2 BJP Candidate Declared : भाजपा ने बुधनी से भार्गव और विजयपुर से रावत को टिकट!  

दोनों को ही उपचुनाव में टिकट मिलना पहले से ही तय था!  

52

2 BJP Candidate Declared : भाजपा ने बुधनी से भार्गव और विजयपुर से रावत को टिकट!  

Bhopal : मध्यप्रदेश में होने वाले दो विधानसभा क्षेत्रों बुधनी और विजयपुर के उपचुनाव को लेकर भाजपा ने उम्मीदवार घोषित कर दिए। विदिशा लोकसभा सीट से सांसद रहे रमाकांत भार्गव को शिवराज सिंह चौहान की विधानसभा सीट से उम्मीदवारी दी गई। पार्टी ने जब शिवराज सिंह को विदिशा से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया था, तो रमाकांत भार्गव का टिकट काटना पड़ा था। अब उन्हें शिवराज की जगह बुधनी से टिकट देकर एडजस्ट किया गया है।

भाजपा ने श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से रामनिवास रावत को टिकट दिया है। इससे पहले भी रावत विजयपुर से कांग्रेस विधायक थे। लेकिन, वे कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में आ गए इसलिए विजयपुर विधानसभा सीट खाली हुई। विजयपुर विधानसभा सीट से विधायक रहे राम निवास रावत पहले ही कैबिनेट मंत्री का पद और उप चुनाव में यहां से पार्टी का टिकट देने के वादे के साथ ही भाजपा में आए थे। ऐसे में पार्टी का उन्हें टिकट देना तय था। उन्हें राज्य सरकार में वन मंत्री बनाया गया।

पहले से तय था टिकट

रमाकांत भार्गव को बुधनी विधानसभा सीट से भले ही शनिवार को टिकट देने की घोषणा हुई, लेकिन पहले से ही उन्हें टिकट मिलना तय था। पार्टी ने उन्हें पहले से ही आश्वस्त कर दिया था। इस वजह से उन्होंने टिकट घोषित होने से पहले ही चुनाव प्रचार की तैयारियां शुरु कर दी। रमाकांत भार्गव के चुनाव प्रचार वाहन की फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। रमाकांत भार्गव को शिवराज सिंह चौहान का भी करीबी माना जाता है। रमाकांत भार्गव कई बार शिवराज सिंह के चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।