बल्कि अपने पैसे पर नीदरलैंड में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। दरअसल, यह इवेंट साल 2021 में ही होने वाला था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते इसे टालना पड़ा। वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स टूर्नामेंट 1984 से हर दो साल के अंतराल पर आयोजित होती है।इस प्रतियोगिता में दुनिया भर में सक्रिय और सेवानिवृत्त कानून व्यवस्था और अग्निशमन सेवा कर्मी भाग लेते हैं। WPFG फेडरेशन कैलिफोर्निया पुलिस एथलेटिक फेडरेशन (CPAF) की एक शाखा है, जो एक अमेरिकी गैर-लाभकारी संगठन है।

नीदरलैंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में 70 देशों के एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। कश्मीर सिंह से पहले हेड कांस्टेबल संतोष शर्मा ने वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स में कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने फाइनल में जर्मनी की खिलाड़ी को 10-2 से हराया था।

Author profile
Sudesh Gaud
सुदेश गौड़

श्री सुदेश गौड़ मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, नई दुनिया, राष्ट्रीय सहारा सहित देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वे नवदुनिया भोपाल के संपादक भी रहे हैं। वर्तमान में वे प्रदेश के अग्रणी न्यूज़ पोर्टल मीडिया वाला के नेशनल हेड हैं।