5G in Mahakal Lok : महाकाल लोक में 5G शुरू, भक्तों को फ्री डेटा भी मिलेगा!

528

5G in Mahakal Lok : महाकाल लोक में 5G शुरू, भक्तों को फ्री डेटा भी मिलेगा!

उज्जैन से सुधीर नागर की रिपोर्ट

Ujjain : देशभर से महाकाल मंदिर आने वाले भक्तों के लिए अच्छी खबर यह है कि महाकाल लोक परिसर में 5G नेटवर्क सेवा की सौगात मिल गई है। मंदिर के करीब 300 मीटर क्षेत्र में यह नेटवर्क काम करेगा। महाकाल लोक परिसर में दर्शनार्थियों को 1 GB डेटा मुफ्त भी मिलेगा। Wi FI से कालिंग सुविधा भी मिलेगी। सीएम शिवराज ने बुधवार को प्रदेश में सबसे पहले उज्जैन के महाकाल लोक के दायरे में 5जी सेवा शुरू की। गुड गवर्नेंस के लिए 5जी सेवा का उपयोग करेगी।

WhatsApp Image 2022 12 14 at 8.20.05 PM
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को जियो की 5 जी नेटवर्क सेवा शुरू की। इस मौके पर सीएम ने कहा यह विकास और गति के लिए ऐतिहासिक दिन है। ये केवल मोबाइल सेवा नहीं, एक क्रांति है। इसका उपयोग सरकार गुड गवर्नेंस के लिए करेगी। इसके साथ ही उज्जैन प्रदेश का पहला ऐसा शहर बन गया है जहां, यह नेटवर्क काम करने लगा है। इसके बाद प्रदेश के अन्य शहरों में यह नेटवर्क शुरू हो सकेगा।


जियो का 5जी नेटवर्क मध्य प्रदेश में सबसे पहले महाकाल नगरी से शुरू हो गया है। महाकाल लोक परिसर के अंतर्गत त्रिवेणी संग्रहालय परिसर में बुधवार शाम सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 5जी सेवा शुरू की। समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव, विधायक बहादुरसिंह चौहान, महापौर मुकेश टटवाल, बहादुर सिंह बोरमुंडला भी उपस्थित थे।रिलायंस जियो के सीईओ अमिताभ भाटिया भी मौजूद थे। जियो के अधिकारियों ने बताया कि 5जी सेवा की सुविधा 4जी नेटवर्क के साथ ही मिलेगी।

अब साइकिल नहीं होगी गायब
इस मौके पर उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की सड़कों से विद्यार्थियों को दी जाने वाली साइकिल गायब नहीं होगी। क्योंकि, सरकार वाउचर जारी करेगी। सीएम ने कहा सरकार पहले स्कूली बच्चों को साइकिल देती थी। बाद में उनके खाते में पैसा देने लगी, लेकिन इससे साइकिल ही गायब होने लगी। क्योंकि बच्चों के पिता उसे और कहीं खर्च करने लगे थे। अब हम साइकिल और कृषि उपकरणों के लिए वाउचर देंगे। इससे इस राशि से साइकिल या जिस उपकरण के लिए राशि दी गई है वही खरीदी जा सकेगी।

मुंबई में दिया था शिवराज ने सुझाव
सीएम बोले हमारा देश हर दिशा में प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा आत्मनिर्भर भारत तो आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश। 19.7 फीसदी की सबसे ज्यादा विकास दर है अपने प्रदेश की। दुनिया का सबसे अच्छा राज्य मध्यप्रदेश बने, यह महाकाल भगवान से प्रार्थना है। इस सेवा के कारण एक नई ऊर्जा और ताकत मिली है। मैं मुंबई गया था, ग्लोबल सबमिट की तैयारी के लिए गया था, तब सुझाव दिया था
महाकाल लोक से 5जी सेवा शुरू करने का। इससे अब कृषि के कई काम में ड्रोन का उपयोग कर सकेंगे। बेहतर इलाज के लिए मुंबई या बाहर जाने की जरूरत नहीं। बड़े से बड़ा डॉक्टर आपका इलाज गांव में ही कर सकेगा। स्मार्ट क्लास के जरिए बच्चों को विशेषज्ञ यहीं मिल सकेंगे। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भी गति मिल सकेगी। लाखों नए रोजगार के अवसर मिलेंगे। आईटी सेक्टर में भी क्रांति आएगी। इस सेवा का उपयोग गुड गवर्नेंस के लिए करेंगे। साइबर क्राइम रोकने में भी मदद मिलेगी। प्रदेश को और शांति का टापू बना सकेंगे।

सीएम पहले संत समागम में पहुंचे
सीएम शिवराज शाम करीब 5 बजे नागझिरी स्थित हेलीपैड पर उतरे। यहां से वे सीधे चारधाम मंदिर परिसर में आयोजित संत समागम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने चारधाम मंदिर में द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर अभिषेक पूजन-अर्चन और आरती की। बाल ब्रह्मचारी त्यागमूर्ति अखंडानंद जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण किया। युगपुरुष परमानंद जी महाराज से भेंट की। साध्वी ऋतम्भरा, महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद सहित साधु संतों का सम्मेलन में समागम हुआ। संत समागम सम्मेलन में सीएम ने कहा बिनु सत्संग बिबेक न होई, और राम कृपा बिनु सुलभ न होई। उन्होंने सभी संतों को नमन किया और युगपुरुष परमानंद जी से आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ यादव, विधायक पारस जैन, राजपाल सिंह सिसोदिया, विशाल राजोरिया भी मौजूद थे।

एक हजार एमबीपीएस की मिलेगी स्पीड
रिलायंस जियो के सीईओ अमिताभ भाटिया ने कहा पिछले नवंबर माह में सीएम ने घोषणा की थी जो अब पूरी हो रही है। मध्यप्रदेश में 5 करोड़ 40 लाख मोबाइल धारक हैं। 26 करोड़ से ज्यादा का निवेश मध्यप्रदेश में जियो ने किया है। 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी पांच माह पहले ही हुआ है। मध्य प्रदेश के सभी शहरों को जोड़ा जाएगा। सबसे महंगा स्पेक्ट्रम रिलायंस के पास है। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को नई टेक्नोलॉजी से जोड़ सकेंगे। इससे 1000 एमबीपीएस स्पीड लोगों को मिलेगी। इससे नेटवर्क की दिक्कत भी दूर होंगी। महाकाल लोक में वाईफाई से कालिंग सुविधा भी मिलेगी।

अंबानी का आभार माना
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने इस मौके पर उद्योगपति मुकेश अंबानी का आभार माना, कहा उन्होंने मध्यप्रदेश में 5जी सेवा शुरू करने के लिए सबसे पहले महाकाल मंदिर परिसर के महाकाल लोक को चुना। इससे शहर के विकास को भी रफ्तार मिल सकेगी।