8% Less Voting in Indore : इंदौर में अनुमान से ज्यादा 61.75% मतदान, पिछले चुनाव से 8% कम!

इसका कारण मौसम का अड़ंगा, चुनाव की रोचकता में कमी और लांग वीकेंड! 

383

8% Less Voting in Indore : इंदौर में अनुमान से ज्यादा 61.75% मतदान, पिछले चुनाव से 8% कम!

Indore : कांग्रेस के उम्मीदवार के मैदान से हटने से इंदौर सीट के लोकसभा चुनाव में रोचकता नहीं बची थी। इस वजह से अनुमान लगाया गया था कि मतदान पिछले चुनाव के मुकाबले कम होगा, जो सही निकला। फिर भी मतदान का जो आंकड़ा (61.75) सामने आया वो अनुमान से कहीं ज्यादा माना जा सकता है। यदि मौसम नहीं बिगड़ता तो ये आंकड़ा इससे आगे बढ़ सकता था। दोपहर में गर्मी के कारण मतदाता घर से नहीं निकले और 4 बजे से बारिश और ओले ने मतदाताओं को रोक दिया।

इस बार मतदान का आंकड़ा पिछली बार से करीब 8% कम रहा। शाम 6 बजे तक 61.75% मतदान हुआ। जबकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में यह आंकड़ा 69% था। इंदौर संसदीय क्षेत्र के 2526803 मतदाताओं में से करीब साढ़े 15 लाख ने मतदान किया। कांग्रेस के उम्मीदवार के चुनाव से हट जाने और नोटा में वोट डालने को प्रचारित करने से भी मतदान पर असर पड़ा है। इसके अलावा लगातार तीन दिन छुट्टी और मौसम ने बदलाव ने भी मतदान पर असर डाला।

इस बार का मतदान प्रतिशत 2014 के आंकड़े (62.25) पर आ गया। जबकि, पिछली बार 2019 में 69.56% रहा था। तब 1629595 वोट डले थे। इसमें भाजपा प्रत्याशी को 10 लाख 68 हजार 569 और कांग्रेस उम्मीदवार को 5 लाख 20 हजार 815 वोट मिले थे। भाजपा प्रत्याशी ने 5 लाख से ज्यादा वोटों से पिछला चुनाव जीता था। इस बार साढ़े 15 लाख मतदान हुआ। अब यह अनुमान लगाया जा रहा है, कि इसमें से ‘नोटा’ में कितने गए होंगे और भाजपा प्रत्याशी कितने वोटों से जीतेगा।

तेज धूप और गर्मी के कारण भी लोगों की भीड़ दोपहर में नजर नहीं आई। उम्मीद थी कि धूप कम होने पर शाम को 4 बजे बाद लोग मतदान के लिए निकलेंगे। लेकिन, शाम को शहर में जोरदार बारिश शुरू हो गई। गर्मी और फिर बारिश ने दोपहर और शाम के मतदान को ज्यादा प्रभावित किया।