5 New Road Projects : MP को 2300 करोड़ लागत की सड़क परियोजनाओं की सौगात

सड़कों और इससे जुड़ी अधोसंरचनाओं में आधुनिक तकनीकों का किया जाए इस्तेमाल

1214

Indore : केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में प्रदेश को लगभग 2300 करोड़ रुपए लागत की 5 सड़क परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी।

उन्होंने 119 किलोमीटर लंबी 5 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं वन-वे साइड एमिनिटी (One-Way Side Amenity) का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में सड़क परिवहन तथा राजमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए। यह कार्यक्रम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि स्वराज को सुराज में बदलना हमारा मिशन है। चौतरफा विकास हम सबकी महती जवाबदारी है। इंदौर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और समूचे देश में अधोसरंचनाओं का निर्माण तेजी से हो रहा है।

यह हमारा जनता के प्रति उत्तरदायित्व है। जनता ने जो हमे दिया है, वह हम उन्हें लौटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सड़कों के निर्माण और इससे जुड़े अधोसंरचनाओं तथा परिवहन संबंधी परियोजनाओं में नई और उन्नत तकनिकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे जहां लागत में कमी आ रही है, वहीं दूसरी ओर गुणवत्ता में भी सुधार हो रहा है।

उन्होंने आह्वान किया कि निर्माण की क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का भरपूर उपयोग किया जाए। इसके लिए जरूरी है कि विशेषज्ञों की मदद ली जाए, बेस्ट प्रेक्टिसेस का अध्ययन किया जाए।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण सुधार की ओर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। प्रदूषण से मुक्ति के लिए वाहनों में ईंधन के गैर परम्परागत स्रोत का उपयोग किया जाना चाहिए। इससे जहां एक और सस्ता ईधन प्राप्त होगा, वहीं दूसरी और पर्यावरण सुधरेगा तथा यात्रियों की भी कम किराया देना होगा।

WhatsApp Image 2022 08 01 at 5.32.44 PM

इसके लिए इलेक्ट्रिक, बायो गैस, बायो डीजल, ग्रीन हाईड्रोजन, बायो मिथेनॉल आदि गैर पारम्परिक स्त्रोतों से संचालित वाहनों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब तेजी से दुनिया बदल रही है तो ऐसे वक्त में ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी तेजी से बदलना होगा। किसान को ऊर्जा दाता बनाना होगा। यह प्रयास करने की जरूरत है कि हम ऊर्जा का आयात करने वाला देश नहीं बल्कि निर्यात करने वाला देश बनाए। नए विजन के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा सड़कों और इससे जुड़ी अधोसरंचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है। प्रदेश में भी इस दिशा में तेजी से काम हो रहे हैं।

2014 के बाद अकेले मध्यप्रदेश में ही ढाई लाख करोड़ रूपए लागत के कार्य स्वीकृत, निर्मित तथा प्रगतिरत है। हमारा लक्ष्य है कि इसे बढ़ाकर 2024 तक 4 लाख करोड़ रूपए कर दिए जाएंगे।

उन्होंने मुख्यमंत्री के आग्रह पर मध्यप्रदेश में सड़क संबंधी विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणाएं की। इसमें प्रमुख रूप से 20 फ्लाईओवर को मंजूर करने तथा 14 जगहों पर रोप-वे संबंधी कार्य भी शामिल है।

विकास तथा प्रगति चमत्कार से कम नहीं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गौरवशाली, वैभवशाली तथा समृद्धशाली देश का निर्माण हो रहा है। देश में हो रही विकास तथा प्रगति के कार्य किसी चमत्कार से कम नहीं है।

अकल्पनीय चहुमुखी विकास और प्रगति हो रही है। मध्यप्रदेश में भी विजन के साथ कार्य किए जा रहे है। केंद्र शासन से भरपूर सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि इंदौर विकास का इंजन है। आने वाले दस सालों में यह शहर बैंगलोर और हैदराबाद को पीछे छोड़ देगा।

WhatsApp Image 2022 08 01 at 5.32.45 PM

इंदौर मेरे सपनों का शहर का है। इसके विकास में कोई कोर-कसर नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा सपना है कि परिवहन सेवा के लिए अब आसमान का उपयोग भी किया जाए।

इसके लिए उन्होंने इंदौर में केबल कार के संचालन और पार्किंग के लिए मल्टीलेवल प्लाजा बनाने तथा बस पोर्ट की आवश्यकता भी बताई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के पिछड़े हुए चम्बल जैसे बीहड़ क्षेत्र के विकास का काम भी केन्द्र सरकार के सहयोग से हाथ में लिया गया है। इससे प्रगति के नए आयाम स्थापित होंगे।

उद्योग, व्यापार तथा रोजगार बढ़ेगा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के 52 जिले नेशनल हाईवे से जुड़ गए हैं। केन्द्र सरकार से प्रयासों से यात्रियों को अब बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। इंदौर की भी चौतरफा कनेक्टिविटी हो रही है। सड़कों का तेजी से विकास हो रहा है।

इससे परिवहन सुधार में तो फायदा मिलेगा ही, वहीं दूसरी ओर धार पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। सड़कों के निर्माण से उद्योग, व्यापार तथा रोजगार बढ़ेगा। कार्यक्रम को प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण देते सांसद शंकर लालवानी ने दिया।

आधारभूत ढांचे की तस्वीर बदलेगी

लगभग 2300 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनने वाली इन सड़क परियोजनाओं से प्रदेश में आधारभूत ढांचे की तस्वीर बदलेगी। सड़क तंत्र के मजबूत होने से उद्योगों के विकास को नई दिशा मिलेगी और उद्यमी प्रदेश में और अधिक निवेश के लिए आगे आएंगे। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस कार्यक्रम में 5 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं वन-वे साइड एमिनिटी का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में इंदौर खलघाट खंड एनएच-3 मॉडल पर वन वे साइड एमिनिटी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।

जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें मुख्य रूप से इंदौर शहर में तेजाजी नगर से बलवाडा (इंदौर-बुरहानपुर खंड एनएच-347बीजी) पर 4 लेन का निर्माण कार्य, इंदौर राघोगढ़ (इंदौर हरदा खंड एनएच-47) पर 4 लेन का निर्माण कार्य, राऊ सर्कल (इंदौर) के 6 लेन फ्लाईओवर, डीपीएस-राऊ सर्कल (इंदौर) पर 6 लेन पर सर्विस रोड का पुनः निर्माण एवं तेजाजी नगर से बलवाडा खंड (एनएच-3478जी) पर मौजूदा सड़क का सुदढीकरण कार्य शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में सड़क अधोसरंचनाओं के विकास संबंधी कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नीरज मंडलोई ने परियोजनाओं की जानकारी दी।