37 Cr Fine Will be Recovered : खनिज के अवैध उत्खननकर्ताओं से 37 करोड़ के अर्थदंड वसूली होगी! 

12 मामलों में अर्थदंड वसूली के लिए सख्ती की जाएगी, संपत्ति जब्ती और कुर्की भी होगी! 

377

37 Cr Fine Will be Recovered : खनिज के अवैध उत्खननकर्ताओं से 37 करोड़ के अर्थदंड वसूली होगी! 

Indore : खनिज के अवैध उत्खननकर्ताओं पर अर्थदंड की बकाया वसूली के लिए प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। खनिज के अवैध उत्खनन के 12 मामलों में रोपित अर्थदंड की 37 करोड़ 21 लाख 59 हजार 817 रुपए की वसूली होगी। इसके लिए संबंधित बकायेदारों की संपत्ति जब्त और कुर्क जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर आशीष सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि राशि की वसूली जल्द से जल्द करें। बकाया राशि जमा नहीं करने पर उनकी संपत्ति जब्त और कुर्क की जाए।

बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2014-15 से लेकर 2023-24 तक वर्तमान में 12 बकायेदारों पर 37 करोड़ 21 लाख 59 हजार 817 रुपये की अर्थदण्ड की राशि वसूली के लिए आरआरसी जारी की गई है। अवैध उत्खननकर्ता प्रतीक कौशल व अन्य पर 13 करोड़ 39 लाख 74 हजार रुपये 560, चेतन पिता अनिल पटवारी और कुणाल पिता मुकेश पटवारी पर 5 करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये, विजय जैन पर 4 करोड़ 70 लाख 75 हजार 280 रुपये वसूले जाएंगे।

इसके अलावा बाबो रियलकॉन एलएलपी पर 3 करोड़ 73 लाख 68 हजार रुपये, शंकरलाल खाती पर 3 करोड़ 21 लाख 42 हजार 500 रुपये, अनिल यादव पर 2 करोड़ 31 लाख 26 हजार 750 रुपये, सुधीर दांगी पर 2 करोड़ 30 लाख 61 हजार रुपये, दिनेश नागर पर एक करोड़ 18 लाख 57 हजार 500 रुपये, पंकज यादव पर 59 लाख 40 हजार रुपये, रितेश चंपू अजमेरा पर 32 लाख 66 हजार 460 रुपये, कुलदीप ठाकुर पर 28 लाख 5 हजार रुपये तथा राजेन्द्र खाती पर 5 लाख 22 हजार 822 रुपये की अर्थदण्ड की राशि की वसूली की जाना है।