3 Died After Drinking Taadi : धार के टांडा में ताड़ी पीने से 3 की मौत 13 बीमार!

देखिए, SP मनोज सिंह ने क्या बताया!

757

3 Died After Drinking Taadi : धार के टांडा में ताड़ी पीने से 3 की मौत 13 बीमार!

धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट

Dhar : टांडा में जहरीली ताड़ी पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला है। प्रभावित लोगों को धार, झाबुआ और अलीराजपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एसपी मनोज कुमार सिंह ने घटना जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में महिला थारी बाई पति इंदरसिंह (35 वर्ष) निवासी खेडली, नशरू पिता इंदरसिंह निवासी झाडमलिया और गज्या पिता मागल्या निवासी झाडमलिया हैं।

उन्होंने बताया टांडा में एक ही परिवार के लोग ताड़ी पीने के बाद अचानक बीमार हो गए, जिसमें अभी तक टीम की मौत होने की जानकारी मिली। इस परिवार के सदस्य तबीयत बिगड़ने पर देर शाम टांडा अस्पताल पहुंचे, जहां से सभी को सरदारपुर व अंत में जिला अस्पताल धार रेफर किया गया। यहां पर करीब 10 बजे रात में दो बच्चे, एक महिला सहित दो युवकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। स्थानीय पुलिस से मिली सूचना के बाद कोतवाली पुलिस टीम सहित सिविल सर्जन डॉ मालवीय अस्पताल पहुंच गए थे, जहां पर ताड़ी पीने के बाद भर्ती हुए ग्रामीणों से घटना को लेकर चर्चा की।

जानकारी के अनुसार टांडा थाने के तहत झाडमलिया निवासी ऐलसिंह पिता सुरसिंह के यहां पर महिला थारी बाई पति इंदरसिंह व नशरु पिता इंदर सिंह मेहमान आए थे। ये महिला और उसका बेटा नुक्ते का कार्यक्रम होने के चलते ग्राम खेरली से आए थे। इन लोगों ने ताड़ी पी। कुछ देर बाद अचानक सभी की तबियत बिगड़ी और वे बेहोश होने लगे। ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर नसरु को गांव से ग्राम बोरी लेकर गए थे, जहां पर नसरु को मृत घोषित कर दिया था। इधर ऐलसिंह, थारी बाई, हशरु की तबीयत बिगड़ने पर परिजन ही देर रात धार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

बताया गया कि मेहमान आने के कारण गांव से ही ताड़ी लेकर आए थे, जिसके तीन गिलास पीने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ी व उल्टी होने लगी। तबीयत खराब होने पर सभी लोग घर में ही लेटे हुए थे, कुछ देर बाद परिजन नसरु को बोरी लेकर गए थे, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। ताड़ी पीने से मनीषा पिता ऐलसिंह व छतरी पिता ऐलसिंह की भी तबीयत बिगड़ी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।

महिला की मौत झाबुआ में हुई

एसपी मनोज सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि महिला की मौत झाबुआ अस्पताल में हुई। इस घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है कि ताड़ी पीने से मौत कैसे हुई! पूरे मामले में 3 लोगों की मौत हुई है और 13 लोग इस में उल्टी दस्त के कारण बीमार हुए, जिनका इलाज चल रहा है। जहां ताड़ी बनाई गई वहां मौके से एक कीटनाशक दवा ‘स्ट्राइक’ का पाउच भी मिला है। जिस महिला की मौत हुई है, उसका स्टमक वाश कराया गया है। उसके सारे अवयवों को सुरक्षित रखा गया है जिसकी जांच कराई जा रही है ताकि घटना की वास्तविकता मालूम पड़े। मृतकों ही पीएम रिपोर्ट के बाद ही असलियत सामने आएगी।

देखिये वीडियो: क्या कह रहे हैं, एसपी मनोज सिंह-