

3 Injured in Violent Clash : लवकुश विहार में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, चिंटू चौकसे सहित 2 को जेल भेजा!
दोनों पक्षों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज, 6 आरोपी अभी फरार!
Indore : शनिवार देर रात भाजपा से जुड़े कपिल पाठक और कांग्रेस नेता एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे के भतीजे रोहन चौकसे के बीच हुई कहासुनी के बाद दोनों में मारपीट हुई जो बाद में बड़े विवाद में बदल गई। बात बढ़ गई और कांग्रेस-भाजपा दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर सरिए और फावड़े के साथ हमला करने लगे।
इस हिंसक झड़प में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि यह झगड़ा पानी का टैंकर हटाने की बात पर हुआ। विवाद के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर 3 को गिरफ्तार किया है। 6 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया गया। कपिल पाठक की शिकायत पर हीरानगर पुलिस ने चिंटू चौकसे और उनके सहयोगियों पर प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी के विरोध में थाने और एमवाय अस्पताल परिसर में नारेबाजी की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल में अतिरिक्त बल तैनात किया। पुलिस के अनुसार, घायल हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी गई। चिंटू चौकसे को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रवि प्रजापत और सुभाष यादव के साथ सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
इस घटनाक्रम से नाराज कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस कांग्रेस नेताओं के प्रति पक्षपाती व्यवहार कर रही है।