
वित्त मंत्री के नाम पर 6 लाख की ठगी; फेसबुक वीडियो से बुना जाल
रायपुर: राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग और दोगुने मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 6 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने सोशल मीडिया पर देश की वित्त मंत्री के नाम का सहारा लेकर निवेश की फर्जी स्कीम का प्रचार किया, जिसके झांसे में आकर पीड़ित ने अपनी जमा पूंजी गंवा दी।
टिकरापारा पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल के साथ जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ नगर निवासी 55 वर्षीय पुखराज साहू (मार्बल आर्ट गैलरी संचालक) ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2025 में उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो देखा था। इस वीडियो में केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम का उपयोग कर बेरोजगारों को प्रतिदिन 1-2 हजार रुपए कमाने का लालच दिया जा रहा था। रजिस्ट्रेशन करते ही अनीष माथुर नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और निवेश के नाम पर पैसे ऐंठना शुरू किए। ठगों ने पीड़ित को भरोसे में लेने के लिए पहले 21 हजार रुपए शुरुआती निवेश के तौर पर जमा कराए। इसके बाद व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड (QR Code) भेजकर अलग-अलग किश्तों में 1.50 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। जालसाजों ने यहीं बस नहीं किया, बल्कि शेयर मार्केट और सोने के बढ़ते दामों का हवाला देकर 4.50 लाख रुपए आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से अपने खाते में डलवा लिए। जब रकम वापस मिलने का समय आया, तो ठगों ने और निवेश का दबाव बनाना शुरू किया, जिससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री को ट्रैक करना शुरू कर दिया है। साइबर एक्सपर्ट्स उस फेसबुक लिंक की जांच कर रहे हैं जिसके जरिए यह फर्जी वीडियो चलाया जा रहा था। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक कर अपनी वित्तीय जानकारी साझा न करें।





