
5 killed in Road Accident : खाटू श्याम के दर्शन करने जाते समय कार ट्रेलर से जा टकराई, MP के 5 श्रृद्धालुओं में से 4 की मौके पर मौत!
Jaipur : राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए जा रहें मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी 5 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा ग्रामीण के चाकसू इलाके में शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-52 पर हुआ। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक कार ट्रेलर से जा टकराई, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांचवें श्रद्धालु की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
मृतक सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वे राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए आ रहें थे। मिली जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं ने 1 दिन पहले उज्जैन में महाकाल के दर्शन किए थे और वहां से खाटू श्याम के लिए रवाना हुए थे। मंदिर पंहुचने से कुछ दूरी पहले ही यह हादसा हो गया।
नेशनल हाईवे-52 पर लगा लंबा जाम!
जानकारी के मुताबिक कार चालक को झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे ट्रेलर में जा घुसा। क्षेत्रीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की लेकिन पांचों की जान नहीं बचाई जा सकी। इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे-52 पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची!
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया गया। इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया। वहीं पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही हैं। इस दुर्घटना में अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव, राजेश राय के बेटे पीयूष राय, बबलू रजक के बेटे रजक राहुल और ड्राइवर अनुराग की मौत हुई। एक अन्य मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी हैं!





